यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 08, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
'राहुल ने अपने दावे से किया EC का समर्थन, वो भी मानते हैं SIR जरूरी', 'वोट चोरी' के आरोप पर बोले CM हिमंता
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने राहुल गांधी की वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की आलोचना पर ...और पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा (Himanta Biswa Sarma) ने राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की आलोचना के एक हिस्से का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस नेता ने अपनी टिप्पणियों से SIR का 'अप्रत्यक्ष समर्थन' किया है।
हिमंता बिस्वा सरमा ने जोर देकर कहा कि पूर्वोत्तर राज्य के लिए बांग्लादेशियों के नाम हटाने के लिए SIR जरूरी है।
बता दें कि गुरुवार को दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने दावा किया कि कर्नाटक के महादेवपुरा विधानसभा क्षेत्र में एक लाख से ज्यादा फर्जी वोट, डुप्लिकेट या बल्क वोटर पाए गए, जिनके पते अमान्य थे और फॉर्म 6 का दुरुपयोग करके नए मतदाता बनाए गए थे।
राहुल गांधी ने खुद प्रमाण दिया है कि SIR होना चाहिए- सीएम हिमंता
सीएम हिमंता ने कहा कि राहुल गांधी ने खुद प्रमाण दिया है कि एसआईआर होना चाहिए। आधार नंबर के साथ एक विशिष्ट नाम भी होना चाहिए।
उन्होंने कुछ उत्तर भारतीयों के नाम लिए हैं। असम में, हमारी मतदाता सूची में बांग्लादेशियों के नाम भी हैं। बारपेटा, गुवाहाटी, केरल और दिल्ली में भी यही नाम हैं। यह एक बीमारी है। इसीलिए बिहार में एसआईआर लागू किया जा रहा है।
असम में 'SIR' की जरूरत है- सीएम हिमंता
मुख्यमंत्री ने कहा कि असम की मतदाता सूची में मृत लोगों के नाम भी शामिल हैं। इसीलिए असम में इसकी (SIR) जरूरत है। लंबे समय के बाद, राहुल गांधी ने अप्रत्यक्ष रूप से चुनाव आयोग का समर्थन किया है। उनके दावे से यह साबित होता है कि एसआईआर जरूरी है। मैं इसका स्वागत करता हूं।
राहुल गांधी ने वोट चोरी का किया दावा
बता दें कि लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने बीजेपी और चुनाव आयोग की मिलीभगत से चुनावों में बड़े पैमाने पर क्रिमिनल धोखाधड़ी का दावा किया था।
कांग्रेस नेता ने दावा किया कि महादेवपुरा विधानसभा क्षेत्र में 1,00,250 वोटों की 'वोट चोरी' हुई है, जिसमें 11,965 नकली मतदाता, 40,009 फर्जी और अमान्य पते वाले मतदाता शामिल हैं।
(एजेंसी इनपुट के साथ)
इसे भी पढ़ें: राहुल गांधी के 'वोटचोरी' वाले आरोपों पर क्या बोले शशि थरूर? चुनाव आयोग से कह दी ये बड़ी बात
