मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना पर NHRC का कड़ा रुख, बसों की सुरक्षा रिपोर्ट के साथ पंजाब के मुख्य सचिव तलब
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना की बसों में सुरक्षा खामियों पर कड़ा रुख अपनाया है। आयोग ने ...और पढ़ें

तरनतारन में हुए दुर्घटना का दृश्य। (File Photo)
रोहित कुमार, चंडीगढ़। पंजाब सरकार की मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत संचालित यात्री और स्लीपर बसों की सुरक्षा को लेकर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने सख्त रुख अपनाया है। बसों में सुरक्षा मानकों के कथित उल्लंघन और यात्रियों की जान को खतरे में डालने वाली व्यवस्थाओं की शिकायत पर आयोग ने पंजाब के मुख्य सचिव को व्यक्तिगत रूप से पेश होने के लिए सशर्त समन जारी किया है।
मुख्य सचिव को सात दिसंबर को सुबह 11 बजे नई दिल्ली स्थित मानवाधिकार भवन में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। उन्हें मामले में अब तक की गई कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट और संबंधित दस्तावेज भी प्रस्तुत करने होंगे।
आयोग के समक्ष नेटवर्क फॉर ऑटो जस्टिस एंड मल्टीडिसिप्लिनरी आउटरीच फाउंडेशन की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई थी।
यह भी पढ़ें- तरनतारन बस हादसा: बाइक सवार को बचाने में गई थी 5 की जान, अब ड्राइवर पर केस दर्ज; पोस्टमार्टम के बाद घर भेजे गए शव
बसों की मोडिफिकेशन पर उठा सवाल
शिकायत में आरोप लगाया गया कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत तैनात बसों में अनधिकृत स्टील मॉडिफिकेशन, विभाजन और दरवाजों में बदलाव किए गए हैं। इन बदलावों के कारण ड्राइवर और यात्रियों के बीच संपर्क बाधित हो सकता है।
इसके अलावा आपात स्थिति में यात्रियों को बस से सुरक्षित बाहर निकालने में भी देरी हो सकती है। शिकायतकर्ता ने विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के उन यात्रियों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया, जो सरकार की इस कल्याणकारी योजना के तहत यात्रा करते हैं।
यह भी पढ़ें- पंजाब के तरनतारन में मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा की बसों की भीषण टक्कर, 4 की मौत; कई घायल
पहले भी सामने आया था मामला
आयोग ने अपने आदेश में कहा है कि यह मामला पहली बार उसके संज्ञान में नहीं आया है। इससे पहले भी 22 अक्टूबर 2015 को एक अन्य मामले में यात्री और स्लीपर बसों में सुरक्षा संबंधी गंभीर खामियों तथा घातक दुर्घटनाओं का संज्ञान लिया गया था।
उस मामले में भी बसों के भीतर ऐसी कमियां सामने आई थीं, जिनसे आपात स्थिति में ड्राइवर तक पहुंचने और यात्रियों को समय पर बाहर निकालने में बाधा पैदा हो सकती थी। आयोग ने इस संबंध में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, सीआईआरटी पुणे और पंजाब सरकार के संबंधित अधिकारियों को भी अवगत कराया था।
सरकारी लापरवाही पर NHRC सख्त
आयोग की 23 अक्टूबर 2006 की कार्यवाही का उल्लेख करते हुए आदेश में कहा गया है कि पंजाब के मुख्य सचिव और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के सचिव को बसों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, तत्काल निरीक्षण कराने और कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद आयोग को अब तक प्रभावी सुधारात्मक कदमों और अनुपालन की संतोषजनक रिपोर्ट नहीं मिली है।
आयोग ने टिप्पणी की है कि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना राज्य सरकार और संबंधित नियामक एजेंसियों की जिम्मेदारी है। सरकारी कल्याणकारी योजना के तहत यात्रा करने वाले लोगों की जान और सुरक्षा को प्रशासनिक औपचारिकता के भरोसे नहीं छोड़ा जा सकता। पहले से सुरक्षा संबंधी शिकायतों और निर्देशों के बावजूद कार्रवाई की जानकारी नहीं मिलना गंभीर चिंता का विषय है।
मुख्य सचिव को रिकॉर्ड सहित बुलाया
अब मुख्य सचिव को बसों के निरीक्षण की रिपोर्ट, योजना के तहत संचालित बसों का विवरण, अनिवार्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की स्थिति, नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ की गई कार्रवाई और भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने के लिए उठाए गए कदमों का ब्योरा देना होगा।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि यदि मुख्य सचिव की ओर से निर्धारित समय पर पूरी कार्रवाई रिपोर्ट और संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत कर दिए जाते हैं, तो उनकी व्यक्तिगत पेशी से छूट दी जा सकती है।
यह भी पढ़ें- अफरीदी के निर्वासन के बाद पंजाब पुलिस का एक्शन, पांच गुर्गे गिरफ्तार; 11 अवैध पिस्तौल और 191 कारतूस बरामद
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।