अधिसूचना के बाद 800 से अधिक जमीनों की हुई रजिस्ट्री, ED ने मांगा रिकॉर्ड; जमीन सौदे और मुआवजा जांच के दायरे में
अधिग्रहण नोटिस के बाद हुई 800 से अधिक जमीनों की रजिस्ट्री का रिकॉर्ड प्रवर्तन निदेशालय ने मांगा है। गमाडा से जमीन सौदों, मुआवजे और नीलामी प्रक्रिया से जुड़े दस्तावेजों की जांच होगी।

ये प्रतीकात्मक तस्वीर है।
HighLights
ईडी ने 800 से अधिक जमीन रजिस्ट्रियों का रिकॉर्ड मांगा।
सेक्शन-11 अधिसूचना के बाद हुए सौदों की जांच जारी।
गमाडा, एयरो ट्रोपोलिस, इको सिटी-3 के सौदे शामिल।
रोहित कुमार, चंडीगढ़। पंजाब में जमीन अधिग्रहण और प्रॉपर्टी सौदों में कथित अनियमितताओं की जांच कर रहे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अब सेक्शन-11 की अधिसूचना जारी होने के बाद हुई 800 से अधिक जमीनों की रजिस्ट्रियों का रिकॉर्ड मांगा है। ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (गमाडा) से मांगे गए रिकॉर्ड में एयरोसिटी के विस्तार के लिए विकसित किए जा रहे एयरो ट्रोपोलिस और न्यू चंडीगढ़ के इको सिटी-3 में हुए जमीन सौदे प्रमुख रूप से शामिल हैं।
जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू होने के बाद जमीनों की खरीद-फरोख्त निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत हुई या नहीं। गमाडा के भूमि अधिग्रहण अधिकारी रोहित जिंदल ने बताया कि ईडी ने सेक्शन-11 की अधिसूचना जारी होने के बाद हुई रजिस्ट्रियों का रिकॉर्ड मांगा है। इसके लिए संबंधित तहसीलदारों को विवरण उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि रिकॉर्ड जुटाकर अगले सप्ताह तक जांच एजेंसी को भेजने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें- गुरु साहिबान के चित्रों से पहचान बनाने वाले सरदार सोभा सिंह को केंद्र का सम्मान, जारी किया 125 रुपये का सिक्का
अधिग्रहण नोटिस के बाद जमीन हस्तांतरण पर जांच
भूमि अधिग्रहण अधिनियम-2013 के सेक्शन-11 के तहत सरकार किसी क्षेत्र की जमीन अधिग्रहित करने का इरादा जाहिर करते हुए प्रारंभिक अधिसूचना जारी करती है और प्रभावित जमीन मालिकों से आपत्तियां आमंत्रित करती है। इस अधिसूचना के बाद संबंधित जमीन के हस्तांतरण या अन्य लेनदेन के लिए कलेक्टर की पूर्व अनुमति आवश्यक होती है। इसका उद्देश्य अधिग्रहण प्रक्रिया के दौरान जमीन के मालिकाना हक में बदलाव और मुआवजे से जुड़े विवादों को रोकना है।
अधिकारियों के अनुसार, सेक्शन-11 की अधिसूचनाएं जारी होने के बाद करीब 800 रजिस्ट्रियां हुई हैं। इनमें एयरो ट्रोपोलिस के ब्लॉक ई, एफ, जी और एच तथा इको सिटी-3 की जमीनों से संबंधित सौदों की संख्या काफी अधिक बताई जा रही है। ईडी इन सौदों की जांच कर यह पता लगाएगा कि संबंधित जमीनों की रजिस्ट्री के लिए कलेक्टर की अनुमति ली गई थी या नहीं। यदि निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं हुआ है तो संबंधित लेनदेन की कानूनी स्थिति भी जांच के दायरे में आ सकती है।
यह भी पढ़ें- 'बड़े नेता छोड़ें टिकट का मोह, 70 सीटों पर दें युवाओं को मौका', राजा वड़िंग का पंजाब कांग्रेस को सुझाव
जमीन अधिग्रहण से मुआवजे तक जांच का दायरा
ईडी की जांच केवल रजिस्ट्रियों तक सीमित नहीं है। एजेंसी जमीन अधिग्रहण, मुआवजे के भुगतान, लेटर ऑफ इंटेंट जारी करने और जमीन की कीमत तय करने की प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की भी जांच कर रही है। कुछ मामलों में एक ही खसरा नंबर के सह-हिस्सेदारों के साथ अलग-अलग व्यवहार किए जाने के आरोप भी जांच के दायरे में हैं।
ईडी ने आरोप लगाया है कि टीला कंसल्टेंसी प्राइवेट लिमिटेड, जिसे कीर्ति साधु बस और अर्चना झा नियंत्रित करती थीं, गमाडा और पुडा भवन परिसर से काम कर रही थी तथा भूमि अधिग्रहण कलेक्टर कार्यालय के कर्मचारियों के साथ समन्वय में काम कर रही थी। कंपनी की भूमिका अधिग्रहण अवार्ड और मुआवजे की प्रक्रिया में भी जांची जा रही है।
22 सितंबर को ईडी ने चंडीगढ़, मोहाली, पंचकूला, लुधियाना और दिल्ली में 26 ठिकानों पर तलाशी और सर्वे किए थे। इनमें गमाडा मुख्यालय और आवास एवं शहरी विकास विभाग के कार्यालय भी शामिल थे। जांच में जमीन की नीलामी के रिजर्व प्राइस, नीलामी की शर्तों, लैंड यूज पॉलिसी और मास्टर प्लान में बदलाव की भी पड़ताल की जा रही है। एजेंसी का आरोप है कि गमाडा की बिना बिके जमीनों के रिजर्व प्राइस में कथित हेरफेर से करीब 10 हजार करोड़ रुपये का संभावित नुकसान हो सकता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।