'इतने महीनों तक क्या करते रहे?', अमृतपाल से जुड़े अजनाला केस में देरी से चुनौती देने पर HC ने पंजाब सरकार को लगाई फटकार
अजनाला थाना हमले मामले में ट्रायल कोर्ट के आदेश को देर से चुनौती देने पर हाईकोर्ट ने पंजाब सरकार को फटकार लगाई। जुर्माने की चेतावनी के बाद सरकार ने याचिका वापस ले ली।

मार्च 2023 में अजनाला के पुलिस थाने पर हुए हमले का दृश्य।
HighLights
हाईकोर्ट ने अजनाला थाने हमले के मामले में देरी पर नाराजगी जताई।
पंजाब सरकार ने ट्रायल कोर्ट के आदेश को चुनौती देने में देरी की।
फटकार के बाद पंजाब सरकार ने अपनी याचिका वापस ले ली।
दयानंद शर्मा, चंडीगढ़। अमृतसर के अजनाला पुलिस थाने पर हुए हमले के बहुचर्चित मामले में पंजाब सरकार को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट की नाराजगी का सामना करना पड़ा। सांसद अमृतपाल सिंह समेत दर्जनों आरोपितों के खिलाफ चल रहे मुकदमे में ट्रायल कोर्ट के आदेश को चुनौती देने में हुई देरी पर हाईकोर्ट ने सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए।
अदालत ने तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि पंजाब सरकार इस मामले के ट्रायल को लटकाना चाहती है। यह बेहद गंभीर और महत्वपूर्ण मामला है, इसके बावजूद सरकार की ओर से अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई जा रही।
यह भी पढ़ें- बुलेटप्रूफ गाड़ी, 800 जवान और पुष्प वर्षा... दादी के अंतिम संस्कार में शामिल हुआ अमृतपाल सिंह; पिता से लिपटकर रोया
18 अगस्त के आदेश को नवंबर में दी चुनौती
मामले में ट्रायल कोर्ट ने 18 अगस्त को आदेश पारित किया था। पंजाब सरकार ने इस आदेश को चुनौती देने के लिए नवंबर में हाईकोर्ट का रुख किया। आदेश को चुनौती देने में करीब तीन महीने की देरी पर हाईकोर्ट ने सवाल उठाया कि आखिर सरकार इतने महीनों तक क्या करती रही? जब मामला इतना संवेदनशील और गंभीर है तो समय रहते आदेश को चुनौती क्यों नहीं दी गई?
31 दिसंबर तक ट्रायल पूरा करने का दिया हवाला
सुनवाई के दौरान पंजाब सरकार की ओर से दलील दी गई कि मामले का ट्रायल पूरा करने के लिए पहले ही 31 दिसंबर तक का समय निर्धारित किया गया है। ऐसे में सरकार को अपनी याचिका पर सुनवाई की अनुमति दी जाए। सरकार ने यह विकल्प भी रखा कि याचिका को हाईकोर्ट की उसी पीठ के समक्ष भेज दिया जाए, जिसने पहले ट्रायल 31 दिसंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए थे।
यह भी पढ़ें- 21 नवंबर को अमृतसर में पहुंचेगा सांसद अमृतपाल, परिवार ने 10 लाख सरकार को दिए; 7.63 लाख टिकटों पर हुए खर्च
जुर्माना लगाने की चेतावनी के बाद यू-टर्न
सरकार की दलीलों पर हाईकोर्ट ने कड़ा रुख अपनाया। अदालत ने सरकार की अर्जी खारिज करने के साथ उस पर भारी जुर्माना लगाने की चेतावनी तक दे दी। इसके बाद सरकार की ओर से बिना शर्त माफी मांगते हुए याचिका वापस लेने की अनुमति देने का आग्रह किया गया।
हाईकोर्ट ने सरकार के इस अनुरोध को स्वीकार करते हुए बिना कोई प्रतिकूल आदेश पारित किए याचिका वापस लेने की छूट दे दी। इसके बाद पंजाब सरकार ने अपनी याचिका वापस ले ली। परिणामस्वरूप हाईकोर्ट ने याचिका को वापस लिए जाने के आधार पर खारिज कर दिया।
सीडीआर रिकॉर्ड पहले ही ट्रायल कोर्ट में पेश
गौरतलब है कि इस मामले में कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) पहले ही ट्रायल कोर्ट में पेश किया जा चुका है। अब केवल भारती एयरटेल लिमिटेड और रिलायंस इन्फोकॉम लिमिटेड के नोडल अधिकारियों को रिकॉर्ड की पुष्टि के लिए अदालत में बुलाया जाना था। ऐसे में सरकार की ओर से ट्रायल कोर्ट के आदेश को चुनौती देने में हुई देरी पर हाईकोर्ट की नाराजगी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।अदालत की टिप्पणी से साफ है कि अजनाला थाने पर हमले जैसे गंभीर मामले में मुकदमे की समयबद्ध सुनवाई को लेकर हाईकोर्ट विशेष रूप से गंभीर है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।