हरियाणा में इनेलो और जजपा में महिला नेत्री को लेकर तकरार
हरियाणा में जजपा और इनेलो के बीच एक महिला नेत्री के पार्टी में शामिल होने को लेकर विवाद छिड़ गया है। इनेलो का दावा है कि जजपा की पूर्व जिला प्रधान सरोज बेनीवाल उनकी पार्टी में शामिल हो गई हैं जबकि जजपा और खुद सरोज बेनीवाल ने इस दावे को खारिज किया है। जजपा ने इनेलो पर झूठा प्रचार करने का आरोप लगाया है।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। जननायक जनता पार्टी (जजपा) और इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) फिर आमने-सामने हैं। इस बार विवाद एक महिला नेत्री के पार्टी में शामिल होने को लेकर है। इनेलो महिला प्रदेश प्रभारी सुनैना चौटाला का दावा है कि जजपा की सोनीपत की पूर्व जिला प्रधान सरोज बेनीवाल हमारी पार्टी में शामिल हो गई हैं।
वहीं, जजपा की महिला प्रदेशाध्यक्ष रजनी मलिक ने सुनैना का दावा खारिज करते हुए कहा है कि इनेलो झूठा प्रचार न करे। खुद सरोज बेनीवाल ने इनेलो नेत्री के दावे को नकारते हुए कहा है कि वह जजपा में थीं और जजपा में ही रहेंगी।
उन्होंने कहा कि इनेलो ने उन पर सामाजिक दबाव बनाने की जरूर कोशिश की थी, लेकिन उन्होंने जजपा नहीं छोड़ी है। वह मजबूती से जजपा के साथ खड़ी हैं और निरंतर पार्टी की नीतियों का प्रचार-प्रसार करके महिलाओं को जजपा से जोड़ रही हैं।
झूठ को बड़ा प्रोजेक्ट करके दिखाना इनेलो की पुरानी आदत
जजपा की महिला प्रदेश अध्यक्ष रजनी मलिक ने कहा कि झूठ को बड़ा प्रोजेक्ट करके दिखाना इनेलो की पुरानी आदत है। इससे हमारे मजबूत कार्यकर्ता पर कोई असर नहीं पड़ता। इनेलो नेताओं को जनता को भ्रमित करने की कोशिश नहीं करनी चाहिए क्योंकि पब्लिक समझदार है।
जजपा में महिलाओं की हिस्सेदारी को सदैव प्रमुखता मिली है और अब आगे भी संगठन नवनिर्माण में महिलाओं की बढ़-चढ़कर भागीदार पर पार्टी फोकस कर रही है। मलिक ने कहा कि महिलाओं को जजपा से जोड़ने के लिए वह खुद और महिला प्रभारी किरण पूनिया निरंतर फील्ड में एक्टिव हैं।
सभी 22 जिलों में महिलाओं के साथ बैठकें जारी हैं। इसी कड़ी में 18 अगस्त को रेवाड़ी और 19 अगस्त को रोहतक में जजपा महिला विंग कार्यक्रम करेगी। इससे पहले भिवानी और महेंद्रगढ़ में महिला कार्यकर्ताओं एवं वरिष्ठ जिला पदाधिकारियों के साथ बैठकें की गई।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।