अमेरिकी राजदूत के PoK जाने व टिप्पणी पर भारत ने जताई कड़ी आपत्ति -MEA
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने शुक्रवार को मीडिया ब्रीफिंग में जानकारी दी कि बीते 9 महीनों में पाकिस्तान में सजा काट रहे 6 भारतीय कैदियों की मौत हो गई है। इस मसले को लेकर भारत की बातचीत हो रही है।

नई दिल्ली, प्रेट्र। पाकिस्तान में अमेरिकी राजदूत डोनाल्ड ब्लोम ने पाक अधिकृत कश्मीर (PoK) का दौरा किया और इलाके में आपत्तिजनक टिप्पणी भी की। इसे लेकर भारत ने अमेरिका के समक्ष आपत्ति जताई है। विदेश मंत्रालय (MEA) के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने अपने वीकली प्रेस ब्रीफिंग में शुक्रवार को इसकी जानकारी दी।
पाक अधिकृत कश्मीर में अमेरिकी राजनयिक का दौरा
बागची ने कहा, 'पाकिस्तान में अमेरिकी राजदूत ने हाल ही में पाक अधिकृत कश्मीर का दौरा किया और कई मीटिंग में भी शामिल हुए। इसपर हमें आपत्ति है क्योंकि कश्मीर के इस हिस्से को भारत अपना मानता है।' भारत ने इसे लेकर अमेरिका के समक्ष अपनी आपत्ति जता दी है। बता दें कि अमेरिकी राजदूत डोनाल्ड ब्लोम का PoK जाना और बार-बार उस इलाके में उनकी टिप्पणी भारत को अच्छा नहीं लगा है।
पाकिस्तान का अवैध कब्जा
किसी अमेरिकी राजनयिक का PoK में यह दूसरा दौरा है। इस साल की शुरुआत में अमेरिकी सांसद इल्हन उमर ( Ilhan Omar) ने PoK का दौरा किया था। 1994 में भारत ने एक प्रस्ताव दिया था। इसमें कहा था कि PoK भारत का हिस्सा है। पाकिस्तान को इसे अपना अवैध कब्जा हटाना चाहिए। कुछ माह पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, 'PoK भारत का हिस्सा है और हमेशा रहेगा।'
पाकिस्तान की जेल में बीते 9 माह में 6 भारतीय कैदियों की मौत
पाकिस्तान में छह भारतीय कैदियों की पिछले 9 महीनों में मौत हो गई। भारत ने यह मसला उठाया है। इस बात की जानकारी विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को दी। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने बताया कि मरने वालों में पांच मछुआरे शामिल हैं। हालात काफी गंभीर है। सभी मृतकों ने अपनी सजा पूरी कर ली थी। बागची ने मीडिया ब्रीफिंग में यह बात कही। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में भारतीय कैदियों की सुरक्षा सुनिश्चित कराने का जिम्मा पाकिस्तान का होना चाहिए।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।