साढ़े तीन साल बाद सांसद अमृतपाल जेल से आया बाहर, पहली Video आई सामने; कल दादी के अंतिम संस्कार में होगा शामिल
सांसद अमृतपाल सिंह को असम की डिब्रूगढ़ जेल से कड़ी सुरक्षा में पंजाब लाया जा रहा है। वह अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए 3 घंटे की कस्टडी पैरोल पर बाहर आया हैं।

डिब्रूगढ़ जेल से बाहर आने के बाद सुरक्षा घेरे में एयरपोर्ट पहुंचा सांसद अमृतपाल।
HighLights
अमृतपाल सिंह साढ़े तीन साल बाद डिब्रूगढ़ जेल से बाहर आए।
दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए मिली तीन घंटे की पैरोल।
परिवार ने 10 लाख रुपये खर्च कर अमृतपाल की पैरोल सुनिश्चित की।
जागरण संवाददाता, अमृतसर। खडूर साहिब से सांसद खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह को पंजाब पुलिस की टीम कड़ी सुरक्षा के बीच असम की डिब्रूगढ़ जेल से बाहर ले आई है। जिसके बाद वह सुरक्षा घेरे में एयरपोर्ट पहुंचा और दिल्ली के लिए फ्लाइट को पकड़ेगा। करीब साढ़े तीन साल बाद जेल से बाहर आए अमृतपाल की पहली तस्वीर व वीडियो भी सामने आई है। जिसमें वह पुलिस घेरे में जेल से बाहर निकलकर एयरपोर्ट के अंदर जाते दिखाई दे रहा है।
गौरतलब है कि 19 नवंबर को 5 पुलिस कर्मियों व अधिकारियों की टीम अमृतसर से डिब्रूगढ़ पहुंच गई थी। जहां आज शुक्रवार कोर्ट के आदेश के बाद कागजी कार्रवाई पूरी कर अमृतपाल को जेल से बाहर निकाला गया। अमृतपाल सिंह को जेल से बाहर लाने और वापस डिब्रूगढ़ जेल तक पहुंचाने का सारा खर्च परिवार को उठाना पड़ रहा है।
यह भी पढ़ें- 21 नवंबर को अमृतसर में पहुंचेगा सांसद अमृतपाल, परिवार ने 10 लाख सरकार को दिए; 7.63 लाख टिकटों पर हुए खर्च
फ्लाइट से दिल्ली पहुंचेगा अमृतपाल
पुलिस टीम अमृतपाल सिंह को पहले फ्लाइट से दिल्ली लेकर पहुंचेगी और वहां से आगे पंजाब लाया जाएगा। सुरक्षा कारणों के चलते प्रशासन ने उसका रूट प्लान पूरी तरह से गोपनीय रखा है। रात वह कहां ठहरेगा, दिल्ली से अमृतसर कब और कैसे लाया जाएगा, इसकी पूरी कमान अमृतसर रूरल पुलिस ने संभाली है। अमृतसर में पुलिस के 800 जवान तैयार किए गए हैं, जो अमृतपाल को सुरक्षा घेरे में रखेंगे।
तीन घंटे के लिए दी गई पैरोल
अमृतसर कोर्ट ने अमृतपाल को उसकी दादी चरण कौर के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए कल दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक 3 घंटे की कस्टडी पैरोल दी है। इस तीन घंटे में भी वह पूरी तरह से सुरक्षा घेरे में रहेगा। अगर सुरक्षा एजेंसियों को कहीं भी कुछ गड़बड़ महसूस हुई तो अमृतपाल को उसी समय वापस भी लेजाया जा सकता है।
दादी का निधन 8 नवंबर को हुआ था और कल, शनिवार, पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा स्थित खेत में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- अमृतपाल सिंह के आने की कोई सूचना नहीं, जेल प्रशासन ने नहीं दिया नोटिस; टल सकता है दादी का अंतिम संस्कार
हथियार ले जाने पर पूरी तरह से रोक
पुलिस ने पहले ही स्थानीय लोगों, अमृतपाल सिंह के समर्थकों और परिवार को जानकारी दे दी है कि कोई भी दाह-संस्कार के दौरान अपने पास हथियार नहीं रखेगा। अमृतपाल सिंह की दादी का दाह संस्कार खुले खेत में किया जा रहा है। इस दौरान किसी को भी लाइसेंसी या गैर लाइसेंसी हथियार के साथ दाह संस्कार स्थल पर पहुंचने की मनाही है।
परिवार ने 10 लाख रुपए किए खर्च
सांसद को असम से अमृतसर लाने और वापस जेल ले जाने के पूरे खर्च के रूप में उनके परिवार ने पुलिस के सरकारी खाते में 10 लाख रुपये जमा करवाए हैं। इस राशि में से करीब 7 लाख 84 हजार रुपये केवल हवाई टिकट पर खर्च होंगे। बची हुई राशी में अमृतपाल सिंह और उनके साथ चल रहे 5 पुलिस मुलाजिमों के आने-जाने का खर्च शामिल है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।