पीएम मोदी ने विपक्ष से किया पार्टी कार्यकर्ताओं को आगाह, कहा- बढ़ानी होगी सहनशीलता, अब बढ़ेंगे हमारे ऊपर हमले
गुजरात और हिमाचल प्रदेश के चुनाव नतीजे सामने आने के बाद शाम को प्रधानमंत्री मोदी नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय पहुंचे। यहां मोदी-मोदी के ओजपूर्ण नारों के बीच उन्होंने दोनों राज्यों सहित उपचुनाव वाले राज्यों की जनता का भी अभिनंदन किया।

नई दिल्ली, जागरण ब्यूरो। गुजरात विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत के लिए जनता और कार्यकर्ताओं को नमन करने के साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विपक्षी दलों को भी निशाने पर रखा। जनादेश को विकासवाद की राजनीति की शुरूआत बताते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं को आगाह किया कि इतनी बड़ी जीत को पचाना विरोधियों के लिए आसान नहीं होगा, उनके हमले और भी तेज होंगे। अपने अनुभवों का हवाला देते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक सहनशील बनने, सतर्क रहने और सेवाभाव के साथ जनता से जुड़ने की सलाह दी।
नतीजे सामने आने के बाद प्रधानमंत्री मोदी नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय पहुंचे
गुजरात और हिमाचल प्रदेश के चुनाव नतीजे सामने आने के बाद शाम को प्रधानमंत्री मोदी नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय पहुंचे। यहां मोदी-मोदी के ओजपूर्ण नारों के बीच उन्होंने दोनों राज्यों सहित उपचुनाव वाले राज्यों की जनता का भी अभिनंदन किया। साथ ही कहा कि इस चुनाव में बहुत लोगों को जानने-पहचानने का अवसर भी मिला है। जो अपने आप को न्यूट्रल कहते हैं, वो कहां खड़े हैं और कैसे रंग बदलते हैं, यह देश को जान लेना जरूरी है। इशारों में उनका तंज आम आदमी पार्टी पर था।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा
वह बोले, 'हिमाचल प्रदेश में कितने लोगों की जमानत जब्त हुई, इसकी चर्चा नहीं हुई। इनको पहचानना चाहिए कि यह भी ठेकेदार हैं। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल करीब दो लाख वोटों से जीते हैं। लोकसभा में भी ऐसी जीत बड़ी मानी जाती है, लेकिन ठेकेदारों का तराजू और पैमाना अलग है। व्यक्तिगत हमलों की ओर संकेत करते उन्होंने कहा कि मेरे जीवन का कोई पल या कदम ऐसा नहीं रहा, जब राजनीतिक हमले न हुए हों, लेकिन उसका मुझे लाभ मिला। आलोचनाओं ने हमें बहुत सिखाया। यह हमले अब और बढ़ेंगे, लेकिन हमें उसके अनुरूप अपनी सहनशीलता को और बढ़ाना होगा। समावेशी भावना को और मजबूत करना होगा।
पीएम मोदी ने विपक्षी दलों को आड़े हाथों लिया
प्रधानमंत्री मोदी ने किसी भी तरह से जीतने के लिए मुफ्त सुविधाओं की घोषणा करने को लेकर भी विपक्षी दलों को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि इस तरह से चुनाव जीतने के बुरे परिणाम को हम पड़ोस के कई देशों में देख रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि हम सिर्फ घोषणा नहीं करते, राष्ट्र निर्माण के व्यापक मिशन पर निकले हुए लोग हैं। पांच साल की सत्ता के लिए नहीं, दूरगामी लक्ष्य और रोडमैप के साथ काम करते हैं। देश आज शार्टकट नहीं चाहता। मतदाता जागरूक है कि क्या उसके हित में है और क्या अहित में है।
पीएम मोदी ने कहा कि हमारे पूर्वजों के पास अनुभव का अगाध ज्ञान था
मतदाता जनता है कि शार्टकट की राजनीति का कितना बड़ा नुकसान देश को उठाना पड़ेगा। मोदी ने कहा कि हमारे पूर्वजों के पास अनुभव का अगाध ज्ञान था। उसी अनुभव से कहावतें बनती थीं। ऐसी ही कहावत है- आमदनी अठन्नी खर्चा रुपया। चुनावी हथकंडों से किसी का भला नहीं हो सकता। इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस अवसर पर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और गृहमंत्री अमित शाह भी उपस्थित थे।प्रधानमत्री मोदी ने विपक्षी दलों के विभाजनकारी राजनीति को लेकर भी आगाह किया।
उन्होंने कहा कि कुछ लोग भाषा, जाति, क्षेत्र के आधार पर लड़ाकर चुनाव जीतने की जुगत में रहते हैं। उनके अनुसार आपस में लड़ने के लिए बहुत सारे मुद्दे हम निकाल सकते हैं। लेकिन इससे श्रेष्ठ भारत का निर्माण संभव नहीं है। प्रधानमंत्री ने लोगों को विभाजनकारी राजनीति से बचकर एकजुट होकर 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के लिए जुटने का आह्वान किया।
हिमाचल प्रदेश में मिली हार पर वह मोदी बोले
हिमाचल में एक प्रतिशत से पिछड़े, विकास के लिए शत-प्रतिशत प्रतिबद्ध हिमाचल प्रदेश में मिली हार पर वह मोदी बोले कि वहां एक प्रतिशत से भी कम अंतर से हार-जीत का फैसला हुआ है। इतने कम अंतर से हिमाचल में कभी नतीजे नहीं आए। वहां हर पांच वर्ष में सरकार बदली, लेकिन अंतर चार, पांच, छह, सात प्रतिशत रहा है। इसका मतलब है कि जनता ने भी भाजपा को विजयी बनाने के लिए भरसक प्रयास किया है। मैं हिमाचल की जनता को आश्वस्त करता हूं कि भाजपा भले ही एक प्रतिशत से पीछे रह गई, लेकिन विकास के लिए हमारी प्रतिबद्धत शत-प्रतिशत रहेगी। केंद्र सरकार द्वारा उसके हक में कमी नहीं आने देंगे।
यह भी बोले मोदी- यूपी के रामपुर में भाजपा को जीत हासिल हुई। बिहार में भाजपा का प्रदर्शन आने वाले दिनों का स्पष्ट संकेत कर रहा है। लोगों ने भाजपा को वोट दिया, क्योंकि भाजपा देश के हित में बड़े से बड़े और कड़े से कड़े फैसले लेने का दम रखती है। भाजपा का बढ़ता जनसमर्थन यह दिखाता है कि परिवारवाद और भ्रष्टाचार के खिलाफ जन आक्रोश लगातार बढ़ रहा है।- युवा भाजपा के विकास वाली राजनीति चाहते हैं। युवा न तो जातिवाद के बहकावे में आते हैं, न परिवारवाद, गुजरात में एससी-एसटी की 40 सीटें हैं, उसमें से 34 भाजपा ने जीती हैं। आज आदिवासी भाजपा को अपनी आवाज मान रहे हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।