'पार्क नहीं पहुंची तो जिंदा नहीं छोड़ेंगे', मां से फोन पर बयां किया दर्द और बठिंडा में झील में कूद गई छात्रा
बठिंडा में मनचलों की धमकियों और मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर 19 वर्षीय कॉलेज छात्रा ने झील में कूदकर खुदकुशी ...और पढ़ें

ये प्रतीकात्मक तस्वीर है।
HighLights
19 वर्षीय छात्रा ने मनचलों की प्रताड़ना से आत्महत्या की।
मां को फोन पर बताई थी आपबीती, फिर झील में कूदी।
तीन युवकों पर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस।
जागरण संवाददाता, बठिंडा। बठिंडा में मनचलों की कथित धमकियों और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर 19 वर्षीय कालेज छात्रा द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान गांव किल्ली निहाल सिंह वाला निवासी पिंदर कौर के रूप में हुई है। वह बाबा फरीद कालेज दियोण में आपरेशन थिएटर टेक्नीशियन का कोर्स कर रही थी।
आरोप है कि तीन युवक उसे लगातार परेशान कर रहे थे। इनमें से एक युवक उस पर दोबारा दोस्ती करने और बातचीत बनाए रखने का दबाव डाल रहा था।आरोपितों की धमकियों से परेशान छात्रा ने अपनी मां को फोन कर आपबीती सुनाई थी। इसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया और अगले दिन उसका शव बठिंडा के जागर पार्क स्थित झील में मिला।
मृतका के पिता शिवराज सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी पिंदर कौर 31 अक्टूबर को कालेज से छुट्टी के बाद गांव भागू में अपनी बुआ किरनदीप कौर के घर गई थी। रविवार की छुट्टी बिताने के बाद 2 नवंबर को वह सुबह निजी बस से बठिंडा के लिए रवाना हुई थी। शिवराज सिंह के अनुसार 2 नवंबर की सुबह करीब 9 बजे पिंदर ने अपनी मां जसवीर कौर को फोन किया।
उसने बताया कि वह उस दिन अस्पताल नहीं जाएगी और पहले कालेज जाने के बाद जागर पार्क पहुंचेगी। फोन पर पिंदर काफी घबराई हुई थी। उसने मां को बताया कि वह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव और परेशानी से गुजर रही है तथा कुछ युवक उसे लगातार तंग कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें- संगरूर बस हादसा: पंजाब मुख्यमंत्री मान ने व्यक्त किया शोक, हादसे में मारे गए लोगों और घायलों की लिस्ट जारी
पुराना दोस्त बना रहा था दोस्ती का दबाव
पिंदर ने अपनी मां को बताया कि उनके गांव का रहने वाला यादवीर सिंह उर्फ निंजा उर्फ जादू पहले उसका दोस्त था। कुछ समय पहले उसकी हरकतों से परेशान होकर उसने उससे दूरी बना ली थी। इसके बावजूद यादवीर उसे लगातार परेशान कर रहा था और दोबारा दोस्ती करने तथा बातचीत करने के लिए दबाव डाल रहा था।
छात्रा के मुताबिक, यादवीर के दो अन्य दोस्त शंटी सिंह निवासी फूस मंडी और लवप्रीत सिंह उर्फ लव निवासी खेता सिंह बस्ती भी उसे परेशान करने लगे थे। आरोप है कि ये दोनों युवक भी उस पर दोस्ती करने का दबाव बना रहे थे और ऐसा नहीं करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां दे रहे थे।
जागर पार्क नहीं पहुंचने पर दी धमकी
पिंदर ने मां को बताया कि शंटी सिंह और लवप्रीत सिंह उस समय जागर पार्क पहुंच रहे थे। उन्होंने उसे भी पार्क में मिलने के लिए बुलाया था और धमकी दी थी कि यदि वह वहां नहीं पहुंची तो उसे जिंदा नहीं छोड़ेंगे। इन धमकियों से वह बुरी तरह डर गई थी। उसने मां को कहा कि वह अब इस परेशानी से तंग आ चुकी है।
बेटी की बातें सुनकर मां जसवीर कौर घबरा गई। उसने रोते हुए बेटी को समझाया कि वह किसी से डरे नहीं और कोई गलत कदम न उठाए। मां ने उसे घर लौट आने के लिए कहा और भरोसा दिलाया कि परिवार उसके साथ है तथा पूरी परेशानी का समाधान निकाला जाएगा।
मां लगातार बेटी को हिम्मत रखने के लिए कहती रही, लेकिन कुछ देर बाद फोन पर सिसकियों की आवाज आने लगी। इसके बाद अचानक काल कट गई। मां ने दोबारा फोन मिलाया तो पिंदर का मोबाइल स्विच आफ आने लगा।
यह भी पढ़ें- पंजाब में नहीं थम रहा पराली का धुआं, अब तक 5002 मामले आए सामने; 1155 किसानों पर FIR और ₹80 लाख का जुर्माना
रातभर तलाशते रहे पिता और दादा
बेटी से संपर्क टूटने के बाद परिवार में हड़कंप मच गया। पिता शिवराज सिंह और पिंदर के दादा उसे तलाशने के लिए बठिंडा पहुंच गए। उन्होंने बस स्टैंड, कालेज और जागर पार्क सहित विभिन्न स्थानों पर रातभर उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
अगले दिन यानी 3 नवंबर की सुबह जागर पार्क की झील में एक युवती का शव पानी में तैरता दिखाई दिया। सूचना मिलने पर पुलिस और गोताखोर मौके पर पहुंचे। शव को झील से बाहर निकाला गया तो उसकी पहचान पिंदर कौर के रूप में हुई। बेटी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
तीन युवकों के खिलाफ मामला दर्ज
पिता शिवराज सिंह की शिकायत पर पुलिस ने यादवीर सिंह उर्फ निंजा, शंटी सिंह और लवप्रीत सिंह उर्फ लव के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपितों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना), 351(2) (आपराधिक धमकी) और 3(5) (साझी मंशा) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है और नामजद आरोपितों की तलाश की जा रही है।'
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।