Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    अमृतसर में बदमाशों के हौसले बुलंद, कपड़ा व्यापारी के घर के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग; CCTV खंगालने में जुटी पुलिस

    Updated: Sun, 10 Aug 2025 10:43 AM (IST)

    अमृतसर के लोपोके थाना क्षेत्र के ठट्ठा गांव में एक कपड़ा व्यापारी गुरिंदर सिंह के घर पर अज्ञात बाइक सवार हमलावरों ने देर रात फायरिंग की। पुलिस के अनुसार यह घटना रंगदारी वसूलने के उद्देश्य से की गई है। पीड़ित को पहले कोई धमकी नहीं मिली थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

    Hero Image
    अमृतसर में कपड़ा व्यापारी के घर के बाहर फायरिंग। सांकेतिक तस्वीर

    जागरण संवाददाता, अमृतसर। पंजाब के अमृतसर जिले के लोपोके थाने के अधीन पड़ते ठट्ठा गांव में रहने वाले मस्सा सिंह के बेटे गुरिंदर सिंह के घर के बाहर शुक्रवार देर रात बाइक सवार दो हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की।

    गोलियां चलाने वाले लगभग दो मिनट तक घर के नीचे रुके रहे और फिर बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। पता चला है कि किसी गैंगस्टर द्वारा रंगदारी वसूलने के लिए वारदात को अंजाम दिया गया है। हालांकि, पीड़ित को इससे पहले किसी तरह की धमकी या फिर रंगदारी वसूलने के लिए मैसेज नहीं भेजा गया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उधर, लोपोके थाना प्रभारी इंस्पेक्टर हिमांशु भगत ने बताया कि प्राथमिक जांच में पता चला है कि कारोबारी से रंगदारी वसूलने के लिए गोलियां चलाकर दहशत फैलाई गई है। सीसीटीवी खंगाले गए हैं। कुछ फुटेज मिले हैं और आरोपितों की पहचान करवाई जा रही है।

    पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। ठट्ठा गांव के गुरिंदर सिंह ने बताया कि वह कपड़ा व्यापारी हैं। उनकी एक दुकान चौगावां चौक के पास है। शुक्रवार रात करीब साढ़े बारह बजे उनके घर के बाहर बाइक सवार दो युवक शोर मचाने लगे।

    आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए उनके घर के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। कुछ देर बाद वह बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद उन्होंने पुलिस को जानकारी दी। घटना के बाद उन्होंने देखा कि गेट पर गोलियों के निशान थे और गोलियों के कुछ खोल घर के बाहर गिरे पड़े थे।