रेल यात्री ध्यान दें! फगवाड़ा में FOB निर्माण के चलते शान-ए-पंजाब दो दिन लुधियाना से चलेगी; कई ट्रेनें प्रभावित
फगवाड़ा स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज निर्माण के कारण शान-ए-पंजाब दो दिन लुधियाना से चलेगी। कई ट्रेनें नियंत्रित रहीं, जबकि छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस ढाई घंटे देरी से रवाना हुई।

शान-ए-पंजाब एक्सप्रेस।
HighLights
फगवाड़ा में दिव्यांग यात्रियों के लिए फुट ओवरब्रिज का निर्माण कार्य शुरू।
शान-ए-पंजाब एक्सप्रेस अगले दो दिन लुधियाना से चलेगी, यात्री परेशान।
कई अन्य ट्रेनें भी फिरोजपुर मंडल में 40 मिनट तक रेगुलेट होंगी।
गगनदीप शर्मा, अमृतसर। फिरोजपुर मंडल के साहनेवाल-अमृतसर रेल सेक्शन पर स्थित फगवाड़ा रेलवे स्टेशन में दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए फुट ओवरब्रिज (एफओबी) का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। इसका सीधा असर अमृतसर-नई दिल्ली के बीच चलती लंबी दूरी की ट्रेनों पर साफ तौर पर देखने को मिल रहा है। सोमवार को ट्रेन संख्या (12498/97) अमृतसर-नई दिल्ली शान-ए-पंजाब एक्सप्रेस लुधियाना स्टेशन तक आई-गई।
इसके अतिरिक्त (22429) दिल्ली-पठानकोट, (11057) छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस-अमृतसर और (14623) वाराणसी-छेहरटा सीर गोवर्धन एक्सप्रेस को फिरोजपुर मंडल में 40-40 मिनट तक रेगुलेट किया गया।
अगले दो दिन अर्थात् मंगलवार-बुधवार को भी (12498/97) अमृतसर-नई दिल्ली शान-ए-पंजाब एक्सप्रेस लुधियाना स्टेशन से चलाई जाएगी जबकि (22429) दिल्ली-पठानकोट को फिरोजपुर मंडल में 40 मिनट रेगुलेट करके चलाया जाना है। मतलब, इन दो ट्रेनों के यात्रियों को इस परेशानी से अभी दो दिन और सामना करना पड़ेगा।
यह भी पढ़ें- पंजाब में चुनाव से पहले गहराया तारकोल संकट, बिटुमेन की कीमतें दोगुनी होने से हजारों किलोमीटर सड़कों का काम अटका
जानें क्या-क्या बोले यात्री
सुमित मदान, करनाल- मैनें करनाल जाने के लिए (12498) अमृतसर-नई दिल्ली शान-ए-पंजाब एक्सप्रेस ट्रेन की टिकट बुक करा रखी थी। जोकि सोमवार रद कर दी गई। उसके बाद नई दिल्ली की तरफ जाने को (18102) टाटानगर एकसप्रेस शाम 8.00 बजे चलनी थी। इस प्रकार उसे अपनी यात्रा शुरू करने के लिए स्टेशन में तकरीबन 5 घंटे लंबा इंतजार करना पड़ा।
सुधा देवी, नई दिल्ली: शान-ए-पंजाब एक्सप्रेस में नई दिल्ली तक सफर करना था। फोन पर मैसेज आ गया कि ट्रेन अमृतसर से रद कर दी गई है और अब लुधियाना से चलेगी। उसे समझ नहीं आ रहा था कि अब इसी ट्रेन से अपनी यात्रा शुरू करने के लिए वैक्लपिक साधन से लुधियाना तक पहुंचे या फिर टिकट रद करा दे।
139 से ट्रेन की ताजा जानकारी प्राप्त करें
संंजीव कुमार, डीआरएम (फिरोजपुर मंडल) ने बताया कि किसी प्रकार की समस्या से बचाव के लिए यात्रियों को रेल सफर शुरू करने से पहले एनटीईएस या रेलवे हेल्पलाइन 139 से ट्रेन की ताजा स्थिति की जानकारी ले लेनी चाहिए।
यह भी पढ़ें- पंजाब कांग्रेस के नए बॉस की 'दिल्ली दौड़', पद संभालने से पहले दिग्गजों का आशीर्वाद जुटा रहे परगट सिंह
कई घंटे लेट हुईं ट्रेनें
उधर, अमृतसर स्टेशन से छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस और श्री हजूर साहिब नांदेड़ एक्सप्रेस साप्ताहिक अपने निर्धारित समय से पिछड़़ कर चलने से भी यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी है। सोमवार को अमृतसर से ट्रेन संख्या (18238) अमृतसर-बिलासपुर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस शाम 6.40 बजे (ढाई घंटे) और (12422) अमृतसर-श्री हजूर साहिब नांदेड़ एक्सप्रेस साप्ताहिक दोपहर 3.30 बजे (एक घंटा) देरी से अपने गंतव्य की तरफ रवाना हुई।
