Amritpal Singh के सात साथी पंजाब पहुंचे, अजनाला कोर्ट ने 4 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा
खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह के सात साथियों को पुलिस ने असम की डिब्रूगढ़ जेल से अमृतसर लाया गया है। इन पर अजनाला थाने पर हमला करने का आरोप है। इन सभी को चार दिन की रिमांड पर भेजा गया है। एनएसए हटा दिया गया है। आने वाले दिनों में अमृतपाल सिंह और पप्पलप्रीत सिंह को भी लाया जाएगा। मामला 23 फरवरी 2023 को थाना अजनाला पर हमला करने का है।

जागरण संवाददाता, अमृतसर। असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह के सात साथियों को पुलिस टीमें शुक्रवार की सुबह अमृतसर लेकर पहुंच गई। यह टीमें डिब्रूगढ़ से हवाई जहाज और आगे फिर दिल्ली से सड़क मार्ग से अजनाल पहुंच चुकी है।
सभी आरोपितों को अजनाला कोर्ट में पेश कर चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। आरोपितों ने फरवरी साल 2023 अजनाला थाने पर हमला किया था और कई पुलिस कर्मी घायल हो गए थे।
इन लोगों से हटाया गया एनएसए
डिब्रूगढ़ जेल में मामले का मुख्यारोपित खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह, पपलप्रीत सिंह और वरिंदर सिंह जौहल जेल में बंद है। उन पर अभी एनएसए की धारा लगी हुई है। वहीं जिन्हें अमृतसर लाया गया उनमे हरजीत सिंह, गुरदीप सिंह, कुलवंत सिंह, गुरमीत सिंह, भगवंत सिंह, दिलजीत सिंह और बसंत सिंह शामिल हैं। इन लोगों पर से एनएसए हटा लिया गया है।
अजनाला थाने पर हमले मामले में हुई थी गिरफ्तारी
उक्त सभी आरोपितों को पंजाब पुलिस ने दो साल पहले गिरफ्तार किया था। आरोपितों ने धार्मिक यात्रा निकालते हुए अजनाला थाने पर हमला कर दिया था। खालिस्तान समर्थकों ने पुलिस पर लाठियां चलाई और जमकर पत्थरबाजी भी की थी। इसमें कई पुलिस कर्मी जख्मी हो गए थे। घटना की कई वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुईं थी।
यह भी पढ़ें- शंभू बॉर्डर के बाद अब खनौरी का रास्ता खोलने की तैयारी, पुलिस से भिड़े प्रदर्शनकारी; हिरासत में 1300 किसान
उल्लेखनीय है कि 23 फरवरी 2023 को थाना अजनाला में खालिस्तानी समर्थक व सांसद अमृतपाल सिंह ने अपने साथी को छुड़वाने के लिए हमला कर दिया था। इस हमले में एसपी जुगराज सिंह, एएसआइ जतिंदर सिंह, पुलिस होमगार्ड का जवान सुरजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया था।
250 अज्ञातों पर मामला दर्ज
इस दौरान थाना अजनाला की पुलिस ने अमृतपाल सिंह सहित 19 लोगों का बायनेम व 250 के करीब अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था। इसके बाद पंजाब सरकार की ओर से इन पर एनएसए लगाया गया था और इन्हें असम की डिब्रूगढ़ जेल में भेज दिया था। अब इन लोगों पर एनएसए खत्म हो रहा है तो पंजाब पुलिस इन्हें अजनाला थाना में किए गए हमले के मामले की जांच के लिए गिरफ्तार कर रही है।
आने वाले दिनों में सांसद अमृतपाल सिंह और पप्पलप्रीत सिंह को भी लाया जाएगा। एसएसपी देहाती मनिंदर सिंह का कहना है कि इस मामले की जांच करने के लिए उन्हें लाया जाएगा।
यह भी पढ़ें- अमृतपाल सिंह के 7 साथियों को लाया जा रहा अमृतसर, आरोपियों पर लगा NSA भी हटा; क्या है इसके पीछे की वजह?
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।