विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए MP अमृतपाल ने मांगी अंतरिम जमानत, अदालत ने पंजाब सरकार से मांगा जवाब

Published: Thu, 12 Nov 2026 03:44 PM (IST)

डिब्रूगढ़ जेल में बंद सांसद अमृतपाल सिंह ने दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए अंतरिम जमानत मांगी है। अदालत ने पंजाब सरकार से जवाब मांगा है।

सांसद अमृतपाल सिंह और उसकी दादी की फाइल फोटो।

सांसद अमृतपाल सिंह और उसकी दादी की फाइल फोटो।

HighLights

  1. अमृतपाल सिंह ने दादी के अंतिम संस्कार हेतु जमानत मांगी।

  2. अदालत ने पंजाब सरकार से जवाब दाखिल करने को कहा।

  3. सुनवाई 13 नवंबर तक स्थगित, मानवीय आधार पर राहत मांगी।

जागरण संवाददाता, अमृतसर। डिब्रूगढ़ जेल में बंद खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह खालसा ने अपनी दादी माता चरण कौर के अंतिम संस्कार और धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए अंतरिम जमानत मांगी है। अमृतपाल सिंह के साथ हरजीत सिंह और सुखमनदीप सिंह को भी मानवीय आधार पर राहत देने की मांग की गई है।

तीनों की अंतरिम जमानत याचिका पर वीरवार को अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश महेश कुमार की अदालत में सुनवाई हुई। अदालत ने पंजाब सरकार को अपना जवाब दाखिल करने के लिए समय देते हुए सुनवाई 13 नवंबर तक स्थगित कर दी।

यह भी पढ़ें- 'किसे नियुक्त कर रहे मुख्य चुनाव आयुक्त...', SGPC चुनाव पर पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने केंद्र से मांगा जवाब

14 नवंबर को किया जाना है अंतिम संस्कार

एडवोकेट कर्मवीर सिंह ने बताया कि चरण कौर का पारिवारिक और धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार 14 नवंबर को अंतिम संस्कार किया जाना है। 15 नवंबर को अस्थियां जल प्रवाह करने और श्री अखंड पाठ साहिब के आरंभ का कार्यक्रम है, जबकि 17 नवंबर को श्री अखंड पाठ साहिब का भोग और अंतिम अरदास होगी। इसी कारण तीनों को 14 से 17 नवंबर तक अंतरिम जमानत देने की मांग अदालत के समक्ष रखी गई है।

उन्होंने दलील दी कि गंभीर अपराधों में सजा काट रहे बंदियों को भी विशेष पारिवारिक परिस्थितियों में मानवीय आधार पर पैरोल या अन्य राहत दी जाती है। इसलिए राज्य सरकार को भी इस मामले में उदारता दिखानी चाहिए।

यह भी पढ़ें- अमृतसर के टांगरा में अवैध नशा मुक्ति केंद्र पर स्वास्थ्य विभाग का छापा, नाबालिगों समेत 75 मरीज छुड़ाए

वीडियो काॅल नहीं करवाने का लगाया आरोप

एडवोकेट कर्मवीर सिंह ने आरोप लगाया कि माता चरण कौर के गंभीर रूप से बीमार होने के दौरान भी अमृतपाल सिंह की अंतरिम जमानत के लिए याचिका दायर की गई थी। उस समय सरकार ने इसका विरोध किया था। बाद में अदालत ने 10 मिनट की वीडियो काल करवाने की अनुमति दी थी, लेकिन प्रशासन ने अदालत के आदेश के बावजूद वीडियो काल नहीं करवाई।

प्रशासन ने 15 दिन तक टालमटोल की और जब माता चरण कौर अचेत अवस्था में पहुंच गईं, तब वीडियो काल करवाने की बात कही गई। अब परिवार में दुख की इस घड़ी में तीनों को मानवीय आधार पर राहत मिलनी चाहिए। फिलहाल अदालत में पंजाब सरकार का जवाब दाखिल होने के बाद शुक्रवार को सुनवाई होगी।

यह भी पढ़ें- पंजाब विधानसभा चुनाव 2027: आप की सूची के बाद कांग्रेस में हलचल तेज, जल्द आएगी पहली उम्मीदवारों की लिस्ट

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।