पंजाब मुख्यमंत्री को दिल्ली एयरपोर्ट पर रोकने पर भड़की आप, आरोप- 'व्यक्तिगत रंजिश के तहत की गई कार्रवाई'
आम आदमी पार्टी ने राजा वडिंग के मुफ्त सुविधाओं वाले बयान की निंदा की और मुख्यमंत्री को एयरपोर्ट पर रोकने को राजनीतिक साजिश बताया।

मीडिया से बातचीत करते हुए आम आदमी पार्टी के वक्ता बलतेज पन्नू।
HighLights
मुख्यमंत्री को दिल्ली एयरपोर्ट पर तीन घंटे तक रोका गया।
आप ने इसे राजनीतिक बदले की भावना से की कार्रवाई बताया।
कांग्रेस के मुफ्त सुविधाओं पर दिए बयान की भी निंदा की।
रमनजीत सिंह मणकू, चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री को एयरपोर्ट पर रोके जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री को बदनाम करने और उनसे व्यक्तिगत रंजिश निकालने के लिए ही उन्हें एयरपोर्ट पर रोका गया। वहीं, दूसरी तरफ उन्होंने पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को भी मुफ्त सुविधाओं पर दिए गए बयान पर घेरा है।
पार्टी प्रवक्ता बलतेज पन्नू ने कहा कि मुख्यमंत्री को तीन घंटे तक एयरपोर्ट पर रोक कर रखा गया और उसके बाद गलत तरीके से जुर्माना भी लगाया गया। आज तक किसी भी मुख्यमंत्री को इस तरह से एयरपोर्ट पर नहीं रोका गया, जिस तरह पंजाब के सीएम को रोका गया।
यह भी पढ़ें- पंजाब विधानसभा का विशेष सत्र आज से शुरू, 27 अक्टूबर तक चलेगी कार्यवाही; पांच रिपोर्ट और तीन प्रस्ताव होंगे पेश
पंजाब के लिए काम कर रहे सीएम मान
पन्नू ने कहा कि मुख्यमंत्री पंजाब के प्रोडक्ट राजमाह और चिट्टे छोले को दुनिया भर में भेजने के लिए प्रयास कर रहे थे, जिसके लिए वे विदेश गए थे, लेकिन उन्हें ऐसा करने से रोका गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा अनुमति नहीं दी गई और जब इस मामले में अदालती सहारा लिया गया तो उसका बदला लेने के लिए ऐसी कार्रवाई की गई। यह पूरी कार्रवाई राजनीतिक बदले की भावना से की गई है।
यह भी पढ़ें- मुख्यमंत्री पंजाब के खिलाफ परगट सिंह का विशेषाधिकार नोटिस, बेअदबी विधेयक पर सदन को गुमराह करने का आरोप
कांग्रेस आई तो मुफ्त सुविधाएं होंगी बंद
बलतेज पन्नू ने कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग के उस बयान को लेकर कड़ा ऐतराज जताया। जिसमें अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा था कि कांग्रेस की सरकार बनने पर जरूरतमंद न होने वाले लोगों को मिलने वाली मुफ्त सहूलियतें बंद कर दी जाएंगी।
बलतेज पन्नू ने वीडियो साझा करते हुए आरोप लगाया कि यह सिर्फ राजा वडिंग का नहीं, बल्कि पूरी कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की संकीर्ण सोच को दर्शाता है। कांग्रेस कभी नहीं चाहती कि पंजाब के आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की राहत मिले, क्योंकि उन्हें लगता है कि जनता मजबूर और जरूरतमंद बनी रहेगी तभी उनका राजनीतिक वोट बैंक सुरक्षित रहेगा।
