बेअदबी कानून पर गतिरोध बरकरार, तीन बार बुलाने पर भी बैठक में नहीं पहुंची श्री अकाल तख्त साहिब की माहिर कमेटी
बेअदबी रोकथाम कानून पर गतिरोध खत्म करने के लिए तालमेल कमेटी ने माहिर कमेटी को चौथी बार 27 नवंबर की बैठक का निमंत्रण दिया, पहले तीन प्रयास विफल रहे।

सोमवार को अमृतसर के सर्किट हाउस में पहुंची सरकार की तालमेल कमेटी के सदस्य।
HighLights
पंजाब सरकार और अकाल तख्त कमेटी में बेअदबी कानून पर गतिरोध।
माहिर कमेटी ने तीन बार बुलाई बैठक में हिस्सा नहीं लिया।
सरकार की तालमेल कमेटी ने चौथी बैठक का निमंत्रण भेजा।
जागरण संवाददाता, अमृतसर। श्री गुरु ग्रंथ साहिब बेअदबी रोकथाम कानून (2026) को लेकर पंजाब सरकार और श्री अकाल तख्त साहिब के बीच जारी गतिरोध खत्म नहीं हो रहा। पंजाब सरकार की ओर से गठित की गई तालमेल कमेटी ने माहिर कमेटी से एक बार फिर बातचीत की अपील की है।
सोमवार को अमृतसर के सर्किट हाउस में पहुंची सरकार की तालमेल कमेटी ने बैठक आमंत्रित की थी, पर श्री अकाल तख्त साहिब की विशेषज्ञ कमेटी इस बार भी शामिल नहीं हुई।
सरकारी कमेटी के सदस्यों ने बताया कि तीन बार निमंत्रण भेजने के बावजूद माहिर कमेटी का कोई सदस्य बैठक में शामिल नहीं हुआ। अब चौथी बार 27 नवंबर को दोपहर 12 बजे बैठक के लिए निमंत्रण दिया गया है। कमेटी ने स्पष्ट किया कि माहिर कमेटी जहां और जिस समय बैठक करना चाहेगी, वे वहां पहुंचने के लिए तैयार हैं।
सर्किट हाउस में पहुंचे गुरुद्वारा रामपुर खेड़ा के संत बाबा सेवा सिंह के प्रतिनिधि भूपिंदर सिंह, दमदमी टकसाल के प्रतिनिधि ज्ञानी साहिब सिंह, एडवोकेट जनरल कार्यालय से एजी प्रीत इंदरपाल सिंह और सेवानिवृत्त जस्टिस साजिद पाल सिंह शामिल थे। कमेटी के अन्य सदस्य पूर्व जत्थेदार ज्ञानी रघबीर सिंह, सेवानिवृत्त जस्टिस गुरवीर सिंह और औलख साहब वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से जुड़े।
यह भी पढ़ें- SGPC के इजलास में 12 प्रस्ताव पारित, नशे के मुद्दे पर सरकार को घेरा; बंदी सिखों की रिहाई की मांग
अब चौथी बार पहल
कमेटी सदस्यों ने बताया कि 13 नवंबर को अंतरिम बैठक के बाद 18 नवंबर और 23 नवंबर को माहिर कमेटी के साथ बातचीत का प्रयास किया गया। सरकार के नोडल अधिकारी अतिरिक्त सचिव लखबीर सिंह के माध्यम से ईमेल और व्यक्तिगत रूप से निमंत्रण भेजे गए, लेकिन माहिर कमेटी की ओर से कोई प्रतिनिधि नहीं पहुंचा।
अब 27 नवंबर को सर्किट हाउस में बैठक प्रस्तावित की गई है। कमेटी ने कहा कि माहिर कमेटी श्री अकाल तख्त साहिब या किसी अन्य स्थान पर बैठक करना चाहे तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं है।
यह भी पढ़ें- प्रोड्यूसर राज कुंद्रा को झटका! श्री अकाल तख्त साहिब ने फिल्म 'निहंग' बनाने की मंजूरी देने से किया इनकार
संशोधन पर रोक लगाना उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं
माहिर कमेटी की ओर से संशोधन पर रोक लगाने की शर्त रखे जाने संबंधी सवाल पर सेवानिवृत्त जस्टिस साजिद पाल सिंह और अन्य सदस्यों ने कहा कि कानून पर रोक लगाना तालमेल कमेटी के अधिकार क्षेत्र में नहीं है।
31 जुलाई 2026 को श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से जारी पत्र में भी ऐसी कोई पूर्व शर्त नहीं रखी गई थी। पत्र में दोनों कमेटियों के बीच तालमेल स्थापित कर कानून पर आम सहमति बनाने का निर्देश दिया गया था। कानून में इस्तेमाल किए गए कस्टोडियन शब्द पर भी बातचीत से समाधान निकालने की बात कही गई।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।