'गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर खुले करतारपुर कॉरिडोर', मुख्यमंत्री मान ने प्रधानमंत्री मोदी को लिखा पत्र
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने प्रधानमंत्री से गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर करतारपुर साहिब कॉरिडोर दोबारा खोलने की ...और पढ़ें

पाकिस्तान स्थित गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब। (फाइल फोटो)
HighLights
मुख्यमंत्री मान ने प्रकाश पर्व पर कॉरिडोर खोलने की अपील की।
सिख संगत की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करने की मांग।
सुरक्षा कारणों से करतारपुर कॉरिडोर यात्रा फिलहाल स्थगित है।
रोहित कुमार, चंडीगढ़। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर दोबारा खोलने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नानक नाम लेवा संगत रोजाना उन गुरुद्वारों के खुले दर्शन-दीदार के लिए अरदास करती है, जिनसे देश के बंटवारे के बाद वह बिछुड़ गई थी।
संगत की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए पंजाब विधानसभा में भी कॉरिडोर खोलने के समर्थन में प्रस्ताव पारित किया जा चुका है। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री सिख संगत की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए जल्द ही कॉरिडोर दोबारा खोलने की घोषणा करेंगे। उन्होंने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर यह घोषणा संगत के लिए विशेष महत्व रखेगी।
वहीं, आम आदमी पार्टी के विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने भी केंद्र सरकार से करतारपुर साहिब का लांघा दोबारा खोलने की मांग की है। उन्होंने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के मौके पर संगत की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए केंद्र सरकार को कॉरिडोर खोलने की पहल करनी चाहिए। धालीवाल ने संगत की उस भावना को सामने रखा, जिसके तहत श्रद्धालु लंबे समय से पाकिस्तान स्थित गुरुद्वारा श्री दरबार साहिब के दर्शन की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें- 'गैंगस्टर को BJP दे रही पनाह', अरविंद केजरीवाल को जान से मारने की धमकी पर CM भगवंत मान का आया रिएक्शन

मुख्यमंत्री भगवंत मान और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। (फाइल फोटो)
पहलगाम हमले के बाद से बंद है कॉरिडोर
श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर भारत के गुरदासपुर जिले के डेरा बाबा नानक को पाकिस्तान के नारोवाल जिले में स्थित गुरुद्वारा श्री दरबार साहिब से जोड़ता है। भारत और पाकिस्तान के बीच 24 अक्टूबर 2019 को कॉरिडोर के संचालन को लेकर समझौता हुआ था। नौ नवंबर 2019 को इसका उद्घाटन किया गया था। इस रास्ते से भारतीय श्रद्धालुओं को बिना वीजा गुरुद्वारा साहिब के दर्शन करने की सुविधा मिली थी।
कॉरिडोर पहले कोरोना महामारी के कारण 16 मार्च 2020 को बंद किया गया था। करीब 20 महीने बाद 17 नवंबर 2021 को इसे दोबारा खोल दिया गया। इसके बाद श्रद्धालु नियमित रूप से करतारपुर साहिब के दर्शन के लिए जाने लगे थे। हालांकि, 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ने पर सात मई 2025 से भारत की ओर से कॉरिडोर की यात्रा फिर स्थगित कर दी गई।
यह भी पढ़ें- पाकिस्तान की नापाक चाल.... पंजाब के सीएम भगवंत मान को वीजा देने पर कर रहा विचार
सुरक्षा कारणों से फिलहाल बहाली नहीं
केंद्र सरकार संसद में स्पष्ट कर चुकी है कि मौजूदा सुरक्षा स्थिति के कारण करतारपुर कॉरिडोर की सेवाएं फिलहाल निलंबित रहेंगी। विदेश मंत्रालय के अनुसार, सरकार को सिख धार्मिक संगठनों और अन्य संस्थाओं की ओर से कॉरिडोर दोबारा खोलने के लिए आग्रह मिले हैं, लेकिन सुरक्षा स्थिति को देखते हुए अभी यात्रा बहाल करना संभव नहीं है।
दूसरी ओर, पाकिस्तान ने भी नवंबर 2026 में कहा है कि वह भारत की ओर से प्रतिबंध हटाए जाने पर श्रद्धालुओं के स्वागत और उनकी यात्रा की व्यवस्था के लिए तैयार है। श्री करतारपुर साहिब वह पवित्र स्थान है, जहां श्री गुरु नानक देव जी ने अपने जीवन के अंतिम 18 वर्ष बिताए थे।
ऐसे में कॉरिडोर बंद होने से संगत को सीधे दर्शन करने की सुविधा नहीं मिल पा रही है। प्रकाश पर्व से पहले मुख्यमंत्री भगवंत मान और विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल की अपील ने एक बार फिर इस मांग को केंद्र में ला दिया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।