बुलेटप्रूफ गाड़ी, 800 जवान और पुष्प वर्षा... दादी के अंतिम संस्कार में शामिल हुआ अमृतपाल सिंह; पिता से लिपटकर रोया
खड्डूर साहिब के सांसद अमृतपाल सिंह अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल हुआ। तीन घंटे की पैरोल अवधि समाप्त होने के बाद पुलिस उन्हें वापस ले गई।

दादी के अंतिम संस्कार में शामिल हुआ अमृतपाल सिंह। फोटो जागरण
HighLights
सांसद अमृतपाल सिंह दादी के अंतिम संस्कार में शामिल।
तीन घंटे की पैरोल पर रिहा किया गया था।
पैरोल अवधि समाप्त होते ही पुलिस वापस ले गई।
जागरण संवाददाता, अमृतसर। असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद खडूर साहिब से सांसद और वारिस पंजाब दे के प्रमुख अमृतपाल सिंह शनिवार को अपनी दादी चरण कौर के अंतिम संस्कार में शामिल हुआ। अदालत से मिली तीन घंटे की कस्टडी पैरोल पर अमृतसर पहुंचे अमृतपाल को कड़ी सुरक्षा के बीच उसके पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा ले जाया गया। करीब 12 बजे गांव पहुंचने पर वह अपने पिता तरसेम सिंह और परिवार के अन्य सदस्यों से मिले।
लंबे समय बाद स्वजन से मुलाकात के दौरान वह भावुक हो गया। इसके बाद दोपहर 1:15 बजे दादी की अंतिम यात्रा निकाली गई। कुर्ता-पजामा और नीली पगड़ी पहने अमृतपाल ट्राली पर सवार होकर अंतिम यात्रा में शामिल हुआ। दोपहर 1:45 बजे अंतिम यात्रा संस्कार स्थल पर पहुंची, जहां उसने दादी की तस्वीर के सामने हाथ जोड़कर नमन किया।
इस दौरान समर्थकों ने पुष्प वर्षा कर उसका स्वागत किया। पुलिस के कड़े सुरक्षा घेरे के बीच अमृतपाल को दादी की चिता तक ले जाया गया। उसके आगमन और अंतिम संस्कार को देखते हुए गांव तथा आसपास के क्षेत्र में 800 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी।
डिब्रूगढ़ से अमृतसर तक का सफर...
- 20 नवंबर की दोपहर 2:40 बजे अमृतपाल सिंह को कड़ी सुरक्षा के बीच डिब्रूगढ़ से एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान से दिल्ली के लिए रवाना किया गया।
- शाम 6 बजे: उनकी उड़ान नई दिल्ली पहुंची। इसके बाद उन्हें कड़ी निगरानी में रखा गया और उन्होंने रात दिल्ली में बिताई।
- 21 नवंबर शनिवार को सुबह 7:15 बजे अमृतपाल सिंह दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 से एयर इंडिया की उड़ान से अमृतसर के लिए रवाना हुए।
- सुबह 8:30 बजे श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट अमृतसर पहुंचे। उनके आगमन को देखते हुए एयरपोर्ट पर भारी पुलिस बल तैनात था। एयरपोर्ट के बाहर भी सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे।
- एयरपोर्ट पर अमृतपाल को आम यात्रियों के रास्ते से बाहर निकालने की बजाय पिछले रास्ते से निकाला गया। उन्हें कार्गो साइड पर बनाए गए सुरक्षित क्षेत्र में रखा गया था। विमान में भी पुलिस ने उन्हें चारों तरफ से घेरकर बैठाया था, ताकि उनका चेहरा बाहर से दिखाई न दे। एयरपोर्ट पर उनकी पत्नी किरणदीप कौर भी उनका इंतजार करती दिखाई दीं।
- एयरपोर्ट से रवाना होने पर अमृतपाल को बुलेटप्रूफ गाड़ी में बैठकर कड़ी सुरक्षा के बीच पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा ले जाया गया। इस दौरान उनके आसपास पुलिस का मजबूत सुरक्षा घेरा रहा। उन्हें हथकड़ी नहीं लगाई गई थी।
- इधर, सुबह 9 बजे से दादी चरण कौर के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए लोग गांव के संस्कार स्थल पर पहुंचने शुरू हो गए थे। अमृतपाल के आने से पहले गांव में पाठ चल रहा था।
- दोपहर 12 बजे अमृतपाल अपने पैतृक घर पहुंचे। यहां पिता तरसेम सिंह और परिवार के अन्य सदस्यों ने उन्हें गले लगाया। लंबे समय बाद स्वजन से मुलाकात के दौरान अमृतपाल भावुक नजर आए।
- दोपहर एक बजे संस्कार स्थल पर करीब 2000 लोग पहुंच चुके थे। पुलिस और खुफिया विभाग के अधिकारी लगातार हालात पर नजर रखे हुए थे।
- दोपहर 1:15 बजे दादी चरण कौर की अंतिम यात्रा शुरू हुई। पार्थिव शरीर को ट्रॉली पर रखा गया था। अमृतपाल भी ट्रॉली पर सवार होकर अंतिम यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कुर्ता-पजामा और नीली पगड़ी पहनी हुई थी। वह हाथ जोड़कर वहां मौजूद लोगों का अभिवादन स्वीकार करते दिखाई दिए।
- दोपहर 1:45 बजे: दादी की अंतिम यात्रा संस्कार स्थल पर पहुंची। यहां समर्थकों ने अमृतपाल पर पुष्प वर्षा की। वारिस पंजाब दे के झंडे हाथों में उठाए समर्थक भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
- संस्कार स्थल पर पहुंचने पर ट्रॉली से उतरते ही पुलिसकर्मियों ने अमृतपाल को चारों तरफ से सुरक्षा घेरे में ले लिया। उन्हें अलग से बनाए गए रास्ते से दादी की चिता तक पहुंचाया गया। रास्ते पर लोहे के बड़े-बड़े जंगले लगाए गए थे, ताकि कोई भी व्यक्ति सुरक्षा घेरे के भीतर प्रवेश न कर सके। संस्कार स्थल पर लगाई गई दादी की तस्वीर के सामने अमृतपाल ने हाथ जोड़कर नमन किया। इसके बाद दादी का अंतिम संस्कार संपन्न हुआ।
- शाम 6:30 बजे: अमृतपाल को हवाई मार्ग से वापस ले जाने का कार्यक्रम निर्धारित किया गया था। निर्धारित यात्रा कार्यक्रम के अनुसार उन्हें शाम 6:35 बजे एयर इंडिया की उड़ान से नई दिल्ली रवाना होना था।
- सुबह 6:30 बजे: निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अमृतपाल को इंडिगो की उड़ान से दिल्ली से डिब्रूगढ़ वापस ले जाया जाना है। यह उड़ान सुबह 9 बजे डिब्रूगढ़ पहुंचेगी।
सुरक्षा के लिए 800 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात
अमृतपाल सिंह को अदालत ने उनकी 84 वर्षीय दादी चरण कौर के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए मानवीय आधार पर 21 नवंबर को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक तीन घंटे की कस्टडी पैरोल दी थी। उनकी दादी का 8 नवंबर को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था।
अमृतसर की अतिरिक्त सत्र अदालत ने 17 नवंबर को उनकी याचिका पर सुनवाई करते हुए यह अनुमति दी थी। पंजाब पुलिस ने उन्हें उच्च जोखिम वाला बंदी मानते हुए डिब्रूगढ़, दिल्ली और अमृतसर एयरपोर्ट पर विशेष सुरक्षा प्रबंध किए थे। गांव और आसपास के क्षेत्र में 800 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई तथा गांव तक पहुंचने वाले रास्तों पर 14 पुलिस नाके लगाए गए।
सुरक्षा के लिए एक सुरक्षित आवास भी तैयार किया गया था, ताकि किसी आपात स्थिति में अमृतपाल को वहां रखा जा सके। अदालत के आदेश के अनुसार यात्रा और सुरक्षा का खर्च उनके स्वजन को वहन करना था, जिसके लिए करीब 10 लाख रुपये जमा करवाए गए थे।
22 नवंबर को अस्थि विसर्जन और 23 नवंबर को होने वाले भोग समारोह में अमृतपाल के वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल होने का कार्यक्रम भी निर्धारित किया गया है।
यह भी पढ़ें- बुलेटप्रूफ गाड़ी में अपने गांव पहुंचा अमृतपाल सिंह, दादी की अंतिम यात्रा में हुआ शामिल; सुरक्षा के कड़े प्रबंध
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।