Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Maharashtra Politics: मुंबई में अंधेरी पूर्व उपचुनाव से पहले एकनाथ शिंदे से मिले राज ठाकरे

    By Sachin Kumar MishraEdited By:
    Updated: Sat, 15 Oct 2022 08:44 PM (IST)

    Maharashtra Politics महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे ने मुंबई में अंधेरी पूर्व उपचुनाव से पहले मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से उनके सरकारी आवास पर मुलाकात की। इस दौरान कई मुद्दों पर चर्चा हुई। इससे पहले भी दोनों नेताओं की मुलाकात हो चुकी है।

    Hero Image
    महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से मिले राज ठाकरे। फोटो इंटरनेट मीडिया

    मुंबई, राज्य ब्यूरो। Maharashtra Politics: महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) प्रमुख राज ठाकरे (Raj Thackeray) ने शनिवार को मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) से उनके सरकारी आवास पर मुलाकात की। अंधेरी (पूर्व) के उपचुनाव से पहले यह मुलाकात महत्वपूर्ण मानी जा रही है, लेकिन मुख्यमंत्री कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि राज ठाकरे ने मुख्यमंत्री से जनस्वास्थ्य के मुद्दों पर चर्चा के लिए मुलाकात की। इस अवसर पर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री तानाजी सावंत भी उपस्थित थे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मनसे प्रमुख पर टिकी हैं सबकी निगाहें

    तीन दिन पहले ही राज ठाकरे ने अपनी पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के राज्य स्तरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक की थी। इस बैठक में राज ने पदाधिकारियों से सकारात्मक सोच रखने की सलाह दी थी। उन्होंने आशा जताई कि वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों में उनकी पार्टी एक विकल्प बनकर उभर सकती है। जून में शिवसेना में दोफाड़ होने के बाद से ही लोगों की निगाहें राज ठाकरे पर लगी हैं। क्योंकि उनकी सक्रियता और साथ किसी भी पक्ष को मजबूती प्रदान कर सकता है। लेकिन अब तक राज ठाकरे ने अपने पत्ते नहीं खोले हैं।

    देवेंद्र फडणवीस भी कर चुके हैं राज ठाकरे से मुलाकात

    उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सहित भाजपा के कई प्रमुख नेताओं से भी राज ठाकरे की मुलाकात हो चुकी है, लेकिन अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि निकट भविष्य में होने वाले किसी चुनाव में भाजपा के साथ मनसे का समझौता होगा या नहीं। इन चुनावों में मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) का चुनाव भी शामिल है। क्योंकि बीएमसी पर पिछले तीन दशक से शिवसेना की सत्ता है, और भाजपा उसे सबसे पहले बीएमसी से ही बेदखल करना चाहती है, लेकिन राज ठाकरे को भी भाजपा खुलकर अपने साथ नहीं लेना चाहती। क्योंकि उन्हें साथ लेने से हिंदीभाषी मतदाता उससे छिटक सकते हैं।

    तो मनसे को सीटें दे सकती हैं शिंदे की पार्टी

    राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि राज ठाकरे और शिवसेना के एकनाथ शिंदे गुट में यदि समझौता हो जाए तो भाजपा उससे सीधा समझौता किए बिना भी उसके साथ जा सकती है। ऐसी स्थिति में मुख्यमंत्री शिंदे की पार्टी ‘बाला साहब की शिवसेना’ अपने हिस्से से मनसे को सीटें दे सकती है। तब मुंबई में भाजपा, बाला साहब की शिवसेना व मनसे मिलकर महाविकास आघाड़ी के तीन दलों शिवसेना उद्धव बाला साहब ठाकरे, कांग्रेस व राकांपा का मुकाबला कर सकती हैं। अनौपचारिक तौर पर इस समझौते का एक छोटा प्रयोग अंधेरी (पूर्व) के उपचुनाव में भी देखा जा सकता है।

    यह भी पढ़ेंः जीएन साईबाबा की रिहाई पर सुप्रीम कोर्ट की रोक पर फडणवीस बोले, आगे कानूनी लड़ाई लड़ेंगे

    यह भी पढ़ेंः ठाणे में आश्रम में पुजारी पर हमला करने वाला गिरफ्तार