2027 पंजाब चुनाव: भाजपा ने बनाई समिति, केवल ढिल्लों करेंगे अगुवाई; दिग्गज नेताओं को मिली जिम्मेदारी
पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को गति देते हुए भाजपा ने प्रदेश चुनाव समिति की घोषणा की है। प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों की अगुवाई वाली इस समिति में कई दिग्गज नेताओं को शामिल किया गया है।

पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रधान केवल ढिल्न्लों व पूर्व प्रधान सुनील जाखड़।
HighLights
भाजपा ने 2027 पंजाब विधानसभा चुनाव हेतु प्रदेश चुनाव समिति गठित की।
केवल सिंह ढिल्लों करेंगे इस महत्वपूर्ण चुनाव समिति की अगुवाई।
समिति में वरिष्ठ नेता, पूर्व अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री शामिल।
रोहित कुमार, चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को तेज करते हुए भाजपा ने सोमवार को प्रदेश चुनाव समिति का गठन कर दिया। प्रदेश अध्यक्ष केेवल सिंह ढिल्लों की ओर से घोषित इस समिति में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पूर्व प्रदेश अध्यक्षों, पूर्व केंद्रीय मंत्रियों और पंजाब के प्रमुख राजनीतिक चेहरों को शामिल किया गया है।
समिति की अगुवाई खुद केेवल सिंह ढिल्लों करेंगे। इसके गठन को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की संगठनात्मक और राजनीतिक रणनीति तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
घोषित चुनाव समिति में मनप्रीत बादल, तरुण चुग, अश्वनी शर्मा, सुनील जाखड़, अविनाश राय खन्ना, मनोरंजन कालिया, इंजीनियर श्वेत मलिक, मंत्री श्रीनिवासुलु, विजय सांपला, परनीत कौर, मनजीत सिंह मन्ना, रवनीत सिंह बिट्टू, राणा गुरमीत सिंह सोढी, दिनेश बाबू और जंगी लाल महाजन को शामिल किया गया है। इनके अलावा भाजपा के राष्ट्रीय नेता डॉ. सतीश पूनिया, वीरेंद्र सचदेवा और डॉ. अलका गुर्जर को विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है।
समिति में कई ऐसे नेताओं को जगह दी गई है जो पहले पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। इसके अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री, सांसद और विधायक भी समिति का हिस्सा हैं। इससे स्पष्ट है कि पार्टी चुनावी रणनीति बनाने में अपने अनुभवी नेताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण मान रही है।
यह भी पढ़ें- पंजाब: राजा वड़िंग के कार्यकाल में सस्पेंड हुए पूर्व MLA मदनलाल की कांग्रेस में वापसी, परगट सिंह ने रद किया निलंबन
एक दिन पहले बनाई थी ज्वाइनिंग कमेटी
चुनाव समिति के गठन से एक दिन पहले भाजपा ने प्रदेश में दूसरी पार्टियों के नेताओं को अपने साथ जोड़ने के लिए ज्वाइनिंग कमेटी का गठन किया था। इस कमेटी में जंगी लाल महाजन को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई थी।
राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि आम आदमी पार्टी के पूर्व राज्यसभा सदस्य संदीप पाठक को भी भाजपा में शामिल करने और उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपने की संभावनाओं पर नजर रखी जा रही है। हालांकि, इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
यह भी पढ़ें- AAP विधायक देविंदरजीत लाडी ढोस को ED का समन, 27 नवंबर को चंडीगढ़ पूछताछ के लिए बुलाया
भाजपा का संगठन विस्तार
लगातार दो दिनों में चुनाव समिति और ज्वाइनिंग कमेटी का गठन बताता है कि भाजपा ने पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन विस्तार और चुनावी तैयारी दोनों मोर्चों पर काम तेज कर दिया है। पार्टी की कोशिश दूसरे दलों के प्रभावशाली नेताओं को साथ जोड़ने के साथ अपने मौजूदा संगठन को भी चुनाव के लिए सक्रिय करने की है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।