Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    महिला अत्याचार को लेकर कांग्रेस-TMC के वार पर BJP का पलटवार, कहा- बंगाल के भी मणिपुर जैसे हालात

    By Jagran NewsEdited By: Piyush Kumar
    Updated: Fri, 21 Jul 2023 08:58 PM (IST)

    Manipur Violence मणिपुर की घटना की कड़ी आलोचना करते हुए पश्चिम बंगाल के भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार और सांसद लाकेट चटर्जी ने आरोप लगाया कि बंगाल में भी दो भाजपा महिला प्रत्याशियों को निर्वस्त्र कर घुमाया गया। उन्होंने बंगाल के हाल मणिपुर जैसे ही बताए। वहीं जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और राजस्थान के प्रभारी पार्टी महासचिव अरुण सिंह के निशाने पर अशोक गहलोत सरकार रही।

    Hero Image
    बंगाल के सांसद सुकांत मजूमदार और नेता लॉकेट चटर्जी की फाइल फोटो।(फोटो सोर्स: एएनआइ)

    जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। Manipur Violence। मणिपुर में दो महिलाओं के साथ हैवानियत की दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बाद आक्रामक हुए विपक्ष पर भाजपा ने महिला अत्याचार के अस्त्र से ही पलटवार किया है। मणिपुर की घटना की कड़ी आलोचना करते हुए पश्चिम बंगाल के भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार और सांसद लाकेट चटर्जी ने आरोप लगाया कि बंगाल में भी दो भाजपा महिला प्रत्याशियों को निर्वस्त्र कर घुमाया गया। उन्होंने बंगाल के हाल मणिपुर जैसे ही बताए।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    गजेंद्र सिंह शेखावत ने राजस्थान सरकार पर साधा निशाना

    वहीं, जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और राजस्थान के प्रभारी पार्टी महासचिव अरुण सिंह के निशाने पर अशोक गहलोत सरकार रही। उन्होंने दावा किया कि राजस्थान में प्रतिदिन 17-18 दुष्कर्म की घटनाएं हो रही हैं। महिला उत्पीड़न में यह राज्य देश में अव्वल है।

    बंगाल में ममता सरकार के दौरान बढ़ी हिंसक घटनाएं: भाजपा 

    बंगाल के सांसद सुकांत मजूमदार ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि बंगाल में हिंसा को वामपंथी सरकार ने जहां छोड़ा, उसे ममता बनर्जी सरकार और ऊपर ले गई। चुनावी हिंसा की घटनाओं का उल्लेख करने के साथ ही कहा कि आज विपक्ष मणिपुर की घटना को लेकर उत्तेजना पैदा करने का प्रयास कर रहा है। वहां दुखद घटना घटी।

    सुकांत मजूमदार ने आगे कहा,"ऐसी घटना कहीं नहीं होनी चाहिए, लेकिन पश्चिम बंगाल भी देखें। वहां साउथ पांचला में भाजपा की ग्राम सभा प्रत्याशी को निर्वस्त्र करके घुमाया गया। क्या यह मणिपुर से कम दुखद है? फर्क यह है कि यहां वीडियो नहीं है, क्योंकि ममता बनर्जी की पुलिस और गुंडे वीडियो बनाने नहीं देते।

    उन्होंने आगे कहा कि बंगाल में जो घटनाएं महिलाओं के साथ हो रही हैं, वह सामने आईं तो देश को शर्मसार कर देंगी।

    हम चाहते हैं कि हमारी बेटियों को बचाया जाए: लॉकेट चटर्जी

    लॉकेट चटर्जी ने आरोप लगाया कि पांचला में ग्राम सभा की एक महिला प्रत्याशी के साथ बूथ में जाकर अश्लील हरकतें की गईं। सोनिया और प्रियंका दूसरे राज्यों की घटनाओं पर तो रोती हैं, लेकिन बंगाल पर चुप हैं। लॉकेट यह कहते हुए रो पड़ीं कि हम भी महिला हैं, हम कहां जाएं। हम चाहते हैं कि हमारी बेटियों को बचाया जाए।

    बंगाल में मणिपुर जैसे हालात: लॉकेट चटर्जी

    उन्होंने आगे कहा कि बंगाल में तीन हजार महिलाएं बच्चों को लेकर शिविरों में शरण लिए हुए हैं और यहां भी मणिपुर जैसे हाल हैं। गजेंद्र सिंह शेखावत ने तंज कसा कि राजस्थान में साढ़े चार साल से किस्सा कुर्सी का चल रहा है और स्कूल-कॉलेज जाने वाली बच्चियों से लेकर गृहणियों तक में डर है।

    गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि राजस्थान में महिलाओं के लिए कोई भी जगह सुरक्षित नहीं रह गई और हर दिन 17-18 दुष्कर्म की घटनाएं हो रही हैं। सरकार के वरिष्ठ मंत्री सदन में कहते हैं कि यहां दुष्कर्म के मामले इसलिए हो रहे हैं, क्योंकि यह मर्दों का प्रदेश है। कांग्रेस की विधायक भी खुद को सुरक्षित नहीं मानतीं।

    उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री गहलोत को बेटियों की चीख और दर्द सुनाई नहीं देता। अरुण सिंह ने कहा कि राजस्थान में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो गई और पूरे प्रदेश में जंगलराज है। सरकार और पुलिस प्रशासन घटनाओं को दबाने में लगे हैं।