पंजाब में जनगणना का दूसरा चरण शुरू, घर बैठे भरें ऑनलाइन फॉर्म, जानें क्या हैं पूछे जाने वाले 40 सवाल
पंजाब में जनगणना के दूसरे चरण की शुरुआत हो गई है। लोगों से जाति, डिजिटल साक्षरता और बैंक खातों समेत ...और पढ़ें

ये AI जनरेटेड प्रतीकात्मक तस्वीर है।
HighLights
जनगणना का दूसरा चरण शुरू, ऑनलाइन फॉर्म उपलब्ध।
डिजिटल साक्षरता और पलायन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
व्यक्तिगत जानकारी गोपनीय रहेगी, 40 सवाल पूछे जाएंगे।
जागरण संवाददाता, बठिंडा। पंजाब में जनगणना के दूसरे चरण की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस चरण में लोगों से कुल 40 सवाल पूछे जाएंगे। इनमें जाति, धर्म, वैवाहिक स्थिति, बैंक खातों, पलायन और कोरोना वैक्सीन से संबंधित जानकारी शामिल होगी। इसके अलावा पहली बार डिजिटल साक्षरता को लेकर भी सवाल पूछे जाएंगे।
लोगों को बताना होगा कि वे मोबाइल, कंप्यूटर और इंटरनेट चलाना जानते हैं या नहीं। जनगणना की प्रक्रिया को तीन चरणों में पूरा किया जाएगा। पहले चरण में 16 से 30 नवंबर तक लोग घर बैठे आनलाइन जानकारी भर सकेंगे। इसके बाद 1 दिसंबर से 4 जनवरी 2027 तक सरकारी कर्मचारी घर-घर जाकर जानकारी जुटाएंगे। वहीं, 5 से 9 जनवरी 2027 तक छूटी हुई जानकारी और दर्ज आंकड़ों में गलतियों को सुधारने का अवसर मिलेगा।
यह भी पढ़ें- पंजाब में जनगणना-2027 के दूसरे चरण का आगाज, मुख्यमंत्री भगवंत मान ने परिवार संग की स्व-गणना
फार्म भरने पर मिलेगा यूनिक रेफरेंस नंबर
आनलाइन जनगणना के लिए लोगों को आधिकारिक पोर्टल पर जाना होगा। यहां राज्य या केंद्र शासित प्रदेश के विकल्प में पंजाब चुनने के बाद कैप्चा भरकर रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू करनी होगी। रजिस्ट्रेशन के दौरान परिवार के मुखिया का नाम और सक्रिय मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा। दिए गए मोबाइल नंबर पर ओटीपी आएगा, जिसके सत्यापन के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी। एक परिवार के लिए एक ही मोबाइल नंबर मान्य होगा।
फार्म जमा होने के बाद परिवार को एक यूनिक रेफरेंस नंबर मिलेगा। लोगों को अपने घर का जिला, शहर या गांव, मोहल्ला, नजदीकी लैंडमार्क और पिन कोड जैसी जानकारी भी देनी होगी। इसके साथ डिजिटल मैप पर मकान की सही लोकेशन दर्ज करनी होगी। फार्म भरने के बाद सभी जानकारियों की जांच करके ही उसे सबमिट करना होगा।
घर-घर जाकर जानकारी का होगा सत्यापन
जो लोग आनलाइन फार्म नहीं भरेंगे, उनके घर जनगणना कर्मचारी पहुंचेंगे। कर्मचारी निर्धारित 40 सवालों के जवाब दर्ज करेंगे। आनलाइन फार्म भर चुके लोगों को सत्यापन के दौरान अपना रेफरेंस नंबर दिखाना होगा, जिससे प्रक्रिया आसान हो सकेगी। जबकि 5 से 9 जनवरी 2027 के बीच छूटे हुए लोगों की जानकारी दर्ज करने और गलतियों को ठीक करने का अवसर भी दिया जाएगा। इस दौरान जनगणना से जुड़े आंकड़ों की जांच की जाएगी।
यह भी पढ़ें- देश की पहली डिजिटल जनगणना 2027, पंजाब में 16 से 30 नवंबर तक ऑनलाइन खुद भर सकेंगे जानकारी; जानें पूरी प्रक्रिया
डिजिटल साक्षरता और पलायन पर रहेगा जोर
इस बार जनगणना में लोगों की डिजिटल क्षमताओं के साथ-साथ उनके स्थान परिवर्तन से जुड़ी जानकारी भी जुटाई जाएगी। लोगों से पूछा जाएगा कि उन्होंने अपना ठिकाना क्यों बदला। इससे लोगों के आवागमन और पलायन से संबंधित आंकड़े जुटाने में मदद मिलेगी।
व्यक्तिगत जानकारी रहेगी गोपनीय
जनगणना के दौरान जुटाई जाने वाली व्यक्तिगत जानकारी की गोपनीयता को लेकर भी प्रावधान हैं। रिपोर्ट के अनुसार, जनगणना कानून, 1948 के तहत एकत्र की गई व्यक्तिगत जानकारियों को गोपनीय रखा जाएगा। इनका इस्तेमाल सरकारी आंकड़े तैयार करने और योजनाओं के निर्माण के लिए किया जाएगा।
प्रशासन की ओर से लोगों को सलाह दी जा रही है कि वे फार्म भरते समय सही जानकारी दें और आनलाइन प्रक्रिया पूरी करने के बाद प्राप्त रेफरेंस नंबर सुरक्षित रखें, ताकि सत्यापन के समय परेशानी न हो। जबकि जनगणना-2027 के दूसरे चरण के तहत स्व-गणना की प्रक्रिया 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक आयोजित की जाएगी।
इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक जनगणना का कार्य किया जाएगा। नागरिक 16 से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना के माध्यम से अपने परिवार और अन्य आवश्यक विवरण स्वयं दर्ज कर सकेंगे। पहली बार नागरिकों को खुद अपना डेटा भरने की सुविधा प्रदान की गई है।
इन 40 सवालों के देने होंगे जवाब
- व्यक्ति का नाम: पारिवारिक सदस्यों के नाम।
- मुखिया से रिश्ता: परिवार के मुख्य व्यक्ति से क्या रिश्ता है।
- लिंग: पुरुष, महिला या अन्य
- जन्म तिथि और उम्र: जन्म की तारीख और पूरे हो चुके सालों में उम्र
- आवास: घर में उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं के बारे में
- वैवाहिक स्थिति: शादीशुदा, अविवाहित, विधवा, तलाकशुदा आदि
- शादी के समय उम्र: शादी के समय कितने साल के थे
- पति/पत्नी का नाम: यदि लागू हो तो जीवनसाथी का नाम
- नागरिकता: व्यक्ति द्वारा बताई गई राष्ट्रीयता
- धर्म: व्यक्ति का धर्म
- जाति: अनुसूचित जाति/ अनुसूचित जनजाति/ जाति
- पिता की जानकारी: पिता का नाम और ब्योरा
- माता की जानकारी: माता का नाम और ब्योरा
- दिव्यांगता: यदि कोई शारीरिक या मानसिक दिव्यांगता है
- मातृभाषा और दूसरी भाषाएं: मातृभाषा के अलावा कौन सी भाषाएं आती हैं
- साक्षरता और डिजिटल जानकारी: पढ़ने-लिखने की योग्यता के साथ-साथ डिजिटल साधन (जैसे स्मार्टफोन, कंप्यूटर/इंटरनेट) इस्तेमाल करने की जानकारी
- पढ़ाई-लिखाई की स्थिति: अभी स्कूल, कालेज या किसी संस्थान में पढ़ रहे हैं या नहीं
- कुल पढ़ाई और विषय: सबसे ऊंची डिग्री/क्लास और किस स्ट्रीम/विषय से पढ़ाई की है
- पिछले साल कोई काम किया या नहीं: रोजगार/कामकाज में हिस्सा लिया या नहीं
- आर्थिक कामकाज की कैटेगरी: मुख्य काम, पार्ट-टाइम काम या कोई काम नहीं करने की स्थिति
- काम/नौकरी का प्रकार: किया जाने वाला काम या नौकरी
- इंडस्ट्री, बिजनेस या सर्विस का प्रकार: जिस जगह या फील्ड में काम करते हैं उसका स्वरूप
- वर्कर की कैटेगरी: मालिक, कर्मचारी, अकेले काम करने वाले या पारिवारिक कामगार
- गैर-आर्थिक गतिविधियां: पार्ट-टाइम काम करने वालों या कोई काम न करने वालों की गतिविधियां
- काम की तलाश या काम के लिए उपलब्धता: क्या व्यक्ति काम ढूंढ रहा है या काम करने के लिए तैयार है
- काम की जगह तक का सफर: काम पर जाने का साधन और दूरी
- जन्म की जगह: जन्म का गांव, शहर, जिला या राज्य/देश
- पुराना रहने का ठिकाना: हाल में रहने से पहले पुरानी रहने की जगह कहां थी
- जगह बदलने (माइग्रेशन) की वजह: नौकरी, शादी, पढ़ाई, बिजनेस या किसी और वजह से जगह बदलना
- जगह बदलने के बाद से इस गांव/शहर में रहने का समय: मौजूदा जगह पर कितने सालों से रह रहे हैं
- पक्का पता: मूल या पक्का घर का पता
- अभी जीवित बच्चों की संख्या: (केवल शादीशुदा, विधवा, तलाकशुदा और अलग रह रही महिलाओं के लिए)
- पिछले एक साल में जन्म लेने वाले जीवित बच्चों की संख्या: (केवल शादीशुदा महिलाओं के लिए)
- कोरोना वैक्सीन लगवाने की जगह: कोविड टीका कहां लगवाया गया था
- बैंक खातों की कुल संख्या: व्यक्ति या परिवार के सदस्यों के कुल बैंक अकाउंट की संख्या
- मोबाइल नंबर (यदि उपलब्ध हो): संपर्क नंबर
- पहचान पत्र ब्योरा (यदि उपलब्ध हो): विशिष्ट सरकारी पहचान पत्र की जानकारी
- वोटर आइडी नंबर (यदि उपलब्ध हो): वोटर कार्ड नंबर
- पासपोर्ट नंबर: यदि भारतीय पासपोर्ट है तो उसका नंबर
- ड्राइविंग लाइसेंस: ड्राइविंग लाइसेंस है या नहीं
यह भी पढ़ें- पंजाब में 16 नवंबर से शुरू होगी ऑनलाइन स्व-गणना, जनगणना 2027 का प्रचार शुरू; रवाना की गईं 9 डिजिटल वैन
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।