Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    तमिलनाडु के मंत्री को भारी पड़ा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा, खफा लोगों ने कीचड़ फेंका; अन्नामलाई ने साझा किया वीडियो

    चक्रवात फेंगल ने तमिलनाडु में भारी तबाही मचाई है। प्रदेश के 14 जिलों में काफी नुकसान हुआ है। कई जिलों में मूसलाधार बारिश का दौर जारी है। सोमवार को मुख्यमंत्री स्टालिन ने धर्मपुरी जिले के चक्रवात प्रभावित इलाकों का दौरा किया। मंगलवार को उनके मंत्री के. पोनमुडी ने विल्लुपुरम जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। मगर यहां उनको लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा।

    By Jagran News Edited By: Ajay Kumar Updated: Tue, 03 Dec 2024 06:23 PM (IST)
    Hero Image
    तमिलनाडु में लोगों ने मंत्री पर कीचड़ फेंका। ( फोटो- @annamalai_k)

    एजेंसी, चेन्नई। तमिलनाडु के कई जिलों में चक्रवाती तूफान फेंगल की वजह से भारी बारिश का दौर जारी है। इस बीच तमिलनाडु के वन मंत्री के. पोनमुडी ने विल्लुपुरम जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। मगर मंत्री जी को यहां लोगों के गुस्से का सामना करना पड़ा। सरकार से खफा लोगों ने मंत्री पर कीचड़ फेंका। तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष के अन्नामलाई ने अपने आधिकाकारिक एक्स अंकाउट पर एक वीडियो भी साझा किया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    जानकारी के मुताबिक विल्लुपुरम जिले के अरासुर में भारी बारिश की वजह से आवश्यक वस्तुओं की कमी हो गई। इससे परेशान लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। मंत्री पर इसी दौरान कीचड़ फेंका गया। घटना के वक्त मंत्री पोनमुडी के साथ पुलिस का बड़ा अमला मौजूद था। वीडियो में मंत्री की सफेद शर्ट पर कीचड़ के छींटे दिख रहे हैं।

    सीएम और डिप्टी सीएम चेन्नई में तस्वीर लेने में व्यस्त: अन्नामलाई

    के. अन्नामलाई ने कहा कि मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री चेन्नई की सड़कों पर तस्वीरें लेने में व्यस्त थे। मगर शहर में बहुत कम बारिश हुई। उन्होंने चेन्नई से आगे नजर रखने की जहमत नहीं उठाई। डीआईपीआर डीएमके की मीडिया शाखा की तरह व्यवहार कर रहा है और बाढ़ की कठोर वास्तविकताओं से लोगों का ध्यान हटाने के लिए गोपालपुरम के वंशज को बढ़ावा देने में व्यस्त है। यह सरकार की उपेक्षा का स्पष्ट संकेत है।

    अन्नामलाई ने आगे लिखा कि आज जनता की हताशा उबाल बिंदु पर पहुंच गई। भ्रष्ट डीएमके मंत्री थिरु पोनमुडी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया। उन्हें कीचड़ की बौछार का सामना करना पड़ा।

    अन्नामलाई ने किया मरक्कनम का दौरा

    के. अन्नामलाई ने बाढ़ प्रभावित मरक्कनम का दौरा किया। भाजपा अध्यक्ष ने मैदानी इलाकों का निरीक्षण किया। उन्होंने नमक क्षेत्र के श्रमिकों से मुलाकात की और उनकी शिकायतें सुनीं। मरक्कनम तमिलनाडु में नमक की खेती का एक बड़ा क्षेत्र है। बाढ़ में करीब 80% नमक बह गया।

    अन्नामलाई ने कहा कि हम मरक्कनम क्षेत्र की बात कर रहे हैं। यहां नमक की खेती बहुत होती है। इस नमक क्षेत्र का करीब 80 फीसद हिस्सा बह गया है और करीब 5,000 लोग अपना रोजगार खो रहे हैं।

    इन जिलों में स्कूल बंद

    चक्रवाती तूफान फेंगल ने शनिवार को कराईकल और महाबलीपुरम के बीच तमिलनाडु में दस्तक दी थी। चक्रवात की वजह से तमिलनाडु के कई जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई। चेन्नई में भी सड़कें उफान पर थीं। नीलगिरी, विल्लुपुरम, कुड्डालोर और पुडुचेरी समेत चार जिलों में मंगलवार को भी स्कूल बंद रहे।

    सीएम स्टालिन ने केंद्र से मांगी मदद

    मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने सोमवार को कहा कि चक्रवात फेंगल ने तमिलनाडु के 14 जिलों में तबाही मचाई है। भारी बारिश से करीब 2.11 लाख हेक्टेयर कृषि भूमि जलमग्न हो गई है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से एनडीआरएफ से 2000 करोड़ रुपये जारी करने का आग्रह किया।

    यह भी पढ़ें: महाराष्ट्र में CM की शपथ से पहले सियासी संग्राम, अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद क्या बोले शिंदे?

    यह भी पढ़ें: 'अगर स्थगन जारी रहा तो रविवार को भी होगी सदन की कार्यवाही', लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने दी सदस्यों को चेतावनी