'आप को पंजाब में नहीं बचा पाएगी बहानेबाजी की राजनीति', दिल्ली में अमित शाह का विपक्ष पर तीखा हमला
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पंजाब में एनडीए सरकार बनने का दावा किया और कहा कि आम आदमी पार्टी का सफाया तय है तथा नशा खत्म किया जाएगा।

दिल्ली में कार्यक्रम के दौरान सभा को संबोधित करते हुए गृह मंत्री अमित शाह।
HighLights
विपक्ष के विरोध प्रदर्शनों से कुछ हासिल नहीं होगा।
पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों में एनडीए सरकार बनेगी।
राज्य से नशा तस्करी को जड़ से खत्म किया जाएगा।
डिजिटल डेस्क, चंडीगढ़। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि केवल विरोध प्रदर्शनों और धरनों से कुछ हासिल नहीं होने वाला है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में पंजाब में एनडीए की सरकार बनेगी।
दिल्ली में यमुना की सफाई के उद्देश्य से 8,941 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन करते हुए अमित शाह ने कहा कि नदी का कायाकल्प करने के बाद भाजपा 2029 में जनता से जनादेश मांगेगी। कांग्रेस और आप पर जोरदार हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि विपक्षी दल सत्तारूढ़ व्यवस्था पर ईवीएम से छेड़छाड़ और वोट चोरी का आरोप लगाते रहे हैं, जबकि वे खुद कई राज्यों में दशकों से सत्ता से बाहर हैं।
यह भी पढ़ें- पंजाब मुख्यमंत्री को दिल्ली एयरपोर्ट पर रोकने पर भड़की आप, आरोप- 'व्यक्तिगत रंजिश के तहत की गई कार्रवाई'
आप का होगा पंजाब में सफाया
आप संयोजक अरविंद केजरीवाल पर हमला करते हुए शाह ने कहा कि 'बहानेबाजी की राजनीति आगामी पंजाब विधानसभा चुनावों में आप को नहीं बचा पाएगी। उन्होंने दावा किया कि पंजाब के लोग एनडीए सरकार चाहते हैं और चुनावों में आप का सूपड़ा साफ हो जाएगा।
यह भी पढ़ें- पंजाब में दोआबा के 150 हॉटस्पॉट चयनित, नशा मुक्ति मोर्चा अब संभालेगा कमान; पुलिस के साथ मिलकर रखेंगे पैनी नजर
पंजाब में नशा तस्करी एक समस्या
अमित शाह ने विशेष रूप से जोर देकर कहा कि पंजाब में इस समय नशा तस्करी एक गंभीर समस्या बन चुकी है, लेकिन जैसे ही राज्य में एनडीए की सरकार का गठन होगा, इसे जड़ से समाप्त कर दिया जाएगा। सरकार युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए हरसंभव सख्त कदम उठाएगी।
इसके अलावा, उन्होंने विपक्षी दलों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता अब झूठे वादों और सिर्फ राजनीति करने वालों को अच्छी तरह पहचान चुकी है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि केंद्र सरकार पंजाब के विकास और खुशहाली के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
(इनपुट- PTI)
यह भी पढ़ें- परविंदर झोटा मामले के बाद परगट सिंह का आरोप, 5 साल से नाम बदलकर बिक रहे थे प्रतिबंधित कैप्सूल
