सरहिंद रेलवे ट्रैक पर सीमेंट पिलर रखने की साजिश में एक गिरफ्तार, ट्रेन पलटाने की थी कोशिश, दो दिन का रिमांड मिला
सरहिंद रेलवे ट्रैक पर सीमेंट के पिलर रखने की साजिश मामले में जीआरपी एसआईटी ने मोंटू को गिरफ्तार कर दो दिन के रिमांड पर लिया है। परिवार ने उसे निर्दोष बताया है।

घटना के दिन जांच करता हुआ पुलिस।
HighLights
सरहिंद में ट्रेन पलटाने की साजिश का खुलासा।
जीआरपी ने 26 वर्षीय मोंटू को किया गिरफ्तार।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की पहचान हुई।
नवनीत छिब्बर, फतेहगढ़ साहिब। सरहिंद-ब्राह्मण माजरा बाइपास फ्लाईओवर के पास रेलवे के लूप ट्रैक पर सीमेंट के भारी पिलर रखकर बड़े रेल हादसे को अंजाम देने की नाकाम साजिश के मामले में जीआरपी (राजकीय रेलवे पुलिस) को बड़ी सफलता मिली है। एआईजी जीआरपी अमरदीप सिंह के निर्देश पर गठित विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने घटनास्थल के समीप बाइपास फ्लाईओवर के पास रहने वाले 26 वर्षीय युवक मोंटू को उसके घर से गिरफ्तार किया है।
डीएसपी गुरदीप सिंह की अगुवाई में गठित इस एसआईटी ने शुरुआती जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाए। पुलिस के मुताबिक, फुटेज में आरोपित मध्यरात्रि के समय संदिग्ध परिस्थितियों में घटनास्थल के आसपास घूमता दिखाई दे रहा है। इसी आधार पर उसकी पहचान कर गिरफ्तारी की गई। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपित मोंटू पर पहले से चोरी के तीन मामले दर्ज हैं।
यह भी पढ़ें- पंजाब में ट्रेन को डिरेल करने की साजिश! रेल पटरी पर रखे सीमेंट के भारी पिलर, गार्ड की सतर्कता से टला हादसा
साजिश की कड़ियां जोड़ रही पुलिस
अदालत से आरोपित का दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल करने के बाद एसआईटी अब इस साजिश की आगे की कड़ियां जोड़ने में जुट गई है। पुलिस टीम उसकी काल डिटेल रिकार्ड (सीडीआर), ट्रैवलिंग हिस्ट्री और बैंक खाते और दूसरे लेनदेन की गहनता से जांच कर रही है।
जांच अधिकारी यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि इस हरकत के पीछे उसका मकसद क्या था और क्या इसमें उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति या गिरोह भी शामिल है। गौरतलब है कि मंगलवार रात 12:19 बजे जम्मू जा रही संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के गार्ड की सतर्कता से समानांतर लूप ट्रैक पर रखे एफएम लिखे दो भारी पिलरों का समय रहते पता चल गया था, जिससे एक बड़ा रेल हादसा टल गया।
यह भी पढ़ें- पंजाब में ट्रेन को डिरेल करने की साजिश! रेल पटरी पर रखे सीमेंट के भारी पिलर, गार्ड की सतर्कता से टला हादसा
परिवार ने पुलिस पर लगाया आरोप
गिरफ्तार आरोपित मोंटू की बहन अंजू ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए भाई को निर्दोष बताया है। अंजू के अनुसार, मोंटू अब सुधर चुका है और दिहाड़ी मजदूरी करता है। घटना से एक रात पहले वह किसी के साथ ट्रक पर पानीपत गया था और सोमवार शाम को लौटने के बाद बाहर चला गया था। चूंकि पिता और भाई दोनों शराब के आदी हैं, इसलिए वह सोमवार मध्यरात्रि के बाद नशे की हालत में घर लौटा था।
पुलिस केवल रास्ते से गुजरने की फुटेज के आधार पर उसे फंसा रही है। अब जांच में साफ होगा कि संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के गुजरने से ठीक दो मिनट पहले (रात 12:17 बजे) ट्रैक के पास टार्च की रोशनी में कुछ देखता दिख रहा और रास्ते से गुजरता दिख रहा संदिग्ध मोंटू ही है या कोई और भी इसमें शामिल है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।