'अकाली दल को बड़ा भाई मानकर दिया सिख-पंथ की मजबूती का संदेश', अमित शाह के बयान पर सुनील जाखड़ का रिएक्शन
पंजाब भाजपा के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने शिरोमणि अकाली दल और भाजपा के गठबंधन को राज्य की राजनीति के लिए अहम बताया है।
-1795594770467_m.webp)
पंजाब बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़ (जागरण आर्काइव)
HighLights
गठबंधन से पंजाब में हिंदू-सिख एकता मजबूत होगी
भाजपा ने अकाली दल को बड़ा भाई स्वीकार किया
उग्रवाद रोकने और बंदी सिखों का मुद्दा प्राथमिकता
रोहित कुमार, चंडीगढ़। शिरोमणि अकाली दल और भाजपा के बीच गठबंधन के एलान के बाद पंजाब भाजपा के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने इसे राज्य की राजनीति के लिए अहम कदम बताया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने अकाली दल को बड़ा भाई स्वीकार कर पंजाब में पंथक पार्टी की साख और ताकत बढ़ाने का संदेश दिया है। यह गठबंधन केवल चुनावी समझौता नहीं, बल्कि पंजाब में हिंदू-सिख एकता को मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण है।
जाखड़ ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ओर से मुख्यमंत्री पद अकाली दल के पास रहने की बात कहना किसी पद की राजनीति नहीं है, बल्कि इसका मकसद पंथक पार्टी की विश्वसनीयता बढ़ाना है।
उन्होंने कहा कि अगर पंजाब में एक विश्वसनीय पंथक पार्टी कमजोर होती है तो उग्रवादी और कट्टरपंथी तत्वों को फिर से उभरने का मौका मिल सकता है। पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आइएसआइ भी हमेशा पंजाब में गड़बड़ी फैलाने के मौके तलाशती रहती है। ऐसे में अकाली दल को मजबूत करना राज्य के हित में है।
उग्रवाद रोकना और बंदी सिखों के मुद्दा को प्राथमिकता
उन्होंने कहा कि भाजपा और अकाली दल का गठबंधन वर्ष 1996 की उसी सोच की वापसी है, जब दोनों दलों ने हिंदू-सिख एकता को सामाजिक आधार देने के लिए साथ आने का फैसला किया था। जाखड़ के मुताबिक, गठबंधन के लिए साझा न्यूनतम कार्यक्रम तैयार किया गया है। इसमें पंथक मुद्दों के समाधान, उग्रवाद पर रोक और बंदी सिखों का मुद्दा भी शामिल है।
जाखड़ ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी में अंदरूनी खींचतान बढ़ रही है और उसका राजनीतिक प्रभाव लगातार कमजोर हो रहा है। गठबंधन के बाद कांग्रेस के कई नेताओं को भी अपने राजनीतिक भविष्य के लिए दूसरे विकल्प तलाशने पड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार की कथित कमाई की मशीन पर भी इस गठबंधन से लगाम लगेगी।
कांग्रेस के कटाक्ष पर जाखड़ का जवाब
प्रेस वार्ता के दौरान जब जाखड़ से पूछा गया कि कांग्रेस के नेता उन्हें लेकर लगातार कटाक्ष करते रहते हैं तो उन्होंने अपने अंदाज में जवाब देते हुए कहा, ''सज्जना नूं हाले वी याद करदा...''। उनके इस जवाब को कांग्रेस की ओर से उन पर किए जा रहे हमलों के संदर्भ में देखा गया।
जाखड़ ने सीटों के बंटवारे को गठबंधन के सामने कोई बड़ा मुद्दा नहीं बताया। उन्होंने कहा कि दोनों दलों को कुछ न कुछ समझौते करने पड़ेंगे, लेकिन सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि गठबंधन के अंतिम रूप लेने के बाद पंजाब की राजनीति में बदलाव दिखाई देगा।
उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मोगा में पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल की जयंती पर होने वाले कार्यक्रम में पंथ, नशे और किसानों से जुड़े मुद्दों पर भी अपनी बात रखेंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।