ब्रेन स्टेम डेथ के बाद मरीजों के अंगदान की पहल करेगा AIIMS बठिंडा, परिवारों की काउंसलिंग करेगी चार सदस्य कमेटी
ब्रेन स्टेम डेथ के मामलों में अंगदान को बढ़ावा देने के लिए एम्स बठिंडा में चार सदस्यीय कमेटी बनेगी। यह कमेटी स्वजनों की काउंसलिंग कर हार्ट, किडनी व लिवर दान के लिए प्रेरित करेगी।

AIIMS बठिंडा। (फाइल फोटो)
HighLights
एम्स बठिंडा ब्रेन स्टेम डेथ के बाद अंगदान शुरू करेगा।
चार सदस्यीय कमेटी परिवारों को अंगदान के लिए प्रेरित करेगी।
हृदय, किडनी, लिवर जैसे अंग दान किए जा सकेंगे।
साहिल गर्ग, बठिंडा। गंभीर बीमारी या हादसे के कारण जिन मरीजों का ब्रेन स्टेम डेथ हो जाता है, उनके अंगों को जरूरतमंद मरीजों की जान बचाने के लिए इस्तेमाल करने की दिशा में एम्स बठिंडा की ओर से पहल की जाएगी। इसके लिए पंजाब सरकार के मेडिकल एजुकेशन विभाग के प्रिंसिपल सचिव की ओर से एम्स को पत्र लिखकर अंगदान की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके तहत चार सदस्यीय कमेटी का गठन किया जाएगा, जो संभावित अंगदाताओं के स्वजनों की काउंसलिंग करेगी और उन्हें अंगदान के महत्व के बारे में जानकारी देकर इसके लिए प्रेरित करेगी।
प्रस्तावित व्यवस्था के तहत कमेटी में एम्स का एक पंजीकृत प्रभारी, सिविल अस्पताल का एक पंजीकृत मेडिकल अधिकारी, एक न्यूरोलाजिस्ट या न्यूरोसर्जन और ब्रेन स्टेम डेथ की पुष्टि करने वाला एक पंजीकृत मेडिकल अधिकारी शामिल होगा।
यह भी पढ़ें- 'सत्ता में आने पर जारी रहेंगी कल्याणकारी योजनाएं', AAP के आरोपों पर पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष का पलटवार
चिकित्सकीय जांच के बाद होगी अंगदान प्रक्रिया
कमेटी का उद्देश्य ब्रेन स्टेम डेथ के मामलों की पहचान, निर्धारित चिकित्सकीय प्रक्रिया और स्वजनों की सहमति के साथ अंगदान की प्रक्रिया को आगे बढ़ाना है। जबकि ब्रेन स्टेम डेथ ऐसी स्थिति होती है, जिसमें मस्तिष्क के उस हिस्से की सभी गतिविधियां स्थायी रूप से और अपरिवर्तनीय रूप से बंद हो जाती हैं, जो सांस लेने जैसी जीवन के लिए जरूरी गतिविधियों को नियंत्रित करता है।
ऐसे मरीज खुद सांस नहीं ले सकते और उन्हें वेंटिलेटर पर रखा जाता है। वेंटिलेटर की मदद से कुछ समय तक उनका दिल धड़कता रह सकता है और शरीर के अन्य अंगों में रक्त का संचार जारी रहता है। निर्धारित चिकित्सकीय जांच के बाद जब ब्रेन स्टेम डेथ प्रमाणित हो जाती है, तब स्वजनों की सहमति से अंगदान किया जा सकता है।
कोमा से अलग है ब्रेन स्टेम डेथ
कोमा और ब्रेन स्टेम डेथ को एक समान नहीं समझना चाहिए। कोमा में मरीज बेहोशी की गहरी अवस्था में होता है, लेकिन वह जीवित होता है। उसके मस्तिष्क की कुछ गतिविधियां और ब्रेन स्टेम के कार्य जारी रह सकते हैं। ऐसे मरीजों में उपचार के बाद सुधार की संभावना भी हो सकती है।
वहीं ब्रेन स्टेम डेथ में मस्तिष्क की सभी संबंधित गतिविधियां स्थायी रूप से बंद हो जाती हैं और इसे कानूनी रूप से मृत्यु माना जाता है। इसलिए केवल लंबे समय तक कोमा में रहने के आधार पर अंगदान नहीं किया जा सकता।
यह भी पढ़ें- फतेहगढ़ साहिब में सेवा केंद्रों पर लटके ताले, प्रमाण पत्र व अन्य कामों के लिए भटक रहे नागरिक
हार्ट, किडनी, लिवर सहित कई अंग आ सकते हैं काम
अंगदान के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को नई जिंदगी देने में मदद मिल सकती है। एम्स की ओर से उपलब्ध जानकारी के अनुसार, अंगदान की प्रक्रिया में हार्ट, किडनी, लिवर और पैंक्रियाज जैसे अंगों का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके अलावा कार्निया और त्वचा जैसे ऊतकों का भी प्रत्यारोपण के लिए उपयोग किया जा सकता है। कौन सा अंग या ऊतक दान के लिए उपयुक्त है, इसका निर्णय चिकित्सकीय जांच के आधार पर किया जाता है।
इस पहल का उद्देश्य अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और ब्रेन स्टेम डेथ के मामलों में उपलब्ध अंगों को जरूरतमंद मरीजों तक पहुंचाने की व्यवस्था को मजबूत करना है। हालांकि अंग निकालने की प्रक्रिया केवल ब्रेन स्टेम डेथ की विधिवत पुष्टि और आवश्यक सहमति मिलने के बाद ही की जा सकती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।