Nirankari Bhawan Grenade Attack के मुख्य गवाह को मिली जान से मारने की धमकी, 20 दिसंबर को अदालत में होनी है गवाही
Nirankari Bhawan Grenade Attack वर्ष 2018 में राजा सांसी के नजदीक स्थित गांव अदलीवाल के निरंकारी भवन में हुए ग्रेनेड हमले के प्रमुख गवाह को जान से मार ...और पढ़ें
जागरण संवाददाता, अमृतसर। वर्ष 2018 में राजा सांसी के नजदीक स्थित गांव अदलीवाल के निरंकारी भवन में हुए ग्रेनेड हमले के प्रमुख गवाह को जान से मारने की धमकियां मिली है। निरंकारी भवन अदलीवाल के मुखी औंकार सिंह को यह धमकी दी गई है। यह धमकी उन्हें मामले में अदालत में गवाही देने के ठीक तीन दिन पहले दी गई है।
फोन कर के कहा अवतार सिंह के खिलाफ गवाही न दें
मुखी के फोन पर किए गए धमकी भरे फोन में आरोपित ने उन्हें साफ कहा है कि वह हमले में शामिल अवतार सिंह के खिलाफ गवाही न दे, अगर उसने खिलाफ गवाही दी तो परिवार का जानी माली नुकसान होगा। इसकी शिकायत मुखी ने थाना राजासांसी की पुलिस को दी है, जिसके बाद अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपित की तलाश कर रही है। पुलिस को दी शिकायत में ओंकार सिंह निवासी वार्ड नंबर 9 गली लौहारा वाली राजासांसी ने बताया कि वह निरंकारी भवन अदलीवाल रोड राजासांसी भवन पर बतौर मुखी सेवा निभा रहे है।
2018 में सत्संग में किया था ग्रेनेड हमला
18 नवंबर 2018 को अदलीवाल स्थित सत्संग समारोह के दौरान ग्रेनेड हमला किया गया था, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई थी और 26 के करीब लोग बम धमाके में घायल हो गए थे। इस संबंध में थाना राजासांसी में मामला भी दर्ज किया गया था। पुलिस की तरफ से इस हमले में शामिल आरोपित अवतार सिंह और बिक्रमजीत सिंह को गिरफ्तार किया था और बाकी दोषी हरमीत सिंह, लखबीर सिंह रोडे, परमजीत सिंह लाली और जावेद नाम के व्यक्ति विदेशों में है। इस संबंधी मामला दरबारी लाल की कोर्ट में चल रहा है। इस मामले में वह गवाह है।
अवतार सिंह के हक में गवाही देने को कहा
20 दिसंबर 2023 को उसकी इस मामले में गवाही है। 17 दिसंबर 2023 को करीब 9.11 बजे उसके बेटे गुरप्यार सिंह के फोन नंबर पर 9434406450, 8900531684, 7319465182 और 8900195505 से फोन आया जो उसके बेटे गुरप्यार सिंह ने उठाया। फोन पर बात करने वाले शख्स ने धमकी दी कि 20 दिसंबर 2023 को उसके पिता औंकार सिंह अवतार सिंह के खिलाफ गवाही न दे। अगर गवाही देनी है तो अवतार सिंह के हक में दे, अगर सही गवाही दी तो उसके पिता और उसके परिवार का जानी नुकसान होगा।
दोबारा फिर उसने इसी बात को दोहराया कि अवतार सिंह के खिलाफ गवाही देने गया तो नतीजे सही नहीं होंगे। इस फोन की रिकार्डिंग भी उसने अपने मोबाइल में की है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरु कर दी है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।