Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पादरी बजिंदर सिंह को मोहाली कोर्ट से झटका, यौन उत्पीड़न मामले में दोषी करार; एक अप्रैल को सुनाई जाएगी सजा

    पादरी बजिंदर सिंह (Pastor Bajinder Singh) को मोहाली कोर्ट ने 2018 के यौन उत्पीड़न मामले में दोषी करार दिया है। इस मामले में एक अप्रैल को सजा का एलान किया जाएगा। बता दें कि जालंधर के ताजपुर में चर्च ऑफ ग्लोरी एंड विजडम चलाने वाले 42 वर्षीय बजिंदर सिंह पर एक 22 वर्षीय महिला ने भी यौन शोषण का आरोप लगाया है जिसकी जांच चल रही है।

    By Agency Edited By: Nitish Kumar Kushwaha Updated: Fri, 28 Mar 2025 03:27 PM (IST)
    Hero Image
    पादरी बजिंदर सिंह को यौन उत्पीड़न मामले में दोषी करार दिया गया है। फाइल फोटो

    एएनआई, चंडीगढ़। पादरी बजिंदर सिंह (Pastor Bajinder Singh) को यौन उत्पीड़न मामले में दोषी करार दिया गया है। मोहाली कोर्ट ने 2018 के यौन उत्पीड़न मामले में पादरी बजिंदर सिंह को दोषी ठहराया है। इस मामले में एक अप्रैल को सजा का एलान किया जाएगा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    अप्रैल 2018 में दर्ज हुआ था केस

    बजिंदर सिंह (Pastor Bajinder Singh) पर 2018 में एक 35 वर्षीय महिला ने दुष्कर्म का आरोप लगाया था। पीड़िता का दावा है कि पादरी बजिंदर सिंह ने मोहाली स्थित अपने घर पर उसके साथ बलात्कार किया और इस घटना को रिकॉर्ड कर उसे ब्लैकमेल करने की धमकी दी।

    यह भी पढ़ें- 'चर्च में गलत तरीके से छूता...', NCW के सामने महिला ने बताई 'यशू-यशू' वाले पादरी बजिंदर की करतूत

    शिकायत के मुताबिक, अप्रैल 2018 में पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर पुलिस में शिकायत दर्ज की थी, जिसके बाद सिंह फरार हो गए थे। बाद में उन्हें दिल्ली हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया गया, जब वह लंदन भागने की कोशिश कर रहे थे।

    बता दें कि सोमवार को बजिंदर सिंह अदालत में पेश हुआ था, जहां दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया था। शुक्रवार (28 मार्च) को सुनवाई के दौरान अदालत ने उसे दोषी ठहराया और 1 अप्रैल को सजा सुनाने की तारीख तय की।

    जीरकपुर पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर पादरी समेत 7 लोगों (अकबर भट्टी, राजेश चौधरी, सुच्चा सिंह, जतिंदर कुमार, सितार अली और संदीप उर्फ पहलवान) के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इन पर आईपीसी की धारा 376, 420, 354, 294, 323, 506, 148 और 149 के तहत केस दर्ज किया गया था। इ

    जालंधर में भी दुष्कर्म का मामला

    बता दें कि कुछ दिन पहले भी बजिंदर सिंह (Bajinder Singh) पर जालंधर में एक अन्य 22 वर्षीय महिला ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था, जिसका मामला भी कानूनी प्रक्रिया में है। हाल ही में वायरल हुए एक वीडियो में पादरी बजिंदर सिंह को अपने ऑफिस में एक महिला और कर्मचारियों के साथ मारपीट करते हुए देखा गया था।

    मोहाली पुलिस ने इस दुष्कर्म मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने हाल ही में इस मामले में मुल्लांपुर पुलिस स्टेशन में अपना बयान दर्ज कराया था। इस मामले को लेकर पंजाब राज्य महिला आयोग और राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने सख्त रुख अपनाया है।

    एनसीडब्ल्यू ने पंजाब पुलिस से त्वरित कार्रवाई की मांग की है और पीड़िता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, बजिंदर सिंह के समर्थक उन्हें निर्दोष बताते हुए इसे साजिश करार दे रहे हैं, जबकि आलोचक उन्हें अंधविश्वास फैलाने वाला और महिलाओं के खिलाफ अपराधी ठहरा रहे हैं।

    बजिंदर सिंह के यूट्यूब पर 37 लाख से ज्यादा सब्सक्राइबर

    बजिंदर सिंह, जो जालंधर के ताजपुर में ‘चर्च ऑफ ग्लोरी एंड विजडम’ और मोहाली के माजरी में चर्च चलाते हैं, अपने चमत्कारी दावों और धार्मिक सभाओं के लिए जाने जाते हैं। उनके यूट्यूब चैनल पर 37 लाख से अधिक सब्सक्राइबर हैं। हालांकि, अब उनके खिलाफ बढ़ते कानूनी मामले और सार्वजनिक विवाद उनकी छवि को धूमिल कर रहे हैं।

    यह भी पढ़ें- पहले थप्पड़ मारा फिर गला पकड़ा, दुष्कर्म के आरोप के बाद पादरी बजिंदर सिंह ने महिला से की शर्मनाक हरकत; वीडियो वायरल