देशभर में गोवा के बाद चंडीगढ़ में सबसे ज्यादा लोग बोलते हैं English, जानें किस राज्य में कितने प्रतिशत बोली जाती है अंग्रेजी
सिटी ब्यूटीफुल चंडीगढ़ के लोग इंग्लिश में बात करना ज्यादा पसंद करते हैं। चंडीगढ़ देश का दूसरा ऐसा शहर है जहां अग्रेजी सबसे ज्यादा बोली जाती है। पहला राज्य गोवा है जहां इंग्लिश में लोग ज्यादा बात करते हैं।

विशाल पाठक, चंडीगढ़। हमारी राष्ट्रभाषा/राजभाषा हिंदी है। भारत एक ऐसा देश है जो अपनी विभिन्नताओं के लिए जाना जाता है, यहां हर राज्य की अपनी राजनैतिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान है और हर राज्य की भाषा व बोली भी अलग है। वहीं, अंग्रेजी को भी देश में तवज्जो दी जाती है। बता दें कि देश भर में सबसे ज्यादा अंग्रेजी गोवा में बोली जाती है। वहीं, गोवा के बाद चंडीगढ़ ऐसा शहर है जहां सर्वाधिक लोग अंग्रेजी बोलना पसंद करते हैं। इसका खुलासा स्टेट्स ऑफ डाटा एक सर्वे के जरिए हुआ है। देशभर में 10.6 फीसद लोग अंग्रेजी भाषा को पहली, दूसरी और तीसरी भाषा के तौर पर प्राथमिकता देते हैं। गोवा में 41.8 फीसद लोग अंग्रेजी बोलते हैं। जबकि चंडीगढ़ में 41.6 फीसद लोग अंग्रेजी बोलना पसंद करते हैं। तीसरे नंबर पर नागालैंड में 32.6 फीसद लोग अंग्रेजी बोलते हैं।
पूरे देश की अगर बात की जाए तो 12.85 करोड़ लोग अंग्रेजी बोलते हैं। 2.6 लाख लोग पहली भाषा के तौर पर अंग्रेजी बोलना पसंद करते हैं। 8.27 करोड़ लोग दूसरी भाषा के तौर पर अंग्रेजी बोलना पसंद करते हैं और 4.56 करोड़ लोग तीसरी भाषा के तौर पर इंग्लिश बोलते हैं।
यह भी पढ़ें: चंडीगढ़ के पास बसे इस गांव की अजीब मान्यता, किसी भी घर पर नहीं बनती दूसरी मंजिल, विशेषज्ञ ने बताया बड़ा कारण
उत्तर भारत के किन राज्यों में इतने फीसद लोग बोलते हैं अंग्रेजी
उत्तर भारत के पंजाब में 30 फीसद लोग अंग्रेजी बोलते हैं। इसी तरह दिल्ली में 31.7 फीसद, जम्मू एवं कश्मीर में 16 फीसद, हरियाणा में 15.6 फीसद, हिमाचल में 10.6 और उत्तराखंड में 8.6 फीसद लोग इंग्लिश में बात करना पसंद करते हैं।
इन राज्यों में सबसे कम बोली जाती है अंग्रेजी
सर्वे के मुताबिक छत्तीसगढ़, बिहार, राजस्थान , झारखंड, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में सबसे कम अंग्रेजी बोली जाती है। छत्तीसगढ़ में 2.3 फीसद, बिहार में 2.7 फीसद, राजस्थान में 4.6 फीसद, झारखंड में 5.1 फीसद, मध्य प्रदेश में 5.4 फीसद और उत्तर प्रदेश में 6.4 फीसद लोग अंग्रेजी बोलते हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।