पाकिस्तान की नापाक चाल.... पंजाब के सीएम भगवंत मान को वीजा देने पर कर रहा विचार
पाकिस्तान ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को लाहौर में विश्व पंजाबी सम्मेलन में शामिल होने के लिए वीजा देने पर विचार करने की बात कही है।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान।
HighLights
पाकिस्तान ने भगवंत मान को वीजा देने पर विचार की बात कही।
मान को लाहौर में विश्व पंजाबी सम्मेलन का निमंत्रण मिला है।
भारत सरकार की अनुमति पर पाकिस्तान ने अलग राय दी।
डिजिटल डेस्क, इस्लामाबाद। पाकिस्तान भारत के अंदरूनी मामलों में हमेशा दखल देने की कोशिश करता रहता है। वह हमेशा इस बात की ताक में रहता है कि जहां भी मौका मिले वह भारत सरकार को बेवजह कटघरे में खड़ा कर वैश्विक मंच पर वाहवाही लूटे।
अब उसने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के बहाने नई कूटनीतिक चाल चलते हुए एक बयान दिया है। पाकिस्तान ने शुक्रवार को कहा कि यदि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पाकिस्तान आना चाहें तो वह उन्हें वीजा देने पर विचार कर सकता है। उसने यह भी कहा कि भारत सरकार मान को पाकिस्तान जाने की अनुमति देती है या नहीं, यह एक बिल्कुल अलग मामला है।
पाकिस्तान के विदेश कार्यालय के प्रवक्ता सज्जाद हैदर खान ने अपनी साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग के दौरान आम आदमी पार्टी (आप) नेता की संभावित यात्रा से जुड़े एक सवाल के जवाब में यह बात कही। गौरतलब है कि 23 अक्टूबर को मान ने कहा था कि उन्हें 27 नवंबर को लाहौर में होने वाले विश्व पंजाबी सम्मेलन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।
हालांकि, उन्होंने सवाल उठाया कि क्या उन्हें पाकिस्तान जाने की अनुमति मिलेगी या नहीं। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति एक जैसी है। यहां से कई कवि वहां जाएंगे। मान ने यह इच्छा भी जताई थी कि यदि करतारपुर कारिडोर फिर से खुलता है तो पंजाब विधानसभा के सभी विधायक वहां दर्शन करने जाएं। सात मई 2025 से भारतीय पक्ष की ओर से तीर्थयात्रियों के लिए यह कारिडोर बंद है।
पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में नौ आतंकी ठिकानों पर मिसाइल से हमले किए थे। विदेश कार्यालय के प्रवक्ता ने कहा कि 2025 में पाकिस्तान ने भारतीय तीर्थयात्रियों (जिनमें सिख और हिंदू दोनों शामिल हैं) को 9,000 से अधिक वीजा जारी किए। इसके अलावा, इस साल की पहली छमाही में सिख तीर्थ यात्रियों को 4,000 से अधिक अतिरिक्त वीजा दिए गए
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।