भाजपा नेता GVL नरसिम्हा राव पर प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान फेंका जूता, पुलिस कर रही आरोपी से पूछताछ
भाजपा मुख्यालय में प्रेस कांफ्रेंस कर रहे भाजपा प्रवक्ता जीवीएल नरसिम्हा राव पर एक व्यक्ति ने जूता फेंका है। नरसिम्हा राव ने इस घटना के पीछे कांग्रेस का हाथ बताया है।
नई दिल्ली, एजेंसी। भाजपा मुख्यालय में गुरुवार को प्रेस कांफ्रेंस कर रहे भाजपा प्रवक्ता जीवीएल नरसिम्हा राव पर एक व्यक्ति ने जूता फेंक दिया। ऐसा बताया जा रहा है कि जूता फेंकने वाला शख्स उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले का है। जूता फेंकने के बाद आरोपी शख्स को वहां पर मौजूद लोगों ने पकड़ लिया और उसे बाहर ले गए। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ कर रही है।
#WATCH Delhi: Shoe hurled at BJP MP GVL Narasimha Rao during a press conference at BJP HQs .More details awaited pic.twitter.com/7WKBWbGL3r
— ANI (@ANI) April 18, 2019
घटना के वक्त जीवीएल पार्टी मुख्यालय में मालेगांव धमाके में आरोपी साध्वी प्रज्ञा के भाजपा में शामिल होने के बारे में प्रेस कांफ्रेंस कर रहे थे। हालांकि, हमले के बाद भी भाजपा सांसद ने संयम न खोते हुए बोलना जारी रखा। आरोपी का नाम शक्ति भार्गव बताया जा रहा है। हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो सका है कि इस घटना के पीछे आरोपी का क्या मकसद था। अभी यह भी पता नहीं चला है कि वह किसी राजनैतिक दल से जुड़ा है या नहीं।
भाजपा मुख्यालय में ऐसी घटना होने से लोग हैरत में हैं क्योंकि यहां सुरक्षा का काफी पुख्ता इंतजाम होते हैं। बताया जाता है कि प्रेस कांफ्रेंस के दौरान आरोपी हॉल में सबसे आगे ही बैठा था। घटना के वक्त भाजपा महासचिव भूपेंद्र यादव भी मौजूद थे। इससे पहले कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम और अरविंद केजरीवाल के साथ भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं।
वहीं, भाजपा प्रवक्ता जीवीएल नरसिम्हा राव ने इस घटना के पीछे कांग्रेस का हाथ बताया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की ओर से अंजाम दिया गया यह निंदनीय कृत्य है। कांग्रेस प्रभावित शख्स की ओर से किया गया यह हमला उसी की मानसिकता को दर्शाता है। दूसरी ओर आरोपी पेशे से एक डॉक्टर बताया जा रहा है।