कनाडा से मोहभंग! भारतीय छात्रों की संख्या 10 साल के निचले स्तर पर पहुंचने की आशंका, सख्त नीतियां बनी कारण
कनाडा की सख्त नीतियों, महंगी पढ़ाई और रोजगार की अनिश्चितता के कारण वहां जाने वाले भारतीय विद्यार्थियों की संख्या में भारी गिरावट आई है। 2026 में यह आंकड़ा एक दशक के निचले स्तर पर पहुंच सकता है।

ये प्रतीकात्मक तस्वीर है।
HighLights
भारतीय छात्रों की संख्या 2026 तक दशक के निचले स्तर पर।
कनाडा की सख्त आव्रजन नीतियां और स्टडी परमिट सीमा कारण।
रहने का खर्च बढ़ा, स्नातकोत्तर कार्य परमिट नियम सख्त।
रोहित कुमार चंडीगढ़। विदेश में पढ़ाई और बेहतर रोजगार के सपने लेकर कनाडा जाने वाले भारतीय विद्यार्थियों का रुझान तेजी से घट रहा है। कभी भारतीय युवाओं की पसंदीदा मंजिल रहे कनाडा में अब स्टडी परमिट हासिल करना लगातार मुश्किल होता जा रहा है। स्थिति यह है कि वर्ष 2026 में भारतीय विद्यार्थियों की संख्या पिछले एक दशक के सबसे निचले स्तर पर पहुंचने की आशंका है।
कनाडा की सख्त आव्रजन नीतियां, स्टडी परमिट की सीमा और पढ़ाई के बाद रोजगार हासिल करने के नियमों में बदलाव इसके प्रमुख कारण माने जा रहे हैं। इमिग्रेशन, रिफ्यूजीज एंड सिटिजनशिप कनाडा (आइआरसीसी) के आंकड़ों के अनुसार, सितंबर 2026 तक कनाडा में कुल 2,63,340 स्टडी परमिट धारक थे।
इनमें भारतीय विद्यार्थियों की संख्या केवल 51,900 थी। यदि अंतिम तिमाही में भी यही रुझान बना रहा तो वर्ष 2016 के बाद यह सबसे कम वार्षिक आंकड़ा होगा। वर्ष 2016 में 2,64,270 स्टडी परमिट धारकों में 52,620 भारतीय थे।
टोरंटो स्थित वैंटेज इमिग्रेशन लॉ के प्रिंसिपल वकील राघव जैन के अनुसार, वर्ष 2017 में भारतीय विद्यार्थियों को 82,935 स्टडी परमिट जारी हुए थे, जबकि कोरोना महामारी से प्रभावित 2020 में भी यह संख्या 80,870 रही थी।
वर्ष 2023 में कनाडा में कुल 6,80,620 स्टडी परमिट धारकों में 2,77,135 भारतीय थे। इसके बाद गिरावट शुरू हुई। वर्ष 2024 में 5,14,570 कुल परमिट में भारतीयों की संख्या 1,88,110 रही, जबकि 2025 में कुल 3,80,175 परमिट धारकों में केवल 93,660 भारतीय थे। अब सितंबर 2026 तक यह संख्या 51,900 रह गई है।
यह भी पढ़ें- अजनाला थाने पर हमले के मुकदमें में देरी से हाईकोर्ट नाराज, फटकार के बाद बैकफुट पर आई पंजाब सरकार
रोजगार के अवसरों पर भी सख्ती
जैन के मुताबिक, भारतीय विद्यार्थियों की संख्या घटने के पीछे कनाडा की सख्त आव्रजन नीतियों के साथ वहां पढ़ाई के बाद रोजगार की संभावनाएं कम होना भी बड़ा कारण है। कनाडा ने स्नातकोत्तर कार्य परमिट की पात्रता कड़ी कर दी है।
सार्वजनिक-निजी साझेदारी वाले कालेजों के स्नातकों के लिए नियम सख्त किए गए हैं। इसके अलावा भाषा और अध्ययन के विषय से जुड़ी अतिरिक्त शर्तें भी लागू की गई हैं। इससे उन विद्यार्थियों का आकर्षण प्रभावित हुआ है जो पढ़ाई के बाद कनाडा में नौकरी करना चाहते हैं।
यह भी पढ़ें- फरीदकोट में अस्पताल से सुरक्षा गार्ड को गच्चा देकर भागा NDPS एक्ट का आरोपी, लापरवाह के आरोप में गार्ड निलंबित
रहने के खर्च की शर्त भी बढ़ी
कनाडा में स्टडी परमिट की संख्या सीमित करने के लिए नए स्तरों के तहत हर साल विद्यार्थियों के आगमन का लक्ष्य 1.50 लाख रखा गया है। वहीं, रहने के खर्च के लिए अनिवार्य न्यूनतम राशि जनवरी 2024 में 10,000 कनाडाई डालर से बढ़ाकर 20,635 कनाडाई डालर की गई और अब यह 23,448 कनाडाई डालर हो चुकी है।
जैन ने बताया कि उनके इमिग्रेशन मामलों में ऐसे आवेदन भी सामने आ रहे हैं, जिनमें विस्तृत अध्ययन योजना, शैक्षणिक उद्देश्य और करियर की संभावनाएं बताने के बावजूद परमिट खारिज कर दिए जाते हैं। कई बार अस्वीकृति के कारण सामान्य और एक जैसे होते हैं।
ऐसे में विद्यार्थी यह आकलन करने लगे हैं कि कनाडा में पढ़ाई पर होने वाला भारी खर्च भविष्य में मिलने वाले रोजगार और शैक्षणिक लाभ के लिहाज से उचित है या नहीं। उनके अनुसार, भारतीय विद्यार्थियों के लिए कनाडा में पढ़ाई का भविष्य फिलहाल चुनौतीपूर्ण बना रहेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।