नकवी का कार्यकाल समाप्त होने के साथ अब भाजपा के पास कोई मुस्लिम सांसद नहीं, विपक्ष उठाता रहा है यह सवाल..
Muslim among BJP MPs राज्यसभा में मुख्तार अब्बास नकवी (Mukhtar Abbas Naqvi) का कार्यकाल गुरुवार को समाप्त हो रहा है। इसके साथ ही395 सांसदों वाली भाजपा में अब कोई मुस्लिम सांसद नहीं नजर आएगा। इसे लेकर भाजपा पहले भी विपक्षी दलों के निशाने पर रही है। पढ़ें यह रिपोर्ट...

नई दिल्ली, पीटीआइ। केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी (Mukhtar Abbas Naqvi) ने राज्यसभा (Rajya Sabha) का कार्यकाल समाप्त होने के एक दिन पहले बुधवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया। इस्तीफा देने से पहले उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) से भी मुलाकात की। समाचार एजेंसी पीटीआइ ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि राज्यसभा में मुख्तार अब्बास नकवी का कार्यकाल गुरुवार को समाप्त होने के साथ ही 395 सांसदों वाली भाजपा में अब कोई मुस्लिम सांसद नहीं होगा।
मंत्रिमंडल से इस्तीफा देने वाले नकवी उन तीन भाजपा मुस्लिम सांसदों में रहे, जिनका कार्यकाल हाल के राज्यसभा चुनाव के दौरान समाप्त हुआ था लेकिन उनमें से किसी को भी पार्टी ने दोबारा टिकट नहीं दिया। दो अन्य पूर्व केंद्रीय मंत्री एमजे अकबर (MJ Akbar) और सैयद जफर इस्लाम (Syed Zafar Islam) का कार्यकाल पहले ही समाप्त हो चुका है।
विपक्ष भाजपा पर मुसलमानों को पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं देने का आरोप लगाता रहा है। विपक्ष इसे लेकर अक्सर सवाल उठाता रहा है। वहीं BJP का कहना है कि उसके सांसद सभी समुदायों के लिए काम करते हैं और किसी खास धर्म विशेष का प्रतिनिधित्व नहीं करते हैं। वैसे नकवी तीन बार राज्यसभा सदस्य रहे हैं, नजमा हेपतुल्ला दो बार और शाहनवाज हुसैन (जो मौजूदा वक्त में बिहार सरकार में मंत्री हैं) दो बार लोकसभा के लिए चुने गए। नकवी एक कार्यकाल लोकसभा सदस्य भी थे।
पार्टी के संस्थापक सदस्यों में शामिल सिकंदर बख्त भी दो बार राज्यसभा सदस्य रहे थे। लेकिन, काफी वक्त बाद ऐसा होगा जब भाजपा के पास कोई मुस्लिम सांसद नहीं होगा। इस पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रमुख जमाल सिद्दीकी कहते हैं कि राजनीति को धर्म से नहीं जोड़ा जाना चाहिए। सांसदों को किसी धर्म के प्रतिनिधि के तौर पर नहीं... जनता के प्रतिनिधि के रूप में चुना जाता है। भाजपा में जिम्मेदारियां बदलती रहती हैं। पार्टी सभी समुदायों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करेगी।
वैसे कुछ राज्यों में मुस्लिम भी भाजपा के विधायक हैं। बिहार और यूपी में एक एक मुस्लिम विधायक हैं। ऐसे में जब देश के सबसे बड़े अल्पसंख्यक समुदाय (मुस्लिम) तक भाजपा के पहुंचने की चर्चा है तब देखना होगा कि भाजपा विपक्ष के हमलों का किस तरह जवाब देती है। वैसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हैदराबाद में हुई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से सभी समुदायों और वंचित वर्गों तक पहुंच सुनिश्चित करने को कहा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।