Parkash Singh Badal: हरी सब्जी और तवे की रोटी के शौकीन थे बादल, भोजन के बाद आराम करना करते थे पसंद
Parkash Singh Badal प्रकाश सिंह बादल खाना खाने के बाद कुछ समय आराम करना पसंद करते थे। यह खुलासा करते हैं स्थानीय सीनियर अकाली लीडर कपूर चंद बंसल। उन्ह ...और पढ़ें

चंडीगढ़, जागरण संवाददाता। दिग्गज अकाली लीडर प्रकाश सिंह बादल को खाने में हरी सब्जियां और तवे की रोटी पसंद थी। यह खुलासा करते हैं स्थानीय सीनियर अकाली लीडर कपूर चंद बंसल। बादल जब भी समाना आए तो वह बंसल के घर अवश्य गए और खाना भी वहीं खाया। समाना नगर कौंसिल के दो बार प्रधान रह चुके बंसल बताते हैं कि बादल वैष्णो खाना ही पसंद करते थे। जब वह हमारे घर आते थे तो हमारा परिवार का हर सदस्य बहुत खुश होता था।
प्रकाश सिंह बादल खाना खाने के बाद कुछ समय आराम करना पसंद करते थे और उसके बाद हमारे परिवार के सदस्यों और शहर के लोगों से भी बातें करते थे। जब भी बादल हमारे घर में होते थे तो इनके सुरक्षा कर्मचारी इनके साथ नहीं होते थे। वो हमारे घर से बाहर ही इनका इंतजार करते थे।
राजा नरिंदर सिंह को भाई समान मानते थे बादल
मित्रता निभाना कोई पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल से सीखे। जिन्होंने किसी को एक बार अपना कह दिया तो अंत तक उसके साथ मित्रता निभाई। उक्त विचार पूर्व अकाली मंत्री रहे स्व. राजा नरिंदर सिंह के करीबी रहे गुरदयालइंद्र सिंह बिल्लू ने साझा किए। उन्होंने बताया कि बादल राजा नरिंदर सिंह को अपने बड़े भाई जैसा स्नेह देते थे। पहली बार पंजाब का मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल को बनाने के लिए राजा नरिंदर सिंह समेत दो अन्य वरिष्ठ नेताओं ने अहम भूमिका निभाई थी।
जेल में भी नहीं छोड़ा साथ
बादल ने राजा नरिंदर सिंह के साथ लुधियाना की मॉडर्न जेल में साल 1972 में धर्ममोर्चा के तहत जेल काटी थी। जीएस बिल्लू ने बताया कि जब भी प्रकाश सिंह बादल का नाभा आना होता था तो वह राजा नरिंदर सिंह के निवास स्थान पर जरूर आते थे। साल 2012 में नाभा आरक्षित होने के बाद राजा नरिंदर सिंह के कहने पर बलवंत सिंह शाहपुर को नाभा से पार्टी का टिकट दिया था।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।