कनाडा में टारगेट किलिंग: पंजाबी जोड़े की गोली मारकर हत्या, 13 मिनट बाद जलती मिली हमलावरों की कार
कनाडा में एक वॉलमार्ट की पार्किंग में खड़ी कार में सवार पंजाबी युवक और उसकी गर्लफ्रेंड की ताबड़तोड़ गोलियां मारकर ...और पढ़ें

वॉलमार्ट की पार्किंग, जहां हमलावरों ने पंजाबी जोड़े पर फायरिंग की।
HighLights
सरे वॉलमार्ट पार्किंग में पंजाबी जोड़े की गोली मारकर हत्या।
हमलावरों की कार 13 मिनट बाद जली हुई मिली।
पुलिस इसे संगठित अपराध से जुड़ा लक्षित हमला मान रही है।
रोहित कुमार, चंडीगढ़। कनाडा के सरे शहर में वॉलमार्ट स्टोर की पार्किंग में अज्ञात हमलावरों ने कार में बैठे पंजाबी मूल के 23 वर्षीय युवक और उसकी 24 वर्षीय गर्लफ्रेंड की गोलियां मारकर हत्या कर दी। हमलावरों ने लाल रंग की फोर्ड मस्टैंग कार पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। पुलिस को वारदात के करीब 13 मिनट बाद घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक सफेद रंग की सेडान कार जलती हुई मिली।
शुरुआती जांच में दोनों हत्याओं के पीछे संगठित अपराध की आशंका जताई जा रही है। ब्रिटिश कोलंबिया की इंटीग्रेटेड होमिसाइड इन्वेस्टिगेशन टीम (IHIT) की सार्जेंट फ्रेडा फोंग ने सोमवार को बताया कि शुरुआती जांच में ऐसा लगता है कि हमलावरों ने विशेष रूप से इस जोड़े को निशाना बनाया था।
उन्होंने कहा कि वारदात में संगठित अपराध से जुड़े होने के संकेत मिल रहे हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी इसे गैंगवार या गैंगस्टर हत्या घोषित नहीं किया है। पुलिस के मुताबिक, युवक पहले भी हथियार और आग्नेयास्त्रों से जुड़े मामलों में पुलिस के रडार पर रहा था।
यह भी पढ़ें- कनाडा में वाहन चोरी के अंतरराष्ट्रीय गिरोह का पर्दाफाश, 96 लग्जरी गाड़ियां बरामद; दो पंजाबी गिरफ्तार
हत्या के बाद हमलावरों ने कार जलाई
पुलिस के अनुसार, गोलीबारी रविवार रात करीब 10 बजकर 38 मिनट पर 88 एवेन्यू और 124 स्ट्रीट स्थित वॉलमार्ट की पार्किंग में हुई। सूचना मिलने पर पैरामेडिकल टीम मौके पर पहुंची और दोनों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन अस्पताल में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। दोनों डेल्टा शहर के रहने वाले थे। पुलिस ने फिलहाल मृतकों की पहचान सार्वजनिक नहीं की है और इस मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
वारदात के करीब 13 मिनट बाद रात 10 बजकर 51 मिनट पर घटनास्थल से कुछ दूरी पर प्रिंसेस ड्राइव के 9700 ब्लॉक में एक सफेद सेडान कार आग की लपटों में घिरी मिली। पुलिस को संदेह है कि हमलावरों ने इसी कार का इस्तेमाल किया और बाद में सबूत मिटाने के लिए उसे आग लगा दी। जांच अधिकारियों का मानना है कि कार में लगी आग का दोनों हत्याओं से सीधा संबंध है।
प्रत्यक्षदर्शी ने बयां किया खौफनाक मंजर
घटना के प्रत्यक्षदर्शी बलजीत सिंह ने बताया कि वह सबसे पहले घायलों की मदद के लिए कार के पास पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि जब वह वहां पहुंचे तो दोनों की हालत बेहद गंभीर थी और उनमें जीवन के कोई संकेत नहीं थे। कार के अंदर खून देखकर वह पीछे हट गए और उन्होंने घटनास्थल पर किसी चीज को छूने से परहेज किया।
उधर, युवक के पिता को बेटे की हत्या की सूचना उस समय मिली, जब वह ट्रक लेकर कैलगरी से वापस लौट रहे थे। उन्होंने रेड एफएम को बताया कि उनका बेटा हमले से कुछ मिनट पहले ही घर से निकला था। पिता ने कहा कि परिवार को समझ नहीं आ रहा कि आखिर क्या हुआ।
यह भी पढ़ें- '2027 गणतंत्र दिवस परेड में दिखेगी पंजाब की पारंपरिक बैलगाड़ी दौड़', मुख्यमंत्री मान ने किया झांकी के थीम का एलान
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
उन्होंने बेटे को खो दिया है और अब वह आखिरी बार उसका चेहरा देखना चाहते हैं। परिवार के मुताबिक, युवक तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। उसके पीछे छोटा भाई और बहन हैं। परिवार ने युवती को उसकी गर्लफ्रेंड बताया है।
सोमवार को भी पुलिस ने वॉलमार्ट की पार्किंग को घेराबंदी कर बंद रखा। फोरेंसिक टीम ने पुलिस टेंट के नीचे खड़ी गोलियों से छलनी मस्टैंग की जांच की। पुलिस ने कहा है कि फिलहाल आम लोगों के लिए कोई खतरा नहीं है। जांच एजेंसी ने क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि यदि उनके पास घटनास्थल के आसपास की सीसीटीवी या डैशकैम फुटेज है तो वे पुलिस से संपर्क करें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।