राहुल गांधी से मिले पंजाब कांग्रेस के नए 'कप्तान' परगट सिंह, 2027 के चुनाव और गुटबाजी खत्म की रणनीति हुई तैयार
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह ने राहुल गांधी से मुलाकात कर संगठन मजबूत करने और 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों ...और पढ़ें

राहुल गांधी से भेंट करते हुए पंजाब कांग्रेस के नए प्रधान परगट सिंह।
HighLights
राहुल गांधी से मिलकर पंजाब कांग्रेस की रणनीति पर चर्चा।
2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देने पर जोर।
पार्टी में गुटबाजी खत्म कर संगठन को मजबूत करने का लक्ष्य।
डॉ. सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस के नए अध्यक्ष परगट सिंह ने सोमवार को नई दिल्ली में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से मुलाकात की। प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने के बाद राहुल गांधी के साथ उनकी यह मुलाकात पंजाब कांग्रेस की आगे की रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। मुलाकात के दौरान पंजाब में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देने को लेकर चर्चा हुई।
परगट सिंह ने मुलाकात के बाद कहा कि राहुल गांधी से मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने पंजाब और पंजाब के लोगों के मुद्दों के प्रति राहुल गांधी की प्रतिबद्धता और मार्गदर्शन के लिए उनका आभार जताया।
उन्होंने कहा कि पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और पंजाब के लोगों की सामूहिक ताकत के साथ कांग्रेस संगठन को और मजबूत करने के लिए पूरी मेहनत की जाएगी।
यह भी पढ़ें- पंजाब कांग्रेस के नए बॉस की 'दिल्ली दौड़', पद संभालने से पहले दिग्गजों का आशीर्वाद जुटा रहे परगट सिंह
गुटबाजी खत्म करना लक्ष्य
परगट के अध्यक्ष बनने के बाद कांग्रेस ने अब 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को सक्रिय करने की कवायद तेज कर दी है। प्रदेश नेतृत्व के सामने सबसे बड़ी चुनौती अलग-अलग गुटों के बीच समन्वय बनाकर पार्टी को चुनावी मोर्चे पर एकजुट करना है। राहुल गांधी के साथ मुलाकात को इसी रणनीतिक कवायद की कड़ी के रूप में देखा जा रहा है। आने वाले दिनों में परगट सिंह के पंजाब दौरे और वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठकों का दौर भी तेज होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें- हाई कोर्ट के CBI जांच के आदेश पर सुप्रीम कोर्ट जाएगी पंजाब सरकार, कैश फॉर ट्रांसफर के आरोपों से गरमाई सियासत
कल संभाल सकते हैं पदभार
दूसरी तरफ चंडीगढ़ में पंजाब कांग्रेस में नए प्रदेश प्रधान के तौर पर परगट सिंह की ताजपोशी की तैयारियां शुरू हो गई हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, 6 अक्टूबर मंगलवार को चंडीगढ़ स्थित पंजाब कांग्रेस भवन में परगट सिंह औपचारिक रूप से प्रदेश कांग्रेस की कमान संभाल सकते हैं।
खास बात यह होगी कि पदभार ग्रहण समारोह में पंजाब कांग्रेस के लगभग सभी प्रमुख नेताओं को एक मंच पर लाने की तैयारी है। प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट के भी कार्यक्रम में शामिल होने की पूरी उम्मीद है। राजा वड़िंग के बाद परगट सिंह को प्रदेश कांग्रेस की कमान सौंपे जाने के बाद पार्टी के लिए यह कार्यक्रम केवल पदभार ग्रहण करने तक सीमित नहीं रहेगा।
