इंटरनेशनल बॉर्डर पर BSF की बड़ी कार्रवाई, पाकिस्तान से भारी मात्रा में भेजी गई हेरोइन और ICE ड्रग जब्त
इंटरनेशनल बॉर्डर के पास चलाए गए अभियानों में करीब पौने दस किलो हेरोइन और लगभग एक किलो नशीला पदार्थ जब्त ...और पढ़ें

ये प्रतीकात्मक तस्वीर है।
जागरण संवाददाता, अमृतसर। भारत-पाकिस्तान इंटरनेशनल बॉर्डर के पास अलग-अलग मामलों में 9.7 किलो हेरोइन और करीब 1 किलो ICE (क्रिस्टल मेथामफेटामाइन) बरामद की गई है। ये सफलता बीएसएफ को मिली है। बीएसएफ की तरफ से बीते दिनों सरहद पर सर्च अभियान चलाया गया था। जिसमें विभिन्न मामलों में ये खेप बरामद हुई।
मिली जानकारी के अनुसार पहले मामले में BSF की 200वीं बटालियन के जवानों ने 8 अक्टूबर को सहरान सीमा चौकी के क्षेत्र से 1.07 किलो ICE बरामद की। पीले रंग की टेप से लिपटे पैकेट को सीमा सुरक्षा बल के अधिकारियों ने घरिंडा पुलिस के हवाले किया। पुलिस ने जवानों की मौजूदगी में पैकेट खोलकर ड्रग डिटेक्शन किट से जांच की। इसमें 1.07 किलो नशीला पदार्थ मिला, जबकि पैकिंग सामग्री का वजन 99 ग्राम था।
यह भी पढ़ें- CM मान के OSD घुम्मन को हाई कोर्ट से राहत नहीं, सिंगल बेंच ने सुनवाई से किया इनकार, उपयुक्त मंच पर जानने की सलाह
घरिंडा थाने में मामला दर्ज
जब्त किए गए सामान को जांच के लिए लैब में भेज दिया गया। जिसके बाद बीएसएफ के रिकवरी के आधार पर घरिंडा थाने में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज करके कार्रवाई को आगे बढ़ाया गया। पुलिस खेप से जुड़े लिंक्स को खंगालने में जुट गई है।
राजाताल व महावा से दो पैकेट जब्त
वहीं, 7 अक्टूबर को राजाताल और महावा क्षेत्र में गश्त के दौरान BSF जवानों ने दो अलग-अलग पैकेट बरामद किए। जांच में इनसे क्रमशः 4.990 किलो और 4.825 किलो हेरोइन मिली। दोनों मामलों में पैकेट पुलिस को सौंप दिए गए। पुलिस ने इन बरामदगियों के संबंध में NDPS एक्ट के तहत मामले दर्ज किए हैं। मामले की आगे की जांच की जा रही है।
