Maharashtra Politics: राज ठाकरे के बाद शिंदे खेमे के विधायक का सीएम को पत्र, बोले- अंधेरी ईस्ट उपचुनाव न लड़ें
विधायक प्रताप सरनाईक का यह पत्र एकनाथ शिंदे और भारतीय जनता पार्टी के समर्थकों के लिए एक झटका माना जा रहा है क्योंकि भाजपा और शिंदे की निगाहें 3 नवंबर को होने वाले अंधेरी ईस्ट उपचुनाव की हॉट सीट पर है।

मुंबई, एजेंसी। अंधेरी ईस्ट उपचुनाव से पहले एकनाथ शिंदे खेमे के विधायक प्रताप सरनाईक ने रविवार को मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को झटका दिया है। उन्होंने पत्र लिखकर शिवसेना (उद्धव बालासाहेब) उम्मीदवार ऋतुजा लटके को निर्विरोध चुनाव जीताने के लिए भाजपा से बात करने का अनुरोध किया है। यह पत्र एकनाथ शिंदे और भारतीय जनता पार्टी के समर्थकों के लिए एक झटका माना जा रहा है, क्योंकि भाजपा और शिंदे की निगाहें 3 नवंबर को होने वाले अंधेरी ईस्ट उपचुनाव की 'हॉट सीट' पर हैं।
उद्धव के शिवसेना खेमें चुनाव लड़ रही हैं रुतजा
बंबई उच्च न्यायालय ने गुरुवार को बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) से ऋतुजा लटके का इस्तीफा स्वीकार करने को कहा था। दिल का दौरा पड़ने के बाद जान गंवा चुके रमेश लटके की पत्नी ऋतुजा लटके को पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाले शिवसेना खेमे द्वारा इस चुनाव में खड़ा किया गया है। इससे पहले, उद्धव ठाकरे गुट ने आरोप लगाया था कि बीएमसी पर इस्तीफे में देरी करने का दबाव है क्योंकि ऋतुजा लटके ने 3 अक्टूबर को अपने इस्तीफे के लिए आवेदन किया था।
बीएमसी के अंधेरी वार्ड में क्लर्क थीं ऋतुजा
बता दें कि ऋतुजा लटके बीएमसी के अंधेरी वार्ड में क्लर्क थीं। वह नगर निगम में दस साल से ज्यादा काम कर चुकी हैं। इस बीच अब राजनीति में आने के लिए उन्हें अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा। बृहन्मुंबई नगर निगम पर इस्तीफा जानकर देरी से स्वीकार करने का आरोप लगा। हालांकि, बीएमसी के अधिकारी इकबाल सिंह चहल ने ऋतुजा लटके के इस्तीफे को स्वीकार करने पर शिंदे के नेतृत्व वाली सरकार के किसी भी दबाव में होने से इनकार किया। गौरतलब है कि उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 14 अक्टूबर है।
राज ठाकरे ने भी लिखा पत्र
इससे पहले, महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के अध्यक्ष राज ठाकरे ने भी उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से अनुरोध किया था कि वे दिवंगत विधायक रमेश लटके के संबंध में आगामी अंधेरी ईस्ट विधानसभा उपचुनाव में ऋतुजा लटके के खिलाफ भाजपा उम्मीदवार को मैदान में न उतारें।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।