पंजाब चुनाव 2027: मालवा का केंद्र मोगा बना शक्ति प्रदर्शन का गढ़, 69 सीटों को साधने में जुटे दल
मालवा के केंद्र में स्थित मोगा और किली चाहलां पंजाब की राजनीति में बड़े शक्ति प्रदर्शन का केंद्र बन गए हैं। 2027 के चुनाव से पहले सभी दल यहां बड़ी रैलियां कर रहे हैं।

मोगा में आज हुई आम आदमी पार्टी की रैली।
HighLights
मोगा पंजाब में राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन का प्रमुख केंद्र।
मालवा क्षेत्र की 69 सीटों के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण।
ऐतिहासिक अकाली दल कन्वेंशन ने मोगा को पहचान दिलाई।
गुरप्रेम लहरी, बठिंडा। पंजाब की राजनीति में मोगा अब केवल एक जिला मुख्यालय नहीं, बल्कि राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन का बड़ा केंद्र बन चुका है। विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही राजनीतिक दलों की बड़ी रैलियों के लिए मोगा पहली पसंद बनकर उभरता है। आम आदमी पार्टी हो या कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल या भाजपा, सभी दल यहां रैली कर प्रदेश की राजनीति में अपनी ताकत का संदेश देने की कोशिश करते रहे हैं।
इसके पीछे केवल संयोग नहीं, बल्कि भौगोलिक स्थिति, चुनावी गणित और राजनीतिक इतिहास की अहम भूमिका है। मोगा को रैलियों के लिए चुनने का सबसे बड़ा कारण मालवा क्षेत्र की राजनीतिक अहमियत है।
पंजाब विधानसभा की 117 सीटों में से 69 सीटें मालवा क्षेत्र में आती हैं। यानी प्रदेश की लगभग 59 प्रतिशत विधानसभा सीटों का राजनीतिक भविष्य इसी क्षेत्र से तय होता है। ऐसे में मालवा के केंद्र में स्थित मोगा से रैली करके राजनीतिक दल एक साथ कई जिलों के मतदाताओं और कार्यकर्ताओं तक अपना संदेश पहुंचाने की कोशिश करते हैं। बठिंडा, फिरोजपुर, फरीदकोट, लुधियाना और आसपास के क्षेत्रों से यहां पहुंचना अपेक्षाकृत आसान है।
यह भी पढ़ें- 'मोदी सरकार ने इतनी महंगाई बढ़ाई कि घर चलाना मुश्किल', पंजाब में चुनावी बिगुल फूंकने मोगा पहुंचे अरविंद केजरीवाल
अकाली दल की मोगा कन्वेंशन
मोगा को राजनीतिक रैलियों के बड़े केंद्र के रूप में पहचान दिलाने में शिरोमणि अकाली दल की ऐतिहासिक भूमिका रही है। फरवरी 1996 में अकाली दल ने यहां अपना 75वां स्थापना दिवस सम्मेलन आयोजित किया था। इस सम्मेलन को मोगा कन्वेंशन के नाम से जाना जाता है।
इसी मंच से पार्टी ने 'पंजाब, पंजाबी और पंजाबियत' का नारा दिया था। इसके बाद मोगा अकाली दल की बड़ी राजनीतिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र बन गया। समय के साथ दूसरी पार्टियों ने भी इस स्थान की राजनीतिक उपयोगिता को समझा और यहां बड़े आयोजन करने शुरू कर दिए।
किली चाहलां बना शक्ति प्रदर्शन का मैदान
मोगा जिले का किली चाहलां गांव भी राजनीतिक रैलियों की पहचान बन चुका है। यहां बड़े स्तर पर जनसभाएं आयोजित करने के लिए पर्याप्त खुला स्थान उपलब्ध है। आसपास के जिलों से बसों और निजी वाहनों के माध्यम से समर्थकों को लाना भी सुविधाजनक रहता है। किसी पार्टी के लिए हजारों समर्थकों की मौजूदगी दिखाकर संगठनात्मक ताकत का प्रदर्शन करना हो तो यह स्थान उपयोगी साबित होता है।
यह भी पढ़ें- 'बड़े नेता छोड़ें टिकट का मोह, 70 सीटों पर दें युवाओं को मौका', राजा वड़िंग का पंजाब कांग्रेस को सुझाव
चुनाव से पहले फिर बढ़ा सियासी महत्व
2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए मोगा का महत्व एक बार फिर बढ़ गया है। 26 नवंबर को आम आदमी पार्टी ने स्थापना दिवस के अवसर पर मोगा में खुशहाल पंजाब रैली आयोजित की। वहीं, अकाली दल-भाजपा गठबंधन की ओर से भी 8 दिसंबर को यहां बड़ी रैली प्रस्तावित है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शामिल होने की घोषणा की गई है। ऐसे में मोगा एक बार फिर सत्तापक्ष और विपक्ष के शक्ति प्रदर्शन का केंद्र बनता दिखाई दे रहा है।
राजनीतिक विश्लेषण के लिहाज से मोगा की रैलियों का महत्व केवल भीड़ जुटाने तक सीमित नहीं है। यहां से राजनीतिक दल मालवा के मतदाताओं को संदेश देने के साथ-साथ अपने कार्यकर्ताओं में चुनावी उत्साह भरने और विरोधियों को अपनी ताकत दिखाने की कोशिश करते हैं।
हालांकि रैली में उमड़ी भीड़ को चुनावी समर्थन का सीधा पैमाना नहीं माना जा सकता, लेकिन इतना जरूर है कि पंजाब की सत्ता की लड़ाई में मालवा की निर्णायक भूमिका के कारण मोगा राजनीतिक दलों के लिए एक महत्वपूर्ण लॉन्चिंग पैड बन चुका है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।