बठिंडा कैंट की जासूसी कर रहा था फिरोजपुर का युवक, ISI के लिए सैन्य ठिकानों की संवेदनशील जानकारी भेजने का आरोप
बठिंडा में सैन्य ठिकानों की संवेदनशील जानकारी आईएसआई को भेजने के आरोप में सतनाम सिंह को गिरफ्तार किया गया है। काउंटर इंटेलिजेंस, पुलिस और मिलिट्री इंटेलिजेंस ने संयुक्त कार्रवाई की।

ये प्रतीकात्मक तस्वीर है।
HighLights
पंजाब पुलिस ने आईएसआई जासूस को बठिंडा से दबोचा।
आरोपी सैन्य प्रतिष्ठानों की संवेदनशील जानकारी पाकिस्तान भेजता था।
फिरोजपुर निवासी सतनाम सिंह पर कई पुराने मामले भी दर्ज।
जागरण संवाददाता, बठिंडा। पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस बठिंडा टीम ने जासूसी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के आपरेटिव्स के लिए कथित तौर पर काम करने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपित पर बठिंडा छावनी (कैंट) स्थित रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण सैन्य प्रतिष्ठानों की संवेदनशील जानकारी और लोकेशन पाकिस्तान में बैठे आईएसआई आपरेटिव्स तक पहुंचाने का आरोप है।
इस कार्रवाई को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से पंजाब पुलिस की एक बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान जिला फिरोजपुर के गांव जखरावा वासी सतनाम सिंह उर्फ सत्तू के रूप में हुई है। काउंटर इंटेलिजेंस बठिंडा ने विशेष खुफिया सूचनाओं के आधार पर स्थानीय पुलिस बठिंडा और मिलिट्री इंटेलिजेंस यूनिट, बठिंडा (साउथ वेस्टर्न कमांड) के सहयोग से यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, आरोपित के पाकिस्तान स्थित आपरेटिव्स के साथ कथित संबंधों की जानकारी मिलने के बाद उसे हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान सामने आया कि आरोपित कई पाकिस्तानी आईएसआई आपरेटिव्स के संपर्क में था।
उनके निर्देशों पर बठिंडा कैंट में स्थित सैन्य प्रतिष्ठानों की जानकारी और उनके स्थान संबंधी संवेदनशील विवरण साझा कर रहा था। जांच एजेंसियों के मुताबिक, यह जानकारी जासूसी के उद्देश्य से भेजी जा रही थी, जिससे देश की राष्ट्रीय सुरक्षा को संभावित खतरा पैदा हो सकता था।
यह भी पढ़ें- सरहिंद रेलवे ट्रैक पर सीमेंट पिलर रखने की साजिश में एक गिरफ्तार, ट्रेन पलटाने की थी कोशिश, दो दिन का रिमांड मिला
तीन पुराने मामलों में भी था वांछित
इस मामले में थाना सिविल लाइंस बठिंडा में एफआईआर नंबर 0346, दिनांक 25 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 113(3) और 152 तथा आफिशियल सीक्रेट्स एक्ट 1923 की धारा 3 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपित के खिलाफ जिला फिरोजपुर में पहले से तीन एफआईआर दर्ज हैं।
इनमें 14 मई 2022 को थाना सदर फिरोजपुर में दर्ज मामला शामिल है, जिसमें आरोपित जमानत पर है। इसके अलावा 27 फरवरी 2026 को आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज मामले में ड्रोन और कारतूस बरामदगी के संबंध में वह वांछित है।
वहीं, 22 सितंबर 2026 को थाना अरिफ के में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामले में 6.25 किलोग्राम हेरोइन की बरामदगी के संबंध में भी आरोपी की तलाश थी। जांच एजेंसियां अब आरोपित से पूछताछ के आधार पर उसके जासूसी नेटवर्क की पूरी जानकारी जुटाने, पाकिस्तान स्थित आपरेटिव्स से उसके संपर्कों की पुष्टि करने और इस गतिविधि में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी हैं।
यह भी पढ़ें- सरहिंद हाईवे बस हादसा: उपचार के दौरान मासूम और बुजुर्ग ने तोड़ा दम, मृतकों की संख्या पहुंची तीन
2026 में काउंटर इंटेलिजेंस की बड़ी उपलब्धियां
काउंटर इंटेलिजेंस बठिंडा ने वर्ष 2026 में अब तक विभिन्न अभियानों के दौरान 23 पिस्तौल, 63 जिंदा कारतूस, दो हैंड ग्रेनेड और तीन किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। इसके अलावा एक किलोग्राम आईस (क्रिस्टल मेथामफेटामाइन), 180 किलोग्राम चूरा पोस्त और पांच किलोग्राम अफीम भी बरामद की गई है।
एजेंसी ने आईएसआई आपरेटिव्स के निर्देशों पर सैन्य प्रतिष्ठानों और सैन्य कर्मियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए कथित तौर पर लगाए गए दो सीसीटीवी कैमरे भी बरामद किए हैं। इसके साथ ही बठिंडा में पेट्रोल बम हमले के दो मामलों को भी सुलझाने का दावा किया गया है।
इस पूरी कार्रवाई की जानकारी एसएसपी बठिंडा सुहैल कासिम मीर और एआईजी काउंटर इंटेलिजेंस बठिंडा अवनीत कौर सिद्धू ने साझा की। पंजाब पुलिस ने स्पष्ट किया है कि राज्य की शांति, सुरक्षा और राष्ट्रीय हितों के खिलाफ गतिविधियों में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।