Back Image

Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    'भगवंत मान बिल्कुल सही... अमृतसर ही क्यों?', US विमान की लैंडिंग पर पंजाब CM को मिला कांग्रेस का साथ, BJP ने दिया जवाब

    By Agency Edited By: Prince Sharma
    Updated: Sat, 15 Feb 2025 11:48 AM (IST)

    US Deportation 2nd Flight अमेरिका से अवैध भारतीय अप्रवासियों को लेकर आज यूएस की दूसरी फ्लाइट अमृतसर एयरपोर्ट पर लैंड करेगी। इसे लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कड़ा विरोध जताया है। उन्होंने कहा कि विमान की लैंडिंग अमृतसर एयरपोर्ट पर नहीं बल्कि हिंडन एयरपोर्ट पर होनी चाहिए। उनके इस बयान पर पंजाब के नेताओं की प्रतिक्रिया भी सामने आई है।

    Hero Image
    अमृतसर एयरपोर्ट पर यूएस विमान की लैंडिंग को लेकर सियासी पारा हाई (जागरण ग्राफिक्स)

    एएनआई, पीटीआई। अमेरिका से अवैध भारतीय अप्रवासियों को लेकर आज अमेरिका की दूसरी फ्लाइट अमृतसर एयरपोर्ट पर लैंड करेगी। इसे लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शुक्रवार को कड़ा विरोध भी जताया।

    उन्होंने केंद्र को घेरते हुए कहा कि विमान की लैंडिंग अमृतसर एयरपोर्ट पर नहीं बल्कि हिंडन या किसी अन्य एयरपोर्ट पर होनी चाहिए। उनके इस बयान पर पंजाब के नेताओं की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। भगवंत मान के स्टेटमेंट को संबल कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी द्वारा मिला है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सांसद ने कहा कि ये विमान पंजाब में क्यों उतर रहे हैं? आप (केंद्र सरकार) किस तरह का संदेश देने की कोशिश कर रहे हैं? क्या आप यह संदेश देने की कोशिश कर रहे हैं कि अमेरिका में आने वाला हर अवैध अप्रवासी पंजाब से है? पंजाब के सीएम इस हद तक बिल्कुल सही हैं।

    विमान में गुजरात और हरियाणा के लोग भी थे। आप इस विमान को दिल्ली या कहीं और उतार सकते थे। हर बार अमृतसर में ही क्यों?...दिल्ली यह नहीं समझती कि पंजाब अपमान को आसानी से बर्दाश्त नहीं करता और जब दिल्ली पंजाब को अपमानित करने की कोशिश करती है तो उसे हमेशा इसकी कीमत चुकानी पड़ती है।

    यह भी पढ़ें- अमेरिका से 119 भारतीय होंगे डिपोर्ट, फिर अमृतसर आएगा हवाई जहाज; इस बार किस राज्य के कितने लोग?

    मनीष तिवारी और मान के बयान पर तरुण चुघ

    पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी के बयान पर भाजपा नेता तरुण चुघ ने भी प्रतिक्रिया दी। तरुण ने कहा, भगवंत मान और मनीष तिवारी पंजाब और देश की जनता को बताएं कि पंजाब के भोले-भाले बच्चे अवैध तरीके से क्यों गए, कैसे गए, किसने भेजा?

    उन्होंने कहा कि किन दलालों के हाथों उनका जीवन खराब हुआ? 5 साल कांग्रेस की सरकार रही 3 साल से आपदा पार्टी बैठी है ये बताएं कि उन्होंने इन दलालों के खिलाफ क्या काम किया? उन दलालों को ढूंढने के बजाय बेवजह बयानबाजी कर रहे हैं।

    प्रदेश महासचिव अनिल सरीन की भी आई प्रतिक्रिया

    वहीं, भगवंत मान के बयान पर भाजपा के प्रदेश महासचिव अनिल सरीन ने कहा कि जिन लोगों को वापस भेजा गया है और जो भारत आ रहे हैं, इसमें कोई संदेह नहीं है कि उनमें से अधिकतर पंजाब के हैं। करीब 100 यात्रियों वाले पहले विमान में 33 पंजाब के थे और आज आने वाले 119 यात्रियों वाले विमान में 66 पंजाब के हैं। विमान कहां उतरेंगे, इस पर बेकार की राजनीति की जा रही है।

    प्रदेश महासचिव ने कहा कि मुद्दा यह है कि इन लोगों को अवैध तरीके से अमेरिका किसने भेजा। लाखों रुपये खर्च करके ये लोग अवैध तरीके से विदेश जाने के लिए ट्रैवल एजेंटों को पैसे देते हैं। पंजाब सरकार बताए कि उसने उन ट्रैवल एजेंटों के खिलाफ क्या कार्रवाई की है। पंजाब के सीएम ने जिस तरह से प्रधानमंत्री के बारे में बात की है, मैं उसकी कड़ी निंदा करता हूं।

     वहीं, अकाली दल के नेता ने भी दी प्रतिक्रिया

    भगवंत मान के बयान पर शिरोमणि अकाली दल के नेता और पंजाब के पूर्व मंत्री गुलजार सिंह रणिके का भी बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि यह पंजाब का दुर्भाग्य है कि केंद्र सरकार ने प्रवासी भारतीयों को अमेरिका में बसाने के लिए कोई कदम नहीं उठाया है।

    सरकारें हमेशा पंजाब को बदनाम करने की कोशिश करती रही हैं। पंजाब एक सीमावर्ती राज्य है, खासकर अमृतसर जिला जो सीमा के पास है। यहां विमान उतारना (कथित अवैध प्रवासियों को अमेरिका ले जाना) पंजाब को बदनाम करने और यह दिखाने की साजिश है कि केवल पंजाबी ही अवैध प्रवासी हैं। विमान कहीं और भी उतर सकते हैं।

    यह भी पढ़ें- 'पंजाब के खिलाफ साजिश... केंद्र नहीं छोड़ रही कोई कसर', अमेरिकी विमान की अमृतसर में लैंडिंग पर भड़के CM मान