विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 19, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Amritpal crackdown: जालंधर जिले में मिली अमृतपाल के काफिले में शामिल कार, राइफल और जिंदा कारतूस बरामद

By Jagran NewsEdited By: Swati Singh
Published: Sun, 19 Mar 2023 05:19 PM (IST)

Amritpal crackdown पंजाब पुलिस को रविवार को जालंधर जिले में एक लावारिस कार मिली जिसमें एक राइफल और कई दर्जन ...और पढ़ें

जालंधर जिले में मिली अमृतपाल के काफिले में शामिल कार
जालंधर जिले में मिली अमृतपाल के काफिले में शामिल कार

चंडीगढ़, पीटीआई। खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। जहां एक ओर पुलिस अमृतपाल को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है, तो वहीं दूसरी ओर उसके साथियों को पुलिस गिरफ्तार कर रही है। इसी बीच पंजाब पुलिस को रविवार को जालंधर जिले में एक लावारिस कार मिली, जिसमें एक राइफल और कई दर्जन जिंदा कारतूस थे।

कार से गोला-बारूद बरामद

पुलिस ने बरामद किए गए गोला-बारूद को जब्त कर लिया। पुलिस ने बताया कि जिस खाली पड़ी कार में हथियार बरामद हुए थे वो काले रंग की कार शनिवार को अमृतपाल के काफिले का हिस्सा थी। उन्होंने बताया कि एक दिन पहले भी यही कार एक वीडियो में कैद हुई थी। पुलिस ने बताया कि इस कार में से बरामद सामानों में एक राइफल, 57 जिंदा कारतूस, एक तलवार और एक पंजीकरण संख्या प्लेट थी।

जालंधर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्वर्णदीप सिंह ने कहा कि वाहन जालंधर के शाहकोट के सलेमा गांव में लावारिस अवस्था में मिला था। मौके पर मौजूद पत्रकारों से बातचीत करते हुए सिंह ने कहा, "हमें पता चला कि सलेमा गांव में एक लावारिस वाहन मिला है।"

उन्होंने कहा, "गाड़ी की चाभी भी वहीं पड़ी थी। कार में से एक निजी वॉकी टॉकी, एक .315 बोर की राइफल और 57 जिंदा कारतूस मिले।"

अमृतपाल के खिलाफ बड़ी कार्रवाई

अधिकारियों ने कहा कि पंजाब सरकार ने शनिवार को अमृतपाल के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई शुरू की, उसके नेतृत्व वाले संगठन के 78 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। हालांकि, अमृतपाल सिंह पुलिस की कार्रवाई में फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस को चकमा देकर अमृतपाल सिंह मौके से फरार हो गया, हालांकि उसको पकड़ने के लिए पुलिस अभी भी दबिश दे रही है।

पुलिस ने शनिवार को कहा था कि अमृतपाल की अध्यक्षता वाले ''वारिस पंजाब दे' ' (डब्ल्यूपीडी) के खिलाफ राज्य में व्यापक रूप से कार्रवाई की जा रही है। घेराबंदी और तलाशी अभियान शनिवार को शुरू किया गया था।

पुलिस ने बताया कि अमृतपाल के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। एक पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि वैमनस्य फैलाने, हत्या के प्रयास, पुलिस कर्मियों पर हमले और समाज में अशांति फैलाने से संबंधित चार आपराधिक मामले अमृतपाल पर हैं।

पिछले महीने समर्थकों ने थाने में लहराई थी तलवार

अजनाला पुलिस स्टेशन पर हमले के सिलसिले में 'वारिस पंजाब दे' के कार्यकर्ताओं के खिलाफ 24 फरवरी को एक प्राथमिकी दर्ज की गई थी। गौरतलब है कि पिछले महीने अमृतपाल के एक साथी की रिहाई को लेकर पंजाब में बड़े स्तर पर अमृतपाल और उसके समर्थकों ने अशांति फैलाई थी। कुछ ने तलवारें और बंदूक लहराईं, बैरिकेड्स तोड़कर अमृतसर शहर के बाहरी इलाके में स्थित अजनाला पुलिस स्टेशन में घुस गए। इस घटना में कई पुलिसकर्मी भी घायल हो गए थे।

पिछले साल अमृतपाल ने संभाली थी पार्टी की कमान

दुबई से लौटे अमृतपाल सिंह को पिछले साल 'वारिस पंजाब दे' का प्रमुख बनाया गया था। इस पार्टी की स्थापना अभिनेता और कार्यकर्ता दीप सिद्धू ने की थी। दीप सिद्धू की पिछले साल फरवरी में एक सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।