Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    Kisan Andolan: डल्लेवाल की गिरफ्तारी पर कोर्ट ने सरकार से मांगा जवाब, किसानों को तत्काल रिहा करने की मांग

    Updated: Sat, 22 Mar 2025 10:29 AM (IST)

    Kisan Andolan पंजाब सरकार ने आंदोलन कर रहे किसानों पर कार्रवाई करते हुए शंभू और खनौरी बॉर्डर (Shambhu and Khanauri Border) को खाली करा लिया था। साथ ही कई किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल (Jagjit Singh Dallewal) सहित कई नेताओं को गिरफ्तार भी कर लिया गया था। अब हाई कोर्ट ने किसान नेताओं की गिरफ्तार को लेकर पंजाब सरकार को नोटिस जारी किया है।

    Hero Image
    डल्लेवाल की गिरफ्तारी को लेकर हाई कोर्ट ने पंजाब सरकार को जारी किया नोटिस (File Photo)

    राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। Farmers Protest: पंजाब सरकार द्वारा 19 मार्च को किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल, सरवन सिंह पंढेर और अन्य किसानों को गिरफ्तार किए जाने के खिलाफ पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट में बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दायर कर उनकी गिरफ्तारी को अवैध बताया गया है। देर शाम हाई कोर्ट ने याचिका पर सुनवाई करते हुए मामले में पंजाब सरकार को नोटिस जारी कर दिया है और डीजीपी को इस मामले की स्टेटस रिपोर्ट सोमवार को दायर करने के आदेश दे दिए हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    याचिका भारतीय किसान यूनियन दोआबा के अध्यक्ष गुरमुख सिंह ने दायर की है। याचिका में कहा है कि जगजीत सिंह डल्लेवाल को बिना कोई नोटिस दिए और कारण बताए गिरफ्तार किया गया है, जोकि गैर कानूनी है। उन्होंने हाईकोर्ट से मांग की कि उन्हें तत्काल रिहा किया जाए।

    किसानों पर एक्शन के विरोध में पंजाब में विस में कांग्रेस का हंगामा

    शंभू और खनौरी बॉर्डर पर पुलिस की कार्रवाई से खफा किसानों ने शुक्रवार को सड़कों पर उतरकर रोष जाहिर किया। हरियाणा के अंबाला शहर और शहजादपुर दोनों जगह अनाज मंडी में शहीद भगत सिंह यूनियन और संयुक्त किसान मजदूर इंकलाब यूनियन से जुड़े किसानों ने पंजाब सरकार के पुतले फूंक कर रोष जाहिर किया। किसानों के निशाने पर आम आदमी पार्टी रही।

    उधर, पंजाब में विपक्षी दल कांग्रेस ने विधानसभा के बजट सत्र के पहले दिन शुक्रवार को जमकर हंगामा किया तथा ‘जय जवान-जय किसान’ के नारे साथ राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया के अभिभाषण का बहिष्कार किया। कांग्रेस विधायक वेल में पहुंचकर नारेबाजी करने लगे और फिर सदन से बाहर चले गए।

    खनौरी बॉर्डर पूरी तरह नहीं खुला

    13 महीने से बंद संगरूर के खनौरी में शुक्रवार को भी नेशनल हाईवे को खाली करने का काम जारी रहा। हाईवे अभी खोला नहीं गया। शुक्रवार को हाईवे से हटाई गईं 300 ट्रैक्टर-ट्रालियां में से करीब 150 ट्रैक्टर ट्रालियों को लेने किसान पहुंचे।

    गूगल अब भी बता रहा बंद

    शंभू बॉर्डर खुलने के बावजूद गूगल मैप एप पर अब भी रास्ते को बंद दिखाया जा रहा है। गूगल मैप पर डायवर्टेड रूट दिखाए जाने से वाहन चालक परेशान हो रहे हैं।

    405 दिन बाद आरंभ हुआ शंभू टोल प्लाजा

    405 दिनों बाद शंभू टोल प्लाजा शुरू हो गया। शुक्रवार सुबह आठ बजे टोल कलेक्शन शुरू कर दी गई। इस 405 दिन की अवधि में कुल 42 किसानों और दो पुलिस कर्मियों ने अपनी जान गंवाई जबकि 115 किसान घायल हुए।

    वहीं, शंभू टोल बंद होने से बंद पड़ी हरियाणा रोडवेज की पंजाब जाने वाली 15 में से छह बसें शुक्रवार को चल गई अभी भी नौ बसें चलनी बाकी हैं। पहले दिन शुरुआती नौ घंटे में शंभू टोल से 22 हजार से ज्यादा वाहन निकल चुके थे।

    ये भी पढ़ें- महंगा पड़ा किसान आंदोलन, 13 महीने में लगी 1.25 लाख करोड़ की चपत; शंभू और खनौरी बॉर्डर पर यातायात बहाल

    ये भी पढ़ें- Punjab Budget Session: किसानों के मुद्दे पर बवाल, गवर्नर के अभिभाषण के दौरान कांग्रेस विधायकों ने किया वॉकआउट