'आम आदमी से लेकर विधायक तक असुरक्षित', हुड्डा बोले- जींद व रोहतक की वारदातों से हरियाणा में दहशत का माहौल
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने हरियाणा में कानून व्यवस्था की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य में कोई भी सुरक्षित नहीं है। उन्होंने जींद में भाजपा नेता के बेटे की हत्या का हवाला देते हुए कहा कि अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है और हरियाणा देश का सबसे असुरक्षित राज्य बन गया है।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि आज प्रदेश का कोई व्यक्ति सुरक्षित नहीं है। विधायकों और पूर्व विधायक से लेकर पुलिस तक बदमाशों की गोलियों, हमलों और धमकियों के शिकार हो चुके हैं।
खुद सत्ताधारी भाजपा नेताओं का परिवार तक सुरक्षित नहीं है, जिसका ताजा उदाहरण जींद में देखने को मिला। हुड्डा ने कहा कि जींद में भाजपा नेता के जवान बेटे की सरे राह चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई।
ऐसे में आम आदमी की कितना असुरक्षित होगा, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। इससे पहले रोहतक में एक महिला के टुकड़े-टुकड़े करके मार डाला गया। जींद और रोहतक की वारदातों से पूरे हरियाणा में दहशत का माहौल है।
हत्या, लूट, डकैती और फिरौती की वारदातें लोगों की दिनचर्या का हिस्सा बन गई हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने दावा किया कि भाजपा ने जब से प्रदेश की सत्ता संभाली है, अपराध का ग्राफ लगातार ऊपर जा रहा है।
खुद प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद की सामाजिक प्रगति सूचकांक रिपोर्ट में हरियाणा को देश का सबसे असुरक्षित राज्य बताया गया है। एनसीआरबी की रिपोर्ट बताती है कि 2022 में एक साल के भीतर प्रदेश में 1020 हत्याएं यानी रोजाना तीन हत्याएं हुई।
2022 के दौरान ही हरियाणा में 1786 दुष्कर्म की वारदातें हुईं यानी रोजाना चार से पांच दुष्कर्म हुए। फिरौती, धमकी और बदमाशों के खौफ की वजह से सरकार को 12 जिलों में 300 ठेकों के लिए ठेकेदार ही नहीं मिले। प्रदेश में आज वही हो रहा है, जो बदमाश चाहते हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।