शामलात जमीन पर माइनिंग को लेकर जाखड़ का बड़ा हमला, पंजाब सरकार के तीन मंत्रियों से मांगा जवाब
जाखड़ ने करीब 150 एकड़ शामलात जमीन नियमों को ताक पर रखकर माइनिंग के लिए देने का आरोप लगाते हुए मान सरकार के तीन मंत्रियों की जवाबदेही तय करने और जांच की मांग की है।

पंजाब प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़।
HighLights
जाखड़ ने पंजाब सरकार पर अवैध खनन का आरोप लगाया।
तीन मंत्रियों से शामलात जमीन खनन पर जवाब मांगा।
सीमावर्ती क्षेत्रों में खनन को राष्ट्रीय सुरक्षा खतरा बताया।
रोहित कुमार, चंडीगढ़। पंजाब भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने राज्य में माइनिंग के लिए शामलात जमीन के इस्तेमाल और सीमावर्ती इलाकों में खनन गतिविधियों को लेकर पंजाब सरकार को घेरा है। उन्होंने करीब 150 एकड़ शामलात जमीन अलग-अलग लोगों को माइनिंग के लिए देने का आरोप लगाए हैं।
उन्होंने इसे लेकर माइनिंग मंत्री बरिंदर कुमार गोयल, ग्रामीण विकास एवं पंचायत मंत्री तरुणप्रीत सिंह सोंद और वन एवं वन्यजीव संरक्षण मंत्री लाल चंद कटारूचक की जवाबदेही तय करने की मांग की।
जाखड़ ने कहा कि इस मामले में तीन विभाग सीधे तौर पर जुड़े हैं और तीनों मंत्रियों को बताना चाहिए कि नियमों का पालन किए बिना जमीन माइनिंग के लिए कैसे दी गई। जाखड़ ने पठानकोट के नरोट जैमल सिंह क्षेत्र के स्योंटी गांव का उदाहरण देते हुए रमन कुमार शर्मा के नाम जारी लेटर ऑफ इंटेंट (एलओआई) के दस्तावेज दिखाए।
यह भी पढ़ें- 'अकाली दल को बड़ा भाई मानकर दिया सिख-पंथ की मजबूती का संदेश', अमित शाह के बयान पर सुनील जाखड़ का रिएक्शन
शामलात जमीन की लीज और नियमों पर सवाल
उनका दावा था कि जिस जमीन पर माइनिंग की अनुमति देने की प्रक्रिया अपनाई गई, वह शामलात जमीन है। करीब 150 एकड़ जमीन अलग-अलग लोगों को चार और छह एकड़ के हिस्सों में देने का आरोप लगाते हुए उन्होंने संबंधित खेवट नंबरों का भी हवाला दिया।
जाखड़ ने पंजाब विलेज कॉमन लैंड्स (रेगुलेशन) रूल्स, 1964 के नियम छह का उल्लेख करते हुए कहा कि शामलात जमीन की लीज के लिए नीलामी की प्रक्रिया जरूरी है। उनका आरोप है कि न तो पंचायतों में आम जलसा कर प्रस्ताव पास करवाया गया और न ही नीलामी कराई गई। उन्होंने दिसंबर 2025 में नियमों में किए गए बदलाव पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पंचायत का प्रस्ताव और डिप्टी कमिश्नर की सहमति नीलामी का विकल्प नहीं हो सकते।
यह भी पढ़ें- 'सोच-समझकर होगा चयन...', पंजाब चुनाव में टिकट बंटवारे पर प्रताप सिंह बाजवा का बयान; बीजेपी-अकाली गठबंधन पर भी कसा तंज
सीमावर्ती खनन पर सुरक्षा के सवाल
उन्होंने रावी नदी के आसपास तरनतारन और गुरदासपुर के सीमावर्ती इलाकों में माइनिंग को राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा मामला बताया। जाखड़ ने अदालत की टिप्पणी का हवाला देते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियां नशा तस्करों, आतंकियों और आईएसआई समर्थित तत्वों को मदद पहुंचा सकती हैं।
उन्होंने राष्ट्रीय उद्यानों और वन्यजीव अभयारण्यों के आसपास खनन पर सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों तथा इको-सेंसिटिव जोन के नियमों का पालन नहीं होने का भी आरोप लगाया। करीब 90 एकड़ वन क्षेत्र से जुड़े मामले पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि सरकार को बताना चाहिए कि संरक्षित क्षेत्रों में माइनिंग की मंजूरी कैसे दी गई। जाखड़ ने कहा कि उनके पास इस संबंध में दस्तावेजी सबूत हैं और सामने आया मामला अभी पूरे प्रकरण का एक छोटा हिस्सा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।