'लोकतंत्र पर उठेंगे सवाल', संसद और विधानसभाओं में हंगामे पर केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने जताई चिंता
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने संसद और विधानसभाओं को लोकतंत्र का केंद्र बिंदु बताते हुए उनके सुचारू संचालन पर जोर दिया। उन्होंने अखिल भारतीय स्पीकर सम्मेलन में कहा कि यदि विधायिकाएं ठीक से काम नहीं करेंगी तो लोकतंत्र पर सवाल उठेंगे। रिजिजू ने विपक्ष के विरोध के अधिकार का समर्थन किया लेकिन देश के कामकाज में बाधा डालने से इनकार किया।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने रविवार को विधायिका के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि अगर संसद या विधानसभाएं ठीक से काम नहीं करेंगी, तो इससे लोकतंत्र पर ही सवाल उठेंगे। अखिल भारतीय स्पीकर सम्मेलन को संबोधित करते हुए रिजिजू ने संसद और विधानसभाओं को लोकतंत्र का 'केंद्र बिंदु' बताया और कहा कि उनका सुचारू रूप संचालन बेहद जरूरी है।
रिजिजू ने कहा, "संसदीय लोकतंत्र में संसद और विधानसभाएं केंद्र बिंदु होती हैं। अगर संसद और विधानसभाएं ठीक से काम नहीं करेंगी, तो लोकतंत्र पर सवाल उठेंगे। संसद और विधानसभाओं का सक्रिय रूप से संचालन बेहद जरूरी है।"
संसद बहस के लिए होती है- रिजिजू
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि विपक्ष को सरकार के फैसलों पर सवाल उठाने का अधिकार है, लेकिन वे देश के कामकाज में बाधा नहीं डाल सकते। उन्होंने आगे कहा कि संसद बहस के लिए होती है, क्योंकि जब कई खुले विचारों वाले लोग एक साथ बैठते हैं, तो टकराव होना तय है।
विरोध और रुकावट में अंतर- रिजिजू
उन्होंने कहा कि अगर संसद में टकराव नहीं होगा, तो फिर कहां होगा? इतने सारे अलग-अलग विचारों वाले लोग एक साथ आए हैं और टकराव होना तय है। इसका मतलब यह नहीं है कि वे कामकाज में बाधा डालेंगे। मैंने कल कहा था कि विरोध और रुकावट में अंतर है। विरोध करना सदस्यों का अधिकार है, लेकिन वे देश के कामकाज में बाधा नहीं डाल सकते।
अमित शाह ने किया उद्घाटन
दिल्ली विधानसभा में दो दिवसीय सम्मेलन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उद्घाटन के साथ शुरू हुआ। समापन सत्र की अध्यक्षता लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला करेंगे। दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष के मुताबिक, विट्ठलभाई पटेल के जीवन और संसदीय योगदान को समर्पित एक विशेष डाक टिकट जारी किया गया। उनके जीवन वृत्त पर एक प्रदर्शनी और वृत्तचित्र भी प्रदर्शित किया जाएगा।
(समाचार एजेंसी एएनआई के इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें- संसद से बिल पारित होते ही बंद होने लगे ऑनलाइन मनी गेम, राष्ट्रपति की स्वीकृति मिलते ही यह कानून बन जाएगा
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।