विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फर्जी इंस्टा ID बनाई, अश्लील कमेंट किए और नंबर कर दिया लीक... हिमाचल की महिला को बदनाम करने वाला शातिर गिरफ्तार

Published: Fri, 13 Nov 2026 01:37 PM (GMT+05:30)

नूरपुर पुलिस ने पंजाब से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिस पर फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर एक महिला और उसके परिवार को बदनाम करने का आरोप है।

फर्जी इंस्टाग्राम आईडी से महिला को बदनाम करने का आरोप, पंजाब से आरोपी गिरफ्तार।

फर्जी इंस्टाग्राम आईडी से महिला को बदनाम करने का आरोप, पंजाब से आरोपी गिरफ्तार।

HighLights

  1. फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर महिला को बदनाम करने का आरोप।

  2. नूरपुर पुलिस ने पंजाब से आरोपी को किया गिरफ्तार।

  3. अश्लील टिप्पणियां, नंबर सार्वजनिक करने और धमकी देने का मामला।

संवाद सूत्र, भदरोआ। इंटरनेट मीडिया पर फर्जी पहचान बनाकर महिला और उसके परिवार को बदनाम करने तथा मानसिक रूप से परेशान करने के आरोप में नूरपुर पुलिस ने पंजाब से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

आरोपी की पहचान शाम लाल निवासी शेरपुर चौक, लुधियाना (पंजाब) के रूप में हुई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्मचंद वर्मा ने बताया कि आरोपी ने महिला के नाम से अलग-अलग फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाईं और उसकी तथा परिवार की तस्वीरें अपलोड कीं।

तस्वीरों के साथ अश्लील और आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं। आरोपी ने महिला का मोबाइल नंबर भी इंटरनेट मीडिया पर सार्वजनिक कर दिया, जिसके बाद उसे अज्ञात नंबरों से लगातार फोन आने लगे। इससे महिला और उसका परिवार परेशान था।

पुलिस के अनुसार आरोपी पर व्हाट्सऐप के माध्यम से महिला और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। इस संबंध में पुलिस थाना डमटाल में 26 अगस्त को मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए नूरपुर पुलिस ने साइबर सेल की मदद से जांच की।

तकनीकी साक्ष्यों और डिजिटल जानकारियों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे पंजाब से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने महिला के नाम से बनाए गए फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट ब्लाक और डिलीट भी करवाए हैं, ताकि आपत्तिजनक सामग्री का प्रसार रोका जा सके। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि फर्जी अकाउंट के जरिए महिला को कितने समय से परेशान किया जा रहा था और क्या इस प्रकरण में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है।

नूरपुर पुलिस ने लोगों से इंटरनेट मीडिया का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करने और किसी की तस्वीर, मोबाइल नंबर या निजी जानकारी का दुरुपयोग न करने की अपील की है। किसी को बदनाम करने, अश्लील टिप्पणियां करने या इंटरनेट पर धमकियां देने पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है। फर्जी अकाउंट से परेशान किए जाने पर चैट, स्क्रीनशाट, फोन से जुड़े विवरण और अन्य डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित रखकर बिना देरी पुलिस को शिकायत दें।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।