यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 03, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Punjab News: पुलिस चौकी पर फिर हमला, बाइक सवार आतंकियों ने फतेहगढ़ में फेंका ग्रेनेड; कमिश्नर ने किया इनकार
पंजाब के फतेहगढ़ चूड़ियां बायपास पुलिस चौकी पर बाइक सवार दो आतंकियों ने ग्रेनेड से हमला किया। हमले के बाद ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, अमृतसर। जागरण संवाददाता, अमृतसर। फतेहगढ़ चूड़ियां बाइपास रोड पर बंद पड़ी पुलिस चौकी पर बाइक सवार दो आतंकियों ने सोमवार की रात साढ़े सात बजे ग्रेनेड से हमला कर दिया। हमले में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। धमाके के दौरान पुल के नीचे नाका लगा हुआ था।
पता चला है कि धमाका करने वालों का बाइक सवार दो पुलिसकर्मियों ने पीछा भी किया, लेकिन आरोपित फरार हो गए। घटना स्थल पर पुलिस को फटने के बाद ग्रेनेड का हैंडल भी मिला है। समाचार लिखे जाने तक अभी तक किसी आतंकी संगठन ने धमाके की जिम्मेदारी भी नहीं ली।
उधर, घटना के बारे में पता चलते ही सारे जिले में अलर्ट घोषित कर दिया। सीपी गुरप्रीत सिंह भुल्लर खुद भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। सीपी ने ग्रेनेड हमले से इनकार किया है।
जांच के लिए बुलाई गई फोरेंसिक टीम
उन्होंने कहा कि अगर ग्रेनेड से हमला किया गया होता तो वहां दीवार को कोई क्षति पहुंचनी थी, लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं हुआ। जहां धमाका हुआ वहां बजरी पड़ी हुई थी और वहां कुछ हल्का निशान पड़ा है। इसे लेकर फोरेंसिक टीम बुलाई जा रही है। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि खासा कैंट की तरफ से बाइक सवार दो युवक वेरका की तरफ जा रहे थे।
पुलिस की पकड़ में नहीं आए आतंकी
फतेहगढ़ चूड़ियां बाइपास के उपर बने पुल से आरोपितों ने नीचे बंद पड़ी पुलिस चौकी फतेहगढ़ बाइपास पुलिस चौकी पर ऊपर से ग्रेनेड से हमला कर दिया। धमाके के दौरान बंद पड़ी पुलिस चौकी के बाहर पुलिस का नाका लगा हुआ था। पुलिसकर्मी वाहनों की गहन जांच कर रहे थे।
मौके पर मौजूद एएसआई बिशंबर ने धमाके के समय वहीं थे। पुल पर से भाग रहे बाइक सवारों के पीछे पुलिस टीम दौड़ाई गई। लेकिन शाम के समय आवाजाही ज्यादा होने के कारण आरोपित अपनी तेज रफ्तार बाइक से फरार हो गए।
पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने कहा कि फतेहगढ़ चूड़ियां बाईपास की चौकी काफी दिनों से बंद है। वहां हमारा नाका लगा हुआ था और कुछ धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिससे सड़क पर थोड़ा डैमेज हुआ है। इससे साफ है कि यह ग्रेनेड हमला नहीं है।
