बठिंडा में चलती ट्रेन से नीचे गिरा 32 वर्षीय युवक, मौके पर ही दम तोड़ा; काम के सिलसिले में आया था शहर
बठिंडा-फिरोजपुर रेलवे लाइन पर चलती ट्रेन से गिरने से एक राजमिस्त्री की मौत हो गई। जेब में टिकट न मिलने के कारण ट्रेन का पता नहीं चल सका है।

ये प्रतीकात्मक तस्वीर है।
HighLights
बठिंडा में चलती ट्रेन से गिरकर 32 वर्षीय युवक की मौत।
मृतक गुरसेवक सिंह मानसा का निवासी, पेशे से राजमिस्त्री था।
काम के सिलसिले में बठिंडा आया था, पुलिस जांच कर रही है।
जागरण संवाददाता, बठिंडा। पंजाब के बठिंडा-फिरोजपुर रेलवे लाइन पर चलती ट्रेन से गिरने के कारण 32 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान मानसा निवासी गुरसेवक सिंह के रूप में हुई है, जो पेशे से राजमिस्त्री था। घटनास्थल पर तलाशी के दौरान उसके पास से कोई रेलवे टिकट नहीं मिला। इस कारण पुलिस यह पता नहीं लगा पाई है कि वह किस ट्रेन में सफर कर रहा था और कहां जा रहा था।
सहारा जनसेवा के संदीप सिंह के अनुसार, संस्था के कंट्रोल रूम में एक युवक के चलती ट्रेन से गिरने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही संस्था की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। इसके बाद राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) को घटना की जानकारी दी गई।
यह भी पढ़ें- फर्जी इंस्टा ID बनाई, अश्लील कमेंट किए और नंबर कर दिया लीक... हिमाचल की महिला को बदनाम करने वाला शातिर गिरफ्तार
पुलिस ने जांच की शुरू
जीआरपी स्टेशन आफिसर एएसआई गुरपाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस जांच के दौरान मृतक की बहन से संपर्क किया गया तो पता चला कि गुरसेवक मानसा में अकेला रहता था और राजमिस्त्री का काम करता था।
यह भी पढ़ें- डिब्रूगढ़ जेल से कल बाहर आएगा सांसद अमृतपाल, दादी के अंतिम संस्कार में होगा शामिल; एक दिन की अंतरिम जमानत मिली
दो दिन पहले ही आया था बठिंडा
पुलिस ने जानकारी दी कि दो दिन पहले ही उसकी बहन से फोन पर बातचीत हुई थी। उस समय उसने बताया था कि वह काम के सिलसिले में बठिंडा आया हुआ है। फिलहाल पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। परिजनों के पहुंचने के बाद उनके बयान दर्ज कर अगली कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।