Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    PM मोदी से मिले CM नायब सैनी, 35 मिनट तक चली बैठक; किन मुद्दों पर हुई बातचीत?

    Updated: Wed, 06 Aug 2025 06:50 PM (IST)

    हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की। उन्होंने राज्य की विकास योजनाओं और नई परियोजनाओं पर चर्चा की। प्रधानमंत्री ने उनकी कार्यशैली की सराहना की। सैनी ने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी मुलाकात की और संगठनात्मक विषयों पर बात की। उन्होंने अन्य नेताओं से भी भेंट की और हरियाणा के विकास पर जोर दिया।

    Hero Image
    नई दिल्ली में पीएम मोदी से मुलाकात करते सीएम नायब सैनी।

    राज्य ब्यूरो,चंडीगढ़। अपने दिल्ली प्रवास के दौरान हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। करीब 35 मिनट की इस मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को हरियाणा में संचालित विकास योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही नई आरंभ की जाने वाली परियोजनाओं पर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    प्रधानमंत्री के साथ राज्य की विकास परियोजनाओं के साथ जंगल सफारी की प्रस्तावित कार्ययोजना और पंजाब के मुख्यमंत्री के साथ एसवाईएल नहर के निर्माण के संबंध में हुई वार्ता की जानकारी दी गई। प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री की कार्यप्रणाली की यह कहते हुए तारीफ की कि उन्हें हरियाणा में रहने वाले जानकर फोन कर सरकार के अच्छे कार्यों से अवगत कराते हैं।

    प्रधानमंत्री से मिलने के बाद मुख्यमंत्री ने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी मुलाकात की। नड्डा के साथ नायब सैनी की हरियाणा के संगठनात्मक विषयों पर बातचीत हुई है। प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात करने के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी लोकसभा की कार्यवाही देखने संसद पहुंचे।

    वहां उनकी हरियाणा के सांसदों के साथ मुलाकात हुई। हरियाणा भाजपा के पूर्व प्रभारी एवं त्रिपुरा के पूर्व सीएम बिप्लब कुमार देब, भाजपा के प्रदेश सह प्रभारी सुरेंद्र नागर और निर्दलीय राज्यसभा सदस्य कार्तिकेय शर्मा संसद में मुख्यमंत्री को मिले। पीएम और भाजपा अध्यक्ष से मिलने से पहले मंगलवार की रात को मुख्यमंत्री की केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल से उनके आवास पर करीब 40 मिनट तक मुलाकात हुई थी।

    केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल से मिलने के बाद मुख्यमंत्री राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला के साथ राज्यसभा सदस्य डॉ. रेखा शर्मा के आवास पर गए और चायपान किया। इसके बाद वे भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई के आवास पर गए, जहां उन्होंने पूर्व विधायक रेणुका बिश्नोई और भव्य बिश्नोई समेत पूरे परिवार के सदस्यों के साथ राजस्थानी भोज का आनंद लिया।

    प्रधानमंत्री से हुई मुलाकात की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा के वर्तमान विकास कार्यों, कल्याणकारी योजनाओं और भावी परियोजनाओं को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा हुई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में हरियाणा प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विकसित भारत के साथ विकसित हरियाणा की ओर तीव्र गति से प्रगति की दिशा में अग्रसर होगा।

    उन्होंने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से हुई मुलाकात का ब्योरा देते हुए बताया कि उनके साथ राज्य के संगठनात्मक विषयों पर बातचीत हुई है। बता दें कि हरियाणा में भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया जाना है। इसके अलावा राज्य स्तरीय बोर्ड एवं निगमों में चेयरमैन बनाए जाएंगे। साथ ही मार्केट कमेटियों के चेयरमैन व वाइस चेयरमैन बनेंगे और विधानसभा स्तरीय सीएम विंडो प्रतिनिधि नियुक्त किए जाएंगे।